रेलवे सिग्नल सिस्टम को निशाना बनाने वाले दो चोर गिरफ्तार, जमालपुर में पुलिया के पानी से मिलीं चोरी की बैटरियां
जमालपुर-दशरथपुर रेलखंड पर रेलवे सिग्नल बैटरियां चुराने वाले दो चोरों को आरपीएफ ने गिरफ्तार किया है। चोरी की गई बैटरियां ...और पढ़ें

जमालपुर आरपीएफ द्वारा गिरफ्तार चोरी के आरोपी और पानी से बरामद की गई रेलवे सिग्नल बैटरियां
HighLights
जमालपुर में रेलवे सिग्नल बैटरियां चुराने वाले दो चोर गिरफ्तार।
चोरी की बैटरियां रेलवे पुलिया के पानी से बरामद की गईं।
आरपीएफ ने छोटू कुमार और बिट्टू कुमार को पकड़ा।
संवाद सहयोगी, जमालपुर (मुंगेर)। मालदा रेल मंडल अंतर्गत जमालपुर-दशरथपुर रेलखंड पर रेलवे सिग्नल सिस्टम को निशाना बनाकर रेल परिचालन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले दो शातिर चोरों को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।
पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर आरपीएफ ने करीब 15 दिन पूर्व सिग्नल बॉक्स से चुराई गई तीनों बैटरियों को रेलवे पुलिया के पानी से बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जमालपुर के छोटी केशोपुर निवासी छोटू कुमार एवं बिट्टू कुमार के रूप में की गई है।
15 दिन पहले बॉक्स संख्या 46 से उड़ाई थीं बैटरियां
आरपीएफ अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, करीब 15 दिन पूर्व दशरथपुर और जमालपुर रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित सिग्नल बॉक्स संख्या 46 से अज्ञात चोरों द्वारा तीन सिग्नल बैटरियां चुरा ली गई थीं। सिग्नल सिस्टम में खराबी और बैटरियों के गायब होने की इस घटना के बाद जमालपुर आरपीएफ पोस्ट में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
मामले की जांच आरपीएफ के एएसआई मोतीलाल को सौंपी गई थी। इस चोरी से न सिर्फ रेलवे संपत्ति का नुकसान हुआ था, बल्कि इस रेलखंड पर चलने वाली ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन पर भी गंभीर खतरा पैदा हो गया था।
पुलिया के पानी में छिपाई थी बैटरियां, आरपीएफ ने ऐसे दबोचा
शुक्रवार को गुप्त सूचना मिलने के बाद एएसआई मोतीलाल, एसआई भवेश कुमार, कांस्टेबल अमित रंजन तथा सीआईबी (CIB) जमालपुर की संयुक्त टीम ने दशरथपुर स्टेशन के पास घेराबंदी कर निगरानी शुरू की।
इसी दौरान संदिग्ध स्थिति में घूम रहे छोटू कुमार और बिट्टू कुमार को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने चोरी की बैटरियों को पुलिस से बचाने के लिए रेलवे पुल के पास बनी पुलिया के पानी में डुबोकर छिपा रखा था।
पुलिस टीम ने दोनों की निशानदेही पर पानी से तीनों बैटरियों को सकुशल बाहर निकाला। सीआईबी इंस्पेक्टर एसके सुधा ने बताया कि दोनों अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद बैटरियों के साथ किऊल स्थित रेलवे न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।