छठ के बाद मुंगेर से परदेश लौटना हुआ मुश्किल: विक्रमशिला-ब्रह्मपुत्र मेल में 'नो रूम', गरीब रथ में 492 तक वेटिंग
छठ महापर्व के बाद मुंगेर से परदेस लौटने वाले यात्रियों को ट्रेन टिकटों की भारी किल्लत का सामना करना पड़ ...और पढ़ें

जमालपुर स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ (सौ. जागरण)
HighLights
छठ के बाद परदेस लौटने वालों को टिकट संकट।
विक्रमशिला, ब्रह्मपुत्र मेल में 'नो रूम' की स्थिति।
गरीब रथ में प्रतीक्षा सूची 492 तक पहुंची।
संवाद सूत्र, जमालपुर (मुंगेर)। छठ महापर्व संपन्न होते ही परदेस लौटने वालों के सामने रेल यात्रा बड़ी चुनौती बन गई है। घर में पर्व मनाकर रोजी-रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में लौटने की तैयारी कर रहे लोगों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है। भागलपुर-जमालपुर-किऊल रेलखंड से गुजरने वाली लंबी दूरी की प्रमुख ट्रेनों में सीटों का संकट गहरा गया है।
विक्रमशिला एक्सप्रेस और ब्रह्मपुत्र मेल में नो रूम और रिग्रेट की स्थिति है तो गरीब रथ में प्रतीक्षा सूची 492 तक पहुंच गई है। स्लीपर से लेकर एसी श्रेणी तक में सीटों के लिए मारामारी है। 25 नवंबर तक कई ट्रेनों में लंबी वेटिंग बनी हुई है।
छठ के बाद सोमवार से ही दिल्ली, मुंबई, सूरत, हावड़ा और अन्य शहरों की ओर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। समय पर काम पर पहुंचने की चिंता के बीच टिकट नहीं मिलने से यात्रियों की परेशानी बढ़ रही है।
रेलवे ने अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू किया है, लेकिन इन ट्रेनों में भी सीटें तेजी से भर रही हैं। नियमित ट्रेनों के साथ स्पेशल ट्रेनों में भी कन्फर्म टिकट नहीं मिलने से यात्रियों की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं।
विक्रमशिला और ब्रह्मपुत्र मेल में नो रूम
भागलपुर-आनंद विहार 12367 अप विक्रमशिला सुपरफास्ट एक्सप्रेस में 19 नवंबर को एसी में 361 वेटिंग है, जबकि स्लीपर में नो रूम है। 20 और 21 नवंबर को एसी में रिग्रेट की स्थिति है। 22 नवंबर को एसी में 284 और स्लीपर में 189 वेटिंग है। 25 नवंबर को एसी में 166 वेटिंग के साथ स्लीपर में रिग्रेट है।
वहीं, 15658 अप कामाख्या-दिल्ली ब्रह्मपुत्र मेल में 19 से 21 नवंबर तक एसी और स्लीपर दोनों श्रेणियों में रिग्रेट है। 22 नवंबर को एसी में 54 वेटिंग है, जबकि स्लीपर में रिग्रेट है। 25 नवंबर को भी एसी में 59 वेटिंग और स्लीपर में रिग्रेट है।
मुंबई और सूरत की ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची
भागलपुर-आनंद विहार 22405 गरीब रथ एक्सप्रेस में 19 नवंबर को 492, 21 नवंबर को 461 और 24 नवंबर को 317 वेटिंग है। भागलपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनल 12335 एक्सप्रेस में 20 नवंबर को एसी में 332 और स्लीपर में 216 वेटिंग है। 22 नवंबर को एसी में 314 वेटिंग के साथ स्लीपर में रिग्रेट है।
भागलपुर-सूरत 22948 एक्सप्रेस में 19 नवंबर को एसी में 170 वेटिंग और स्लीपर में रिग्रेट है। 23 नवंबर को एसी की प्रतीक्षा सूची 193 पहुंच गई है। मालदा-आनंद विहार 14004 न्यू फरक्का एक्सप्रेस में भी 21 नवंबर को एसी में 150 और स्लीपर में 149 वेटिंग है। 24 नवंबर को दोनों श्रेणियों में क्रमश: 79 और 116 वेटिंग बनी हुई है।
सुपर और स्पेशल से भी राहत नहीं
जमालपुर-हावड़ा 13072 सुपर एक्सप्रेस में 19 नवंबर को एसी में रिग्रेट और स्लीपर में 237 वेटिंग है। 20 नवंबर को एसी में 102 और स्लीपर में 200 वेटिंग है। 21 नवंबर को एसी में रिग्रेट और स्लीपर में 164 वेटिंग है।
वहीं, 04061 भागलपुर-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन में 19 नवंबर को एसी में 101 और स्लीपर में 284 वेटिंग है। 20 नवंबर को क्रमश: 67 और 162 तथा 21 नवंबर को 92 और 194 वेटिंग है। 25 नवंबर को भी एसी में 31 और स्लीपर में 123 वेटिंग बनी हुई है।
भीड़ नियंत्रण को पूरी तरह हैं चौकस
यात्रियों की बढ़ती भीड़ और शादी-विवाह के मौसम को देखते हुए जमालपुर स्टेशन पर रेल अधिकारी और सुरक्षा बल सतर्क हैं। स्टेशन अधीक्षक दीपक कुमार, सीएमआई संजीव कुमार गुप्ता, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक पंकज कुमार, आरपीएफ पोस्ट इंचार्ज सुजीत कुमार यादव और प्रशांत भट्टाचार्य पुलिस बल के साथ प्लेटफार्म पर निगरानी कर रहे हैं।
यात्रियों को पीली रेखा पार नहीं करने, बोगियों के प्रवेश द्वार पर भीड़ नहीं लगाने और चलती ट्रेन में लटककर सफर नहीं करने की हिदायत दी जा रही है, ताकि किसी अप्रिय घटना या भगदड़ की स्थिति से बचा जा सके।
अतिरिक्त ट्रेनों और कोच की जरूरत
छठ के बाद यात्रियों की भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों के परिचालन और प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने की जरूरत है। यात्रियों का कहना है कि त्योहारों के बाद हर साल यही स्थिति बनती है। रेलवे को भीड़ के अनुरूप व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि रोजी-रोजगार के लिए लौटने वालों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी नहीं हो।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।