उत्तर व दक्षिण बिहार के बीच सीधा संपर्क : अजगैवीनाथ-अगुवानी पुल निर्माण ने पकड़ी रफ्तार, रेलवे लाइन पर गर्डर लॉन्चिंग
Ajgaivinath Dham Aguwani Ganga Bridge Construction : छठ महापर्व के बाद और गंगा का जलस्तर घटने के साथ ही अजगैवीनाथ धाम-अगुवानी फोरलेन पुल का निर्माण कार्य तेज हो गया है। यह महत्वाकांक्षी परियोजना नवंबर 2027 तक पूरी होने का लक्ष्य है, जिससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सीधा सड़क संपर्क मजबूत होगा।

Ajgaivinath Dham Aguwani Ganga Bridge Construction : गंगा का जलस्तर घटते ही अजगैवीनाथ धाम-अगुवानी फोरलेन पुल निर्माण में आई तेजी
HighLights
अजगैवीनाथ-अगुवानी फोरलेन पुल निर्माण कार्य ने पकड़ी रफ्तार।
गंगा में पाया-11 पर सफाई, रेलवे गर्डर लॉन्चिंग को मंजूरी।
नवंबर 2027 तक पूरा होगा, बिहार की कनेक्टिविटी सुधरेगी।
संवाद सूत्र, अजगैवीनाथ धाम (भागलपुर)। Ajgaivinath Dham Aguwani Ganga Bridge Construction : उत्तरवाहिनी गंगा पर निर्माणाधीन अजगैवीनाथ धाम-अगुवानी फोरलेन पुल के निर्माण कार्य ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। छठ महापर्व संपन्न होने और गंगा का जलस्तर घटने के साथ ही निर्माण एजेंसी ने सभी कार्यस्थलों पर अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। कार्यस्थल पर भारी मशीनों और मजदूरों की संख्या बढ़ाकर निर्धारित समय-सीमा के भीतर इस महत्वाकांक्षी परियोजना को पूरा करने पर पूरा जोर दिया जा रहा है।
बीच गंगा में पाया-11 पर सफाई शुरू, 250 मजदूर जुटे
निर्माण स्थल से मिली जानकारी के अनुसार, बीच गंगा में पाया संख्या 11 पर साफ-सफाई का काम शुरू कर दिया गया है। इंजीनियरों के अनुसार, गंगा के जलस्तर में एक मीटर और कमी आते ही पाया संख्या 10 और 12 पर भी निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त पाया संख्या पी-2ए, पी-3ए और पी-4ए पर वेलकूप (Well Curb) निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। वर्तमान में पुल और एप्रोच पथ के निर्माण कार्य में करीब 250 मजदूर लगाए गए हैं।
रेलवे लाइन के ऊपर गर्डर लॉन्चिंग को मिली स्वीकृति
इधर, एप्रोच पथ के प्रोजेक्ट मैनेजर मृत्युंजय प्रताप राव ने बताया कि परियोजना के तहत रेलवे लाइन के ऊपर गर्डर लॉन्चिंग के कार्य की आधिकारिक स्वीकृति मिल गई है। स्वीकृति मिलने के साथ ही इसकी प्रारंभिक तकनीकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही गर्डर लगाने का काम धरातल पर शुरू कर दिया जाएगा। वर्षों से इस पुल के चालू होने की प्रतीक्षा कर रहे आम लोगों की उम्मीदें अब एक बार फिर बढ़ने लगी हैं।
नवंबर 2027 का लक्ष्य, उत्तर-दक्षिण बिहार का संपर्क होगा मजबूत
परियोजना की प्रगति को लेकर विभागीय स्तर पर भी निर्माण कार्य की निगरानी तेज कर दी गई है। इस पूरे प्रोजेक्ट को नवंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस फोरलेन महासेतु के चालू हो जाने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सीधा सड़क संपर्क बेहद मजबूत हो जाएगा। इससे न केवल आम यात्रियों का आवागमन सुगम होगा और समय की बचत होगी, बल्कि पूरे क्षेत्र में व्यापारिक और परिवहन गतिविधियों को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।