'मेरा वेटिंग रह गया, सीट दें...' जमालपुर रेलवे स्टेशन पर तत्काल टिकट के लिए 24 घंटे लगे रहे, सिर्फ तीन को मिली बर्थ
Tatkal Ticket छठ महापर्व के बाद परदेस लौट रहे लोगों से जमालपुर रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी है, ...और पढ़ें

Tatkal Ticket जमालपुर स्टेशन पर छठ के बाद लौटने वालों की भारी भीड़
HighLights
छठ के बाद जमालपुर स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़।
तत्काल टिकट के लिए 24 घंटे तक संघर्ष, कुछ को मिली बर्थ।
यात्रियों ने सीसीटीवी और अतिरिक्त काउंटर खोलने की मांग की।
संवाद सूत्र, जमालपुर (मुंगेर)। Tatkal Ticket लोक आस्था के महापर्व छठ के चार दिवसीय अनुष्ठान के बाद अब बिहार से परदेस में रह रहे लोगों के पुनः वापस लौटने का सिलसिला शुरू हो गया है। छठ मनाने के लिए अपने घर आए लोग अब रोजी-रोटी और नौकरी के लिए फिर से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता जैसे महानगरों की ओर रुख कर रहे हैं।
इस वजह से जमालपुर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को सुबह से ही भारी भीड़ देखी गई। जो लोग पहले से रिजर्वेशन नहीं करा पाए हैं, उनके लिए अब वापस लौटना एक बड़ी चुनौती बन गया है। तत्काल टिकट पाने के लिए लोग 24-24 घंटे पहले से काउंटर के बाहर कतारों में लगकर संघर्ष कर रहे हैं।
रात भर जागकर किया कतार में इंतजार, केवल तीन को मिला कंफर्म टिकट
मंगलवार को जमालपुर रेलवे स्टेशन पर तत्काल टिकट के लिए रात से ही यात्रियों की कतार लगी हुई थी। धक्का-मुक्की से बचने के लिए यात्रियों ने रात में ही एक सूची बनाकर अपना नंबर लिख लिया था। 24 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद सुबह जब काउंटर खुला, तो पहले नंबर पर मौजूद जिज्ञासा कुमारी एवं मानव कुमार को जमालपुर से आनंद विहार जाने के लिए विक्रमशिला सुपरफास्ट एक्सप्रेस में तत्काल का कंफर्म टिकट मिल गया, जिससे उनके चेहरे खिल उठे।
दूसरे नंबर पर मौजूद सुधा देवी को पटना से मुंबई (सीएसटी) के लिए भी कंफर्म टिकट मिल गया, जिससे उन्होंने राहत की सांस ली। तीसरे नंबर पर जमालपुर से हावड़ा जाने के लिए शहाबुद्दीन को भी कंफर्म टिकट मिल गया। लेकिन खुशी का यह सिलसिला यहीं ठहर गया। चौथे नंबर पर खड़े विजय कुमार ने जैसे ही जमालपुर से हावड़ा के लिए सुपर एक्सप्रेस का टिकट मांगा, उनकी वेटिंग 28 पर पहुंच गई। वहीं, पांचवें नंबर पर यशवंतपुर जाने के लिए प्रिंस कुमार का टिकट सीधा 130 वेटिंग पर चला गया, जिससे दोनों के चेहरे पर मायूसी छा गई।
असामाजिक तत्वों ने फाड़ दी सूची, कैमरा लगाने व दूसरे काउंटर की उठी मांग
तत्काल टिकट की इस मारामारी के बीच जमालपुर स्टेशन पर यात्रियों को व्यवस्थागत कमियों का भी सामना करना पड़ा। कई यात्रियों ने बताया कि उन्होंने बुधवार के तत्काल टिकट के लिए जो सूची बनाई थी, उसे कुछ अवांछित तत्वों ने फाड़ दिया, जिससे विवाद की स्थिति बन गई। यात्रियों ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रेल प्रशासन से तत्काल सूची लगाने वाली जगह पर सीसीटीवी कैमरा लगाने की मांग की है ताकि उपद्रवियों पर नजर रखी जा सके।
इसके साथ ही, रेल यात्री कुंदन कुमार, मुकेश, पंकज और विकास आदि ने मालदा रेल मंडल के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता से मांग की है कि त्योहारों के इस रश के दौरान तत्काल समय में बंद पड़े दूसरे काउंटर को भी खोला जाए, ताकि यात्रियों की लंबी कतार छोटी हो सके और महिलाओं व बुजुर्गों को राहत मिले।
सुरक्षा को लेकर रेलकर्मी अलर्ट, स्पेशल ट्रेनों से मिली राहत
जमालपुर स्टेशन पर उमड़ रही भारी भीड़ के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए रेल प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। स्टेशन अधीक्षक दीपक कुमार, सीएमआई संजीव कुमार गुप्ता और सीआईटी सुमन शर्मा के नेतृत्व में आरपीएफ और जीआरपी के जवान लगातार प्लेटफॉर्म पर गश्त कर रहे हैं। उद्घोषणा केंद्र से यात्रियों से बार-बार अपील की जा रही है कि वे प्लेटफॉर्म पर बनी पीली सुरक्षा रेखा को पार न करें और कतारबद्ध होकर ही ट्रेनों में चढ़ें।
राहत की बात यह है कि पूर्व रेलवे द्वारा चलाई गई स्पेशल ट्रेनों पर यात्रियों का भरोसा बढ़ा है। जमालपुर से हावड़ा के लिए शुरू हुई अनारक्षित स्पेशल ट्रेन (03024) से पहले ही दिन 100 से अधिक यात्रियों ने टिकट लेकर सफर किया, जिससे मुख्य नियमित ट्रेनों पर भीड़ का दबाव थोड़ा कम हुआ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।