कोहरे के कारण मालदा-नई दिल्ली समेत छह ट्रेनें लंबी अवधि के लिए रद, गरीब रथ एक्सप्रेस भी सप्ताह में एक दिन नहीं चलेगी
घने कोहरे के कारण पूर्व मध्य रेलवे ने मालदा-नई दिल्ली और कामाख्या-गया एक्सप्रेस सहित छह ट्रेनों को लंबी अवधि के लिए रद्द कर दिया है। गरीब रथ एक्सप्रेस भी सप्ताह में एक दिन रद्द रहेगी, जिससे मुंगेर और बिहार के यात्रियों को असुविधा होगी।

मालदा टाउन-नई दिल्ली एक्सप्रेस
HighLights
घने कोहरे के कारण छह प्रमुख ट्रेनें लंबी अवधि के लिए रद्द।
मालदा-नई दिल्ली, कामाख्या-गया एक्सप्रेस पूरी तरह से रद्द रहेंगी।
आनंद विहार-भागलपुर गरीब रथ सप्ताह में एक दिन नहीं चलेगी।
संवाददाता, जागरण, मुंगेर। सर्दी के मौसम में घने कोहरे का असर अब रेल परिचालन पर स्पष्ट रूप से दिखने लगा है। सुरक्षित और सुचारू रेल परिचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रेलवे ने मालदा, भागलपुर, गया और कामाख्या से चलने वाली छह प्रमुख ट्रेनों को अलग-अलग अवधि में रद करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में पूर्व मध्य रेलवे की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है।
रेलवे के इस फैसले के तहत मालदा टाउन-नई दिल्ली एक्सप्रेस और कामाख्या-गया एक्सप्रेस का परिचालन लंबी अवधि तक पूरी तरह बंद रहेगा, जबकि आनंद विहार-भागलपुर और भागलपुर-आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस सप्ताह में एक दिन रद रहेगी।
लंबी अवधि तक रद रहने वाली प्रमुख ट्रेनें
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, बिहार से दिल्ली और पूर्वोत्तर के बीच चलने वाली चार ट्रेनों को दिसंबर 2026 से फरवरी-मार्च 2027 तक रद रखा जाएगा। इन ट्रेनों के बंद रहने से बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों के बीच रेल संपर्क तथा दिल्ली जाने वाले यात्रियों की आवाजाही पर सीधा असर पड़ेगा।
25 फरवरी तक अप-डाउन में सप्ताह में एक-एक दिन रद रहेगी गरीब रथ
भागलपुर और आनंद विहार के बीच चलने वाली लोकप्रिय गरीब रथ एक्सप्रेस का परिचालन भी कोहरे के कारण आंशिक रूप से रद किया गया है। ट्रेन संख्या 22406 आनंद विहार-भागलपुर गरीब रथ प्रत्येक बुधवार और ट्रेन संख्या 22405 भागलपुर-आनंद विहार गरीब रथ प्रत्येक गुरुवार को नहीं चलेगी।
| ट्रेन संख्या | ट्रेन का नाम | परिचालन रद रहने की अवधि | स्थिति |
| 14003 | मालदा टाउन-नई दिल्ली एक्सप्रेस | 05 दिसंबर 2026 से 02 मार्च 2027 तक | पूर्णतः रद |
| 14004 | नई दिल्ली-मालदा टाउन एक्सप्रेस | 03 दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक | पूर्णतः रद |
| 15620 | कामाख्या-गया एक्सप्रेस | 07 दिसंबर 2026 से 22 फरवरी 2027 तक | पूर्णतः रद |
| 15619 | गया-कामाख्या एक्सप्रेस | 08 दिसंबर 2026 से 23 फरवरी 2027 तक | पूर्णतः रद |
| 22406 | आनंद विहार-भागलपुर गरीब रथ | 02 दिसंबर 2026 से 24 फरवरी 2027 तक | प्रत्येक बुधवार रद |
| 22405 | भागलपुर-आनंद विहार गरीब रथ | 03 दिसंबर 2026 से 25 फरवरी 2027 तक | प्रत्येक गुरुवार रद |
मुंगेर, जमालपुर और भागलपुर के यात्रियों की बढ़ेंगी मुश्किलें
रेलवे के इस निर्णय से मुंगेर, जमालपुर, लखीसराय और भागलपुर क्षेत्र के यात्रियों की पूर्व निर्धारित यात्रा योजनाएं प्रभावित होंगी। खासकर राजधानी दिल्ली की ओर नियमित रूप से सफर करने वाले यात्रियों को अब वैकल्पिक ट्रेनों का सहारा लेना पड़ेगा, जिससे अन्य ट्रेनों में टिकटों की मारामारी और भीड़ बढ़ने की आशंका है।
यह भी पढ़ें- JNU से PhD और फिर छोड़ दी लेक्चरर की नौकरी! मुंगेर के राकेश रंजन ने BPSC में लहराया परचम, बने सांख्यिकी अधिकारी