विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ब‍िहार में 5 दिन साफ रहेगा मौसम, धान कटाई में न करें देरी; कृषि विज्ञानी ने दी मक्का, मसूर और सरसों की बोआई की सलाह

Published: Wed, 11 Nov 2026 02:26 PM (IST)

Weather Rabi Crops Sowing Advisory: मुंगेर में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क और साफ रहने का अनुमान है, जो ...और पढ़ें

Weather Rabi Crops Sowing Advisory: धान की फसल।

Weather Rabi Crops Sowing Advisory: धान की फसल।

HighLights

  1. मुंगेर में पांच दिन साफ रहेगा मौसम, तापमान संतुलित।

  2. पकी धान की फसल तुरंत काटें, रबी की बोआई करें।

  3. मवेशियों को ठंड से बचाएं, स्वच्छ बाड़े में रखें।

जागरण संवाददाता, मुंगेर। Weather Rabi Crops Sowing Advisory: मुंगेर जिले में खरीफ फसलों की कटाई और रबी की बोआई को लेकर मौसम पूरी तरह अनुकूल बना हुआ है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार जिले में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क और आसमान साफ रहने का अनुमान है। ऐसे में किसानों के लिए पकी धान की फसल समेटने, गहाई (थ्रेशिंग) पूरी करने और खाली हो रहे खेतों में रबी फसलों की समय पर बोआई करने का यह स्वर्णिम अवसर है।

कृषि विज्ञानी प्रो. मुकेश कुमार ने किसानों को पकी धान की फसल अविलंब काटने की तकनीकी सलाह दी है। उन्होंने आगाह किया कि खेत में ज्यादा समय तक फसल छोड़ने से बालियों से दाने अपने आप जमीन पर झड़ने लगते हैं, जिससे प्रति एकड़ पैदावार में सीधा नुकसान होता है।

11 से 15 नवंबर तक खिली रहेगी धूप, तापमान रहेगा संतुलित

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मध्यावधि पूर्वानुमान के अनुसार, मुंगेर में 11 से 15 नवंबर तक अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने की संभावना है। वातावरण में दिन के समय अच्छी धूप रहेगी और रात के समय हल्की ठंडक का अहसास होगा। प्रो. मुकेश कुमार ने बताया कि इस समय खेतों में प्राकृतिक नमी मौजूद है। यदि किसान इस मौसम का सही उपयोग करते हुए तुरंत खेत तैयार कर लें, तो रबी फसलों का अंकुरण शत-प्रतिशत और बेहतर होगा।

मक्का, मसूर और सरसों की उन्नत किस्मों से करें बोआई

कृषि वैज्ञानिक ने खाली हो चुके खेतों में दलहन, तिलहन और मोटे अनाजों की समयबद्ध बोआई पर विशेष बल दिया है। उन्होंने किसानों को उन्नत किस्मों का चयन करने का निर्देश देते हुए कहा कि रबी मक्का में शक्तिमान किस्म, मसूर में मलिका और सरसों में आरएएच-749 (RAH-749) का चयन करें। ये किस्में कम लागत में बेहतर रोग प्रतिरोधक क्षमता और बंपर उत्पादन देने में सक्षम हैं। इसके साथ ही सब्जी उत्पादक किसानों को आलू की खेती तुरंत शुरू करने को कहा गया है। समय पर की गई बोआई से फसल में कीटों और बीमारियों का प्रकोप बेहद कम रहता है।

ठंड से मवेशियों का बचाव जरूरी, पशुपालकों के लिए हिदायत

मौसम में धीरे-धीरे बढ़ रही ठंडक को देखते हुए प्रो. कुमार ने पशुपालकों को भी सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि मौसम में आ रहे बदलाव से दुधारू पशुओं में मौसमी बुखार और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए मवेशियों को खुले में बांधने के बजाय हमेशा स्वच्छ, सूखे और हवादार बाड़े में रखें। बाड़े के फर्श पर पुआल या सूखी घास बिछाएं, ताकि पशु जमीन की ठंड से सुरक्षित रहें।

यह भी पढ़ें- मुंगेर में फ्लोराइड से मिलेगी मुक्ति: 249 करोड़ से घर-घर पहुंचेगा गंगाजल, 19 जलमीनारें और 5 एकड़ में बनेगा वाटर प्लांट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।