धान अधिप्राप्ति की राशि को ले आंदोलन करेगी लोजपा
संवाद सूत्र, तारापुर (मुंगेर) : एक सप्ताह के अंदर पैक्स में धान बेचने वाले किसानों के खाते में पैसा
संवाद सूत्र, तारापुर (मुंगेर) : एक सप्ताह के अंदर पैक्स में धान बेचने वाले किसानों के खाते में पैसा नहीं डाला गया, तो लोजपा किसानों को गोलबंद कर जोरदार आंदोलन प्रारंभ करेगी। आंदोलन के क्रम में सभी सरकारी कार्यालयों में तालाबंदी की जाएगी। उक्त बातें लोजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिंह ने कही। लोजपा नेता ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की उपेक्षा कर रही है। किसान तीन महीना से अधिक समय से पैक्स को धान देकर पैसे के लिए कार्यालयों का चक्कर लगा रहे हैं। किसानों के घर की अर्थव्यवस्था चरमरा गई है। महाजनों से कर्ज लेकर किसानों ने खेती की। लेकिन, अभी तक धान का मूल्य नहीं मिलने के कारण किसानों पर कर्ज का बोझ बढ़ता जा रहा है। सरकार पैक्स एवं को-आपरेटिव बैंक को पैसा नहीं भेज रही है। प्रधान सचिव का बयान आता है कि अधिकारी अविलंब किसानों का भुगतान करें। ऐसे में यह सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर पैसा कहां अटक गया। लोजपा सरकार से मांग करती है कि एक सप्ताह के अंदर किसानों के खाते में राशि डाल दें। ऐसा नहीं हुआ, तो पार्टी आंदोलन प्रारंभ करेगी। वहीं, लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान को भी किसानों की समस्या से अवगत कराया जाएगा। मौके पर जिला किसान प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सह तारापुर विधानसभा के प्रभारी चंद्रशेखर चौधरी, दलित सेना के अध्यक्ष रविन्द्र पासवान, प्रखंड अध्यक्ष जयराम मंडल आदि भी मौजूद थे।