मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर पलटी बरातियों की गाड़ी, 8 जख्मी; चार की हालत गंभीर
मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर बारात से लौट रही एक गाड़ी अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई, जिससे आठ लोग जख्मी हो गए।

अस्पताल में घायलों का चल रहा इलाज। (जागरण)
HighLights
बारात से लौट रही गाड़ी गड्ढे में पलट गई।
मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर हुआ यह हादसा।
चालक की झपकी बनी हादसे की मुख्य वजह।
संवाद सहयोगी, मुंगेर। मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर रफ्तार और लापरवाही ने बरातियों की खुशियों को मातम में बदल दिया।
शनिवार की सुबह चार बजे कमरगंज के समीप शनिवार को बारात से लौट रही गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में आठ लोग जख्मी हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
चालक की झपकी बनी हादसे की वजह
स्वजन के अनुसार, सफियासराय थाना क्षेत्र के फरदा गांव से बारात सुलतानगंज के मकनपुर गई थी। शादी समारोह संपन्न होने के बाद सभी लोग गाड़ी से वापस घर लौट रहे थे।
इसी दौरान मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन पर कमरगंज के समीप अचानक चालक की आंख झपक गई। देखते ही देखते गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।
गाड़ी पलटते ही उसमें सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में जुट गए।
गंभीर घायलों को आईसीयू में रखा गया
हादसे में फरदा निवासी सुनील राय के पुत्र अमन कुमार (26), गुड़िया देवी के पुत्र अविनाश कुमार (25), बाल्मीकि यादव के पुत्र अशोक यादव (45), दिवाकर राय के पुत्र बादल कुमार (24), अनिल राय के पुत्र शिवम कुमार (22), निलेश कुमार के पुत्र आदित्य कुमार (15) और नया रामनगर थाना क्षेत्र के गढ़ी रामपुर निवासी नवीन चौधरी के पुत्र पियुष कुमार (15) समेत आठ लोग जख्मी हुए।
सदर अस्पताल में घायलों का इलाज किया गया। चिकित्सक डॉ. फैज उद्दीन ने बताया कि चार घायलों की स्थिति गंभीर है। उन्हें आईसीयू में भर्ती कर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
हादसे की खबर मिलते ही घायलों के स्वजन अस्पताल पहुंच गए। शादी की खुशियां मनाकर लौट रहे परिवारों में हादसे के बाद अफरातफरी और चिंता का माहौल है।
यह भी पढ़ें- भागलपुर-मुंगेर मरीन ड्राइव पर बड़ा अपडेट: दो हिस्सों में बनेगी एलिवेटेड व सामान्य सड़क, HFL से 1.8 मीटर ऊंचा होगा तल