विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कट्टे के बाद अब नकली सिगरेट का नया गढ़ बन रहा मुंगेर! दूसरे राज्यों तक फैला काला नेटवर्क

Published: Sat, 14 Nov 2026 12:59 PM (IST)

मुंगेर, जो कभी अवैध हथियारों के लिए जाना जाता था, अब नकली सिगरेट के काले कारोबार का नया गढ़ बन ...और पढ़ें

नकली सिगरेट का नया गढ़ बन रहा मुंगेर (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

नकली सिगरेट का नया गढ़ बन रहा मुंगेर (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. मुंगेर अब नकली सिगरेट के अवैध कारोबार का गढ़।

  2. पुलिस छापेमारी के बावजूद कारोबारियों पर नहीं पड़ रहा असर।

  3. एसपी ने अवैध कमाई से बनी संपत्ति की जांच के आदेश दिए।

संवाद सहयोगी, मुंगेर। कभी अवैध हथियार निर्माण के लिए मशहुर मुंगेर में अब नकली सिगरेट का काला कारोबार तेजी से जड़ें जमा रहा है। शहर में एक के बाद एक गोदाम और अवैध निर्माण के ठिकाने उजागर हो रहे हैं, लेकिन छापेमारी का असर कारोबारियों पर बेअसर दिख रहा है। 

पुलिस एक ठिकाने पर कार्रवाई करती है तो दूसरे इलाके में धंधा पनपने की चर्चा सामने आने लगती है। ऐसे में सवाल है कि आखिर इस अवैध साम्राज्य को चला कौन रहा है और कार्रवाई के बाद भी इसका नेटवर्क कैसे सक्रिय है। 

पूरबसराय, वासुदेवपुर, मुफस्सिल और कोतवाली थाना क्षेत्रों में नकली सिगरेट के कारोबार का खुलासा हो चुका है। दिलावरपुर, शादीपुर, नया गांव, मुबारकचक, सुजावलपुर और चुरंबा समेत कई इलाकों में भी अवैध ठिकानों पर कार्रवाई हुई है। अलग-अलग स्थानों से गोदाम और निर्माण से जुड़े साक्ष्य मिलने के बावजूद कारोबार पर निर्णायक चोट नहीं पहुंच सकी है। 

अब तक की कार्रवाई में छोटे कारोबारी और ठिकाने सामने आए हैं, लेकिन पूरे नेटवर्क के संचालकों तक पुलिस की पहुंच सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। सूत्रों के अनुसार, नकली सिगरेट की खेप मुंगेर से बाहर खपाने के लिए श्रीकृष्ण सेतु और ट्रेन के रास्ते का इस्तेमाल किए जाने की चर्चा है। 

पड़ोसी जिलों व राज्यों के बाजारों तक इसकी आपूर्ति की बात भी सामने आ रही है। यदि ऐसा है तो सवाल उठना लाजिमी है कि इतनी बड़ी खेप की आवाजाही पर निगरानी तंत्र की नजर क्यों नहीं पड़ रही है। हालांकि, इस कथित सप्लाई नेटवर्क की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

अवैध कमाई से बनी संपत्ति पर पुलिस की नजर

एसपी सैयद इमरान मसूद ने स्पष्ट किया है कि नकली सिगरेट के निर्माण और बिक्री के मामले में जेल जा चुके या आरोपित बनाए गए लोगों की संपत्ति की जांच कराई जाएगी। यह पता लगाया जाएगा कि कहीं संपत्ति अवैध कारोबार की कमाई से तो नहीं बनाई गई है। इस पहल से कारोबारियों के आर्थिक नेटवर्क पर शिकंजा कसने की उम्मीद है। 

अब देखना है कि पुलिस की कार्रवाई गोदामों और छोटे कारोबारियों तक सीमित रहती है या इस काले कारोबार के बड़े खिलाड़ियों और असली सरगना तक भी पहुंचती है।

जहरीले धुएं से फेफड़े और दिल को खतरा

सदर अस्पताल के चिकित्सक डा. हर्षवर्धन के अनुसार नकली सिगरेट में विषैले रसायन, हानिकारक पदार्थ और भारी धातुएं हो सकती हैं। इनके धुएं से फेफड़ों को गंभीर नुकसान पहुंचता है और सांस संबंधी क्रोनिक बीमारियों का खतरा बढ़ता है। इनमें मौजूद कैंसरकारी तत्व मुंह, गले और फेफड़ों के कैंसर की आशंका बढ़ा सकते हैं। 

जहरीले रसायन हृदय की धड़कन और रक्तचाप को भी प्रभावित कर सकते हैं, जिससे हार्ट अटैक का जोखिम बढ़ता है। लोगों को ऐसी सिगरेट के सेवन से पूरी तरह बचना चाहिए।

यह भी पढ़ें- दंपती के झगड़े का खौफनाक अंत; मुंगेर में रेलकर्मी ने पत्नी की चाकू से गला रेतकर की हत्या, श्रीनिका व इशिका के सिर से उठा मां का साया


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।