अयोध्या से जनकपुर धाम तक रेल सफर का किराया तय, सरयू-कमला एक्सप्रेस में होंगे 17 कोच
रामलला दर्शन के इच्छुक श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। जयनगर से अयोध्या कैंट तक सरयू-कमला एक्सप्रेस का किराया जारी हो गया है और 28 नवंबर से इसका नियमित परिचालन शुरू होगा।

राम की जन्मस्थली अयोध्या और सीता की नगरी जनकपुर धाम के बीच चलने वाली सरयू कमला साप्ताहिक एक्सप्रेस। जागरण
संवाद सहयोगी, जयनगर (मधुबनी)। रामलला के दर्शन की इच्छा रखने वाले मिथिलांचल के श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। अब अयोध्या जाने के लिए जेब पर ज्यादा बोझ नहीं पड़ेगा।
जयनगर से अयोध्या कैंट तक स्लीपर क्लास का किराया महज 355 रुपये निर्धारित किया गया है। भारत और नेपाल के धार्मिक व सांस्कृतिक रिश्तों को नई रेल कड़ी से जोड़ने वाली सरयू-कमला साप्ताहिक एक्सप्रेस का नियमित परिचालन 28 नवंबर से शुरू होगा।
रेलवे ने ट्रेन का किराया आईआरसीटीसी और अपने आरक्षण सिस्टम पर अपलोड कर दिया है। किराया जारी होते ही श्रद्धालु जयनगर स्टेशन पर टिकट की जानकारी लेने पहुंचने लगे हैं।
355 रुपये में जयनगर से अयोध्या का सफर
सरयू-कमला एक्सप्रेस से अयोध्या जाने के लिए यात्रियों को अलग-अलग श्रेणियों में किराया देना होगा। जयनगर से अयोध्या कैंट तक स्लीपर का किराया 355 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं थ्री एसी इकोनामी के लिए 860 रुपये, थ्री एसी के लिए 935 रुपये और टू एसी के लिए 1315 रुपये देने होंगे।
जनकपुर से अयोध्या तक का किराया भी जारी
जनकपुर धाम से अयोध्या कैंट तक स्लीपर क्लास का किराया 365 भारतीय रुपये यानी 584 नेपाली रुपये निर्धारित किया गया है। थ्री एसी इकोनामी का किराया 885 भारतीय रुपये, थ्री एसी का 965 रुपये और टू एसी का 1360 रुपये होगा।
मधुबनी और शिशो से भी मिलेगी सुविधा
अयोध्या जाने वाले यात्रियों के लिए मधुबनी और शिशो जंक्शन पर भी ठहराव की सुविधा होगी। दोनों स्टेशनों से निर्धारित किराया इस प्रकार है।
स्टेशन स्लीपर-थ्री एसी-इकोनामी थ्री-एसी टू एसी
जयनगर 355-860-935-1315
मधुबनी 340-830-900-1270
शिशो जंक्शन 325-785-853 1210
किराया भारतीय रुपये में है।
17 डिब्बों की होगी ट्रेन, केवल कंफर्म टिकट
सरयू-कमला एक्सप्रेस में कुल 17 डिब्बे होंगे। इनमें टू एसी के दो, थ्री एसी के तीन, थ्री एसी इकोनामी के तीन, स्लीपर के सात और एसएलआर के दो डिब्बे शामिल हैं। यात्रियों को ध्यान रखना होगा कि ट्रेन में केवल कंफर्म टिकट की सुविधा होगी। इसमें आरएसी, वेटिंग और रियायती टिकट की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।
ऐसे करा सकेंगे टिकट की बुकिंग
ट्रेन संख्या 15595/96 के टिकट आईआरसीटीसी ऐप, जनकपुर धाम रेलवे स्टेशन और भारत के किसी भी रेलवे स्टेशन के आरक्षण काउंटर से बुक कराए जा सकेंगे। किराया अपलोड होने के बाद जयनगर स्टेशन पर श्रद्धालु और अन्य यात्री टिकट संबंधी जानकारी लेने पहुंच रहे हैं।
सकरी में नहीं रुकेगी ट्रेन, शनिवार और सोमवार को परिचालन
जनकपुर धाम से अयोध्या कैंट जाने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस जयनगर के बाद मधुबनी होते हुए शिशो जंक्शन पर रुकेगी। सकरी स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव नहीं होगा। ट्रेन संख्या 15595 प्रत्येक शनिवार को जनकपुर धाम से रवाना होगी, जबकि वापसी में ट्रेन संख्या 15596 प्रत्येक सोमवार को अयोध्या कैंट से चलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।