भागलपुर-मुंगेर मरीन ड्राइव पर बड़ा अपडेट: दो हिस्सों में बनेगी एलिवेटेड व सामान्य सड़क, HFL से 1.8 मीटर ऊंचा होगा तल
Bhagalpur Munger Ganga Path Marine Drive : भागलपुर-मुंगेर गंगा पथ (मरीन ड्राइव) परियोजना को सैद्धांतिक अनापत्ति प्रमाण-पत्र मिल गया है, जिससे 83.189 किमी लंबे चार लेन सड़क के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। यह महत्वाकांक्षी परियोजना, जिसमें 729 एकड़ भूमि अधिग्रहण शामिल है।

Bhagalpur Munger Ganga Path Marine Drive : भागलपुर से मुंगेर के बीच गंगा किनारे 83.189 किलोमीटर लंबे फोरलेन मरीन ड्राइव (गंगा पथ) । प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
गंगा पथ निर्माण को सैद्धांतिक अनापत्ति प्रमाण-पत्र मिला।
83.189 किमी लंबा चार लेन गंगा पथ बनेगा।
बाढ़ और कटाव से सुरक्षा के लिए बांध भी बनेगा।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। भागलपुर से मुंगेर के बीच गंगा किनारे प्रस्तावित मरीन ड्राइव (गंगा पथ) के निर्माण की दिशा में एक बड़ी और निर्णायक पहल हुई है। करीब 83.189 किलोमीटर लंबे इस चार लेन गंगा पथ के निर्माण का रास्ता अब साफ होने लगा है।
जल संसाधन विभाग ने बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीएसआरडीसीएल) को शर्तों के साथ अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) जारी करने की सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।
पांच अंचलों में 729 एकड़ जमीन की होगी खरीद, सर्वे का काम पूरा
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए पांच अंचलों में करीब 729 एकड़ जमीन की खरीद की जानी है। ललित नारायण मिश्र आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान ने भूमि से संबंधित सर्वे का कार्य पूरा कर लिया है। विभाग को सर्वे रिपोर्ट प्राप्त होने और जनसुनवाई के बाद भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इसके तहत सबौर, जगदीशपुर, नाथनगर, नारायणपुर और सुल्तानगंज अंचल में जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा।
परियोजना के तहत गंगा किनारे सड़क के साथ बांध का भी निर्माण किया जाएगा, जिससे एक ओर जहां आवागमन सुगम होगा, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र को बाढ़ और नदी कटाव की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी। जल संसाधन विभाग ने स्पष्ट शर्त रखी है कि निर्माण के दौरान गंगा की प्राकृतिक धारा किसी भी परिस्थिति में अवरुद्ध नहीं होनी चाहिए और सड़क का तल उच्चतम बाढ़ स्तर (एचएफएल) से 1.80 मीटर ऊंचा रखना अनिवार्य होगा।
हाइब्रिड एन्युइटी मॉडल पर दो हिस्सों में बनेगा गंगा पथ
परियोजना का निर्माण हाइब्रिड एन्युइटी मॉडल के तहत दो हिस्सों में प्रस्तावित है:
पहला हिस्सा (41.258 किमी): यह खंड सुल्तानगंज-भागलपुर-सबौर सड़क को जोड़ेगा। इसमें 30.698 किलोमीटर सामान्य सड़क और 10.56 किलोमीटर एलिवेटेड सड़क का निर्माण होगा।
दूसरा हिस्सा (41.931 किमी): यह खंड मुंगेर के सफियाबाद से बरियारपुर और घोरघट होते हुए सुल्तानगंज तक बनेगा। इसमें 30.051 किलोमीटर सामान्य और 11.88 किलोमीटर एलिवेटेड सड़क प्रस्तावित है।
ट्रिपल आइटी और ममलखा गांव के पास कटाव से बचाव के विशेष निर्देश
जल संसाधन विभाग ने भागलपुर स्थित ट्रिपल आइटी (IIIT) के सामने और ममलखा गांव के पास नदी कटाव की आशंका को देखते हुए विशेष सुरक्षा उपाय करने की शर्त रखी है। संयुक्त निरीक्षण के आधार पर कुछ संवेदनशील स्थानों पर सामान्य सड़क के बजाय एलिवेटेड सड़क बनाने का भी निर्देश दिया गया है।
इस परियोजना के पूरा होने पर भागलपुर, सुल्तानगंज, सबौर और मुंगेर के बीच सड़क संपर्क बेहद मजबूत हो जाएगा। हालांकि, अभी एनओसी की सैद्धांतिक मंजूरी मिली है और भूमि अधिग्रहण समेत तकनीकी व प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य धरातल पर उतरेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।