मधुबनी में बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाकर युवक की हत्या, ईंट-भट्ठे के पास मिला अधजला शव; एक संदिग्ध हिरासत में
मधुबनी में धनतेरस से पहले गांव आए 21 वर्षीय संजीत पासवान की हत्या कर दी गई, जिसका अधजला शव ईंट-भट्ठे के पास मिला। परिजनों ने अंग तस्करी की आशंका जताई है, जबकि पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

ईंट-भट्ठे के पास मिला अधजला शव (सौ. जागरण)
HighLights
मधुबनी में 21 वर्षीय युवक संजीत पासवान की हत्या।
बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाकर अधजला शव मिला।
अंग तस्करी की आशंका, एक संदिग्ध हिरासत में।
जागरण संवाददाता, मधुबनी। राजनगर थाना क्षेत्र के कोइलख पंचायत स्थित ईंट-भट्ठा के निकट शुक्रवार की सुबह मिले अधजले युवक के शव की पहचान पंडौल थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव के वार्ड संख्या सात निवासी अच्छेलाल पासवान के 21 वर्षीय पुत्र संजीत पासवान के रूप में हुई है।
परिजनों ने गले में पहनी चांदी की चेन व लॉकेट तथा हाथ के बलिया से शव की पहचान की। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक के बड़े भाई रंजीत पासवान ने बताया कि संजीत बेंगलुरु में रहकर काम करता था। धनतेरस से एक दिन पूर्व वह गांव आया था।
गुरुवार शाम करीब सात बजे वह गांव के महादेव मंदिर के पास था। इसी दौरान सलेमपुर पंचायत के हैदरपुर निवासी जिरेखन राम के पुत्र सोनू राम व पप्पू राम तथा राम बहादुर राम के पुत्र गगन राम सहित कुछ अन्य लोग वहां पहुंचे।
आरोप है कि सभी संजीत को जन्मदिन की पार्टी में चलने का बहाना बनाकर अपने साथ ले गए। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला। परिजन पूरी रात उसकी तलाश करते रहे।
शुक्रवार सुबह कोइलख स्थित ईंट-भट्ठा के निकट एक अज्ञात युवक का अधजला शव मिलने की सूचना पर परिवार के लोग पहले पंडौल थाना पहुंचे। वहां से राजनगर थाना से संपर्क कर अस्पताल पहुंचे, जहां शव की पहचान की गई।
एक संदिग्ध हिरासत में, पूछताछ जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए राजनगर पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से सोनू राम को हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में उसने अपने भाई पप्पू राम, गगन राम एवं अन्य सहयोगियों के साथ घटना में संलिप्तता स्वीकार की है। हालांकि, पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। हत्या के पीछे का कारण भी अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है।
अंग तस्करी की आशंका जता रहे परिजन
मृतक के परिजनों ने आशंका जताई है कि संजीत की किडनी समेत अन्य अंगों की तस्करी के उद्देश्य से उसकी हत्या की गई है। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

मृतक संजीत पासवान (21 वर्ष) पिता अच्छेलाल पासवान, सलेमपुर पंडौल (सौ. परिवार)
पुलिस हत्या के कारणों, घटनास्थल और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। फिलहाल पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और जांच के निष्कर्ष का इंतजार है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।