विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तस्करी का सेफ रूट बनीं VIP ट्रेनें! जमालपुर में ब्रह्मपुत्र और राजधानी से गांजा बरामद, ₹55 लाख के मादक पदार्थ जब्त

Published: Wed, 14 Oct 2026 06:08 PM (IST)

Railway Drugs Smuggling: जमालपुर रेलखंड पर ट्रेनों के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ है, जहां राजधानी ...और पढ़ें

Railway Drugs Smuggling:  ब्रह्मपुत्र मेल जैसी ट्रेनों से 54.95 लाख रुपये के ड्रग्स जब्त किए गए हैं।

Railway Drugs Smuggling:  ब्रह्मपुत्र मेल जैसी ट्रेनों से 54.95 लाख रुपये के ड्रग्स जब्त किए गए हैं। 

HighLights

  1. जमालपुर रेलखंड पर 54.95 लाख के ड्रग्स जब्त।

  2. ब्रह्मपुत्र मेल, राजधानी एक्सप्रेस से गांजा बरामद।

  3. आरपीएफ, सीआईबी की कड़ी निगरानी और छापेमारी जारी।

संवाद सहयोगी, जमालपुर (मुंगेर)। Railway Drugs Smuggling: यात्रियों को उनकी मंजिल तक सुरक्षित पहुंचाने वाली लंबी दूरी की ट्रेनें अब तस्करों के लिए मादक पदार्थों की खेप ढोने का आसान जरिया बनती जा रही हैं।

जमालपुर से मुंगेर तक रेल पटरियों और स्टेशनों पर कड़ी निगरानी के बावजूद तस्करी के अवैध मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इसमें देश की प्रतिष्ठित ब्रह्मपुत्र मेल जैसी ट्रेनें भी अछूती नहीं हैं।

मंगलवार को इसी ट्रेन से जमालपुर स्टेशन पर 20 किलो 250 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इससे पहले राजधानी एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम ट्रेन से भी गांजे की बड़ी खेप पकड़ी जा चुकी है, जो रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

सुरक्षा एजेंसियां लगातार इस अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए अभियान चला रही हैं, फिर भी तस्कर नए-नए तरीकों से धंधा जारी रखे हुए हैं।

तस्करी का जरिया बनीं लंबी दूरी की ट्रेनें

यात्रियों को सुरक्षित यात्रा कराने वाली ट्रेनें अब तस्करों के निशाने पर हैं। जमालपुर से मुंगेर रेलखंड पर सुरक्षा एजेंसियों की चौकसी के बावजूद तस्कर अवैध ड्रग्स की खेप एक जगह से दूसरी जगह भेजने के लिए ट्रेनों का धड़ल्ले से इस्तेमाल कर रहे हैं।

राजधानी और ब्रह्मपुत्र मेल से पकड़ी जा रही खेप

देश की प्रमुख ट्रेनें भी इस अवैध धंधे से सुरक्षित नहीं हैं। ब्रह्मपुत्र मेल और राजधानी एक्सप्रेस जैसी वीआईपी ट्रेनों से भारी मात्रा में गांजा बरामद होने से यह साफ हो गया है कि तस्कर यात्रियों की भीड़ का फायदा उठाकर अपने नापाक मंसूबों को अंजाम दे रहे हैं।

आरपीएफ और सीआईबी टीमों का कड़ा पहरा

इस अवैध धंधरे को रोकने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और अपराध खुफिया शाखा (CIB) लगातार मुस्तैद है। इंस्पेक्टर सुजीत कुमार यादव और एसके सुधा के नेतृत्व में लगातार ट्रेनों और स्टेशनों पर औचक छापेमारी की जा रही है, जिससे तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।

ब्राउन शुगर और गांजे की बड़ी बरामदगी

केवल गांजा ही नहीं, बल्कि जमालपुर स्टेशन पर पिछले कुछ महीनों में महंगे मादक पदार्थ जैसे ब्राउन शुगर की खेप भी पकड़ी गई है। यह इस बात का प्रमाण है कि इस रूट पर तस्करों का एक बड़ा और संगठित गिरोह सक्रिय रूप से काम कर रहा है।

तस्करों के अंतिम गंतव्य पहुंचना बड़ी चुनौती

सुरक्षाबलों के लिए केवल ट्रेन से खेप बरामद करना ही काफी नहीं है। असली चुनौती इस बात का पता लगाना है कि यह सप्लाई कहां से आ रही थी और इसे किस गिरोह या तस्कर को सौंपा जाना था, ताकि पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश हो सके।

अप्रैल से अक्टूबर के बीच जब्त मादक पदार्थों का कुल आंकड़ा

  • 6 सितंबर: राजधानी एक्सप्रेस से 22 किलो 300 ग्राम गांजा

  • 14 अक्टूबर: ब्रह्मपुत्र मेल से जमालपुर स्टेशन पर 20 किलो 250 ग्राम गांजा

  • 13 अप्रैल: भागलपुर-एसटी एक्सप्रेस से 14 किलो 900 ग्राम गांजा

  • 27 जून: अगरतला-देवघर एक्सप्रेस से 3 किलो 144 ग्राम गांजा

  • 21 अगस्त: जमालपुर स्टेशन से 200 ग्राम ब्राउन शुगर

  • 25 मई व 16 मई: जमालपुर स्टेशन से कुल 46.56 ग्राम ब्राउन शुगर और 99 ग्राम गांजा

  • कुल जब्ती: 7 कार्रवाइयों में कुल 60 किलो 693 ग्राम गांजा और 226.56 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त (कुल अनुमानित मूल्य: लगभग ₹54.95 लाख)।

त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा और सघन जांच 

आगामी त्योहारों और पर्व-त्योहार की भीड़ को देखते हुए रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी कर दी गई है। डॉग स्क्वॉड और विशेष निगरानी टीमों को भी तैनात किया गया है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को तुरंत रोका जा सके।

यात्रियों की सहभागिता पुलिस की अपील

रेलवे प्रशासन लगातार यात्रियों से अपील कर रहा है कि यदि उन्हें सफर के दौरान ट्रेन या स्टेशन पर कोई भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई दे, तो तुरंत सुरक्षाकर्मियों या रेलवे हेल्पलाइन पर इसकी सूचना दें, ताकि असामाजिक तत्वों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।

यह भी पढ़ें- मुंगेर में शराब केस की FIR में हेरफेर, 8 पुलिसकर्मी और चौकीदार सस्पेंड; SP ने लिया एक्शन

यह भी पढ़ें- शराब पार्टी के दौरान किचन से पिस्टल निकाल की फायरिंग; मुंगेर में शराब पार्टी के दौरान रेल कर्मी घायल; आरोपी फरार