258 करोड़ रुपये से संवरेंगी भागलपुर की 35 सड़कें, सात साल तक नहीं दिखेंगे गड्ढे, दो एजेंसियों को सौंपा गया कार्य
Bhagalpur Road Maintenance OPRMC 257 Crore 35 Roads Repair List: भागलपुर में 257.73 करोड़ रुपये की लागत से 35 प्रमुख सड़कों की मरम्मत और रखरखाव का कार्य दो एजेंसियों को सौंपा गया है। ओपीआरएमसी योजना के तहत ये सड़कें अगले सात साल तक गड्ढा मुक्त रहेंगी और नई जैसी स्थिति में बनी रहेंगी।

Bhagalpur Road Maintenance OPRMC 257 Crore 35 Roads Repair List: सड़क खराब होने पर नए सिरे से होगा निर्माण!
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur Road Maintenance OPRMC 257 Crore 35 Roads Repair List: जिलेवासियों को अब अगले सात साल तक खराब और गड्ढों वाली सड़कों पर सफर नहीं करना पड़ेगा। जिले की करीब 90 प्रतिशत सड़कों की सूरत संवारने के लिए पथ निर्माण विभाग ने अपनी 35 प्रमुख सड़कों के निर्माण, मरम्मत और रखरखाव की जिम्मेदारी दो एजेंसियों को सौंप दी है।
इस महत्वाकांक्षी योजना पर विभाग कुल 257.73 करोड़ रुपये खर्च करेगा। ओपीआरएमसी (ऑपरेशन एंड परफॉर्मेंस बेस्ड रोड मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट) योजना के तहत चयनित एजेंसियों को निर्धारित सात वर्ष की अवधि तक सड़कों को नई सड़क जैसी स्थिति में बनाए रखना होगा।
गड्ढा होते ही होगी मरम्मत, जर्जर होने पर बनेगी नई सड़क
नई व्यवस्था के तहत सड़क पर कहीं भी गड्ढा या अन्य कोई गड़बड़ी मिलने पर संबंधित एजेंसी को तत्काल मरम्मत करानी होगी। यदि कोई सड़क मरम्मत के लायक नहीं रहती है, तो एजेंसी को उसका नए सिरे से निर्माण भी कराना होगा। इस व्यवस्था का सबसे बड़ा लाभ यह है कि अब सड़कों की मरम्मत के लिए बार-बार कार्ययोजना बनाने, विभागीय स्वीकृति लेने और टेंडर प्रक्रिया का इंतजार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
पहले टेंडर और स्वीकृति के फेर में काम वर्षों तक अटका रहता था। अब संबंधित एजेंसी ही सात साल तक सड़क की गुणवत्ता संभालेगी और इसके लिए मरम्मत व निर्माण की कोई ऊपरी सीमा नहीं रखी गई है।
दो पैकेज में बंटी 35 सड़कें, दोनों एजेंसियों ने शुरू किया काम
पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता अमित कुमार ने बताया कि भागलपुर जिले की चिह्नित 35 सड़कों के लिए दो एजेंसियों का चयन कर उन्हें कार्य सौंप दिया गया है और दोनों ने प्रारंभिक कार्य भी शुरू कर दिया है। इसके तहत एक एजेंसी को 17 और दूसरी को 18 सड़कों की जिम्मेदारी दी गई है।
कुल 257.73 करोड़ रुपये की राशि में से पैकेज-1 के लिए 131.78 करोड़ रुपये और पैकेज-2 के लिए 125.95 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। उल्लेखनीय है कि भागलपुर में यह तीसरी बार है जब ओपीआरएमसी के तहत दीर्घकालिक ठेका दिया गया है; इससे पहले पहली बार पांच साल और दूसरी बार आठ साल के लिए यह व्यवस्था लागू की गई थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।