बिहार में रिलायंस का ₹2292 करोड़ का प्रोजेक्ट: मखाना-चावल और 'कैंपा' से मचेगी धूम, 2000 लोगों को मिलेगी नौकरी
रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (RCPL) बिहार में लगभग 2,292 करोड़ रुपये के निवेश से एक मेगा ग्रीनफील्ड एकीकृत विनिर्माण परिसर स्थापित करेगी।

बिहार में रिलायंस का ₹2292 करोड़ का प्रोजेक्ट, मखाना-चावल और 'कैंपा' से मचेगी धूम (AI Generated Image)
HighLights
रिलायंस 2,292 करोड़ रुपये का मेगा विनिर्माण परिसर लगाएगी।
खाद्य प्रसंस्करण और पेय पदार्थों का उत्पादन किया जाएगा।
परियोजना से 500 प्रत्यक्ष, 1,500 अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेंगे।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में लगभग 2,292 रुपये करोड़ के निवेश से रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (आरसीपीएल) मेगा ग्रीनफील्ड एकीकृत विनिर्माण परिसर स्थापित करेगी। गुरुवार को कंपनी के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के समक्ष इससे संंबंधित विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) प्रस्तुत किया।
लगभग 100 एकड़ में प्रस्तावित परिसर में खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां होंगी, जो दैनिक उपभोग की आवश्यक वस्तुओं और पेय पदार्थों का उत्पादन करेंगी।
अगले पांच वर्षों में चरणबद्ध तरीके से विकसित होने वाली इस परिसर में आधुनिक एवं स्वचालित उत्पादन लाइनें स्थापित की जाएंगी, जो बड़े पैमाने पर उत्पादन और परिचालन दक्षता सुनिश्चित करेंगी।
हालांकि, परिसर के लिए अंतिम रूप से अभी स्थल का चयन नहीं हुआ है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले आरसीपीएल ने बेगूसराय या बक्सर में कैंपा के बाटलिंग प्लांट लगाने की इच्छा प्रकट की थी।
इस परिसर में बिस्कुट, आलू के चिप्स, आटा, सूजी, चावल, मखाना, राइस ब्रान आयल और प्रसंस्कृत चना सहित खाद्य उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला तैयार होगी। पेय पदार्थों की श्रेणी में कार्बोनेटेड एवं नान-कार्बोनेटेड शीतल पेय, जूस आधारित पेय, एनर्जी ड्रिंक्स और पैकेज्ड पेयजल सम्मिलित होंगे।
इसके अतिरिक्त, यहां आरसीपीएल के प्रमुख ब्रांड्स (इंडिपेंडेंस, एलन एंड टैंग्ज चिप्स, टाफीमैन, कैंपा और लोटस आदि) सहित अन्य उत्पाद भी तैयार होंगे।
यह निवेश ऐसे समय में प्रस्तावित है, जब बिहार ईज आफ डूइंग बिजनेस और विनियामक सुधारों के माध्यम से अधिक सरल, पारदर्शी और उद्योग-अनुकूल व्यवस्था विकसित कर रहा है। उद्योग विभाग का आकलन है कि इस परियोजना से लगभग 500 प्रत्यक्ष और 1,500 अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
इसके साथ ही स्थानीय उद्यमों, किसानों, आपूर्तिकर्ताओं और सेवा-प्रदाताओं के लिए नए अवसर विकसित होंगे। कृषि, पैकेजिंग, लाजिस्टिक्स और संबद्ध उद्योगों के साथ जुड़ाव से राज्य की औद्योगिक मूल्य श्रृंखला सुदृढ़ होगी तथा आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
एक पखवाड़े में पहल पूर्ण:
उल्लेखनीय है कि उद्योग विभाग की सक्रिय पहल के परिणामस्वरूप कंपनी के प्रतिनिधियों ने लगभग 15 दिन पहले मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस परियोजना पर चर्चा की थी। इस अवधि में विभाग ने उपयुक्त भूमि की पहचान और दूसरे सहयोग की दिशा में तेजी से कार्य किया।
शुरुआती चर्चाओं के बाद पखवारे के भीतर डीपीआर हेतु सुगम माहौल बनाया गया। हम बिहार की औद्योगिक प्रगति, रोजगार सृजन तथा व्यापक आर्थिक विकास में योगदान देने के लिए उत्साहित हैं। - आरसीपीएल
हमारा प्रयास ऐसा औद्योगिक परिवेश विकसित करना है, जहां निवेश बिहार के भीतर ही मूल्य संवर्द्धन का माध्यम बने और इससे किसानों, व्यवसायियों-उद्यमियों और नागरिकों को लाभ मिले। - श्रेयसी सिंह, उद्योग मंत्री
इस परियोजना से विनिर्माण, कच्चे माल की आपूर्ति, लाजिस्टिक्स और संबद्ध सेवाओं के क्षेत्र में व्यापक आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है। - कुंदन कुमार, उद्योग सचिव
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।