विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार: 30 दिन में नक्शा पास नहीं तो मिलेगी अपने आप मंजूरी, छोटे प्लॉट पर भी बनेगी ऊंची बिल्डिंग

Published: Fri, 13 Nov 2026 01:50 AM (GMT+05:30)

राज्य मंत्रिमंडल ने बिहार भवन उपविधि-2026 को मंजूरी दी है, जिससे मुंगेर में छोटे भूखंडों पर भी ऊंचे भवन बनाना आसान होगा।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. 30 दिन में नक्शा पास न होने पर स्वत: स्वीकृति।

  2. छोटे भूखंडों पर भी ऊंचे भवन बनाना अब आसान।

  3. पार्किंग और हरित भवनों को मिलेगा अतिरिक्त प्रोत्साहन।

संवाद सूत्र, मुंगेर। मुंगेर शहर में अपना मकान बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए भवन निर्माण के नियमों में बड़ा बदलाव होने जा रहा है।

राज्य मंत्रिमंडल ने बिहार भवन उपविधि-2026 को स्वीकृति दे दी है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद वर्ष 2014 से प्रभावी भवन उपविधि की जगह नए नियम ले लेंगे।

इससे छोटे भूखंड पर भी अपेक्षाकृत बड़े और ऊंचे भवन बनाने का रास्ता आसान होगा। सबसे अहम बदलाव यह है कि नक्शा स्वीकृति के लिए निर्धारित 30 दिनों के भीतर निर्णय नहीं होने पर स्वत: स्वीकृति (डीम्ड अप्रूवल) का प्रविधान किया गया है। नई व्यवस्था में भवनों की ऊंचाई, जोखिम, पार्किंग और निर्माण क्षेत्र को लेकर भी कई बदलाव किए गए हैं।

मुंगेर जैसे पुराने शहर के लिए यह बदलाव खास मायने रखता है। यहां के कई मोहल्लों में छोटे भूखंड और संकरी गलियां हैं। ऐसे में नई उपविधि से भवन निर्माण की अनुमति की प्रक्रिया सरल होने की उम्मीद है। हालांकि निर्धारित सड़क चौड़ाई और अन्य तकनीकी शर्तों का पालन करना अनिवार्य रहेगा।

पुराने और नए नियम में क्या बदला?

पहले :

  • भवन उपविधि-2014 के तहत भूखंड के चारों तरफ निर्धारित दूरी तक खुली जगह यानी सेटबैक छोड़ना पड़ता था।
  • छोटे भूखंडों पर चारों तरफ जगह छोड़ने के कारण निर्माण का उपलब्ध क्षेत्र सीमित हो जाता था।
  • नक्शा स्वीकृति की प्रक्रिया में देरी होने से भवन निर्माण शुरू करने में परेशानी होती थी।
  • भवन निर्माण की अनुमति में निर्धारित नियमों और तकनीकी जांच की प्रक्रिया का पालन करना पड़ता था।

अब :

  • चारों तरफ सेटबैक छोड़ने की बाध्यता के स्थान पर एक तरफ निर्धारित खुली जगह रखने का प्रविधान किया गया है।
  • भवन की ऊंचाई और जोखिम के आधार पर निर्माण की अनुमति मिलेगी।
  •  30 दिनों के भीतर नक्शे पर निर्णय नहीं होने पर स्वत: स्वीकृति का प्रविधान है।
  • सभी भूखंडों के लिए आधारभूत एफएआर 3.0 निर्धारित किया गया है।
  • निर्धारित शुल्क देकर अतिरिक्त प्रीमियम एफएआर लेने की सुविधा भी होगी।

ऊंचाई के आधार पर तय होगी अनुमति की प्रक्रिया

नई भवन उपविधि में भवनों को ऊंचाई और जोखिम के आधार पर तीन श्रेणियों में बांटा गया है।

  • 10 मीटर तक : निम्न जोखिम श्रेणी में शामिल होंगे। स्वघोषणा के आधार पर त्वरित भवन निर्माण अनुमति का प्रविधान है।
  • 10 से 24 मीटर : मध्यम जोखिम श्रेणी के भवनों के नक्शे की तकनीकी स्वीकृति वास्तुविद के स्तर पर होगी।
  • 24 मीटर से अधिक : उच्च जोखिम श्रेणी में आएंगे। इनके लिए संबंधित नगर निकाय अथवा सक्षम प्राधिकरण की मंजूरी जरूरी होगी।

नई व्यवस्था में भवन तक पहुंचने के लिए कम से कम 3.7 मीटर यानी करीब 12 फीट चौड़ा मार्ग जरूरी होगा। यह चौड़ाई अधिसूचित मास्टर प्लान और विकास योजना के अनुरूप भी होनी चाहिए।

आपात स्थिति में अग्निशमन वाहनों की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए भवन के एक तरफ खुली जगह रखने का प्रविधान किया गया है।

पार्किंग और हरित भवन को मिलेगा प्रोत्साहन

भवन निर्माण में पार्किंग की व्यवस्था अनिवार्य की गई है। प्रत्येक कार के लिए 15 वर्गमीटर जगह निर्धारित की गई है। आवासीय भवनों में प्रत्येक आवासीय इकाई पर एक कार पार्किंग का प्रविधान है।

व्यावसायिक, शैक्षणिक और संस्थागत भवनों में प्रत्येक 100 वर्गमीटर निर्मित क्षेत्र पर एक कार तथा औद्योगिक और भंडारण भवनों में प्रत्येक 300 वर्गमीटर पर एक कार की पार्किंग जरूरी होगी।

वहीं, हरित भवनों को प्रोत्साहित करने के लिए रेटिंग के आधार पर पांच, 10 और 15 प्रतिशत अतिरिक्त एफएआर देने की व्यवस्था की गई है। इससे पर्यावरण अनुकूल भवन निर्माण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

शहर में अगले 20 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। ऐसे में भवन निर्माण की नई उपविधि और मास्टर प्लान के बीच तालमेल महत्वपूर्ण होगा। सड़क की चौड़ाई, भवनों की ऊंचाई और निर्माण की अनुमति जैसे विषयों पर इसका सीधा असर पड़ेगा।

यह भी पढ़ें- बिहार में रिलायंस का ₹2292 करोड़ का प्रोजेक्ट: मखाना-चावल और 'कैंपा' से मचेगी धूम, 2000 लोगों को मिलेगी नौकरी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।