विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विवाह पंचमी पर अयोध्या से आएगी श्रीराम की बरात, लौटते समय ट्रेन से जाएगा जनकपुर का 'भार'

Published: Wed, 25 Nov 2026 08:23 PM (IST)

सरयू-कमला एक्सप्रेस अयोध्या और जनकपुर के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत कर रही है, जिससे श्रद्धालुओं का आवागमन और उपहारों का आदान-प्रदान आसान होगा। विवाह पंचमी पर अयोध्या से बरात जनकपुर आएगी।

अयोध्या से जनकपुर सरयू कमला एक्सप्रेस के शुरू होने पर प्रसंन्नता व्यक्त करते जानकी मंदिर के उत्तराधिकारी महंत राम रौशन दास। जागरण

अयोध्या से जनकपुर सरयू कमला एक्सप्रेस के शुरू होने पर प्रसंन्नता व्यक्त करते जानकी मंदिर के उत्तराधिकारी महंत राम रौशन दास। जागरण

HighLights

  1. सरयू-कमला एक्सप्रेस अयोध्या-जनकपुर के सांस्कृतिक रिश्तों को नई मजबूती देगी।

  2. विवाह पंचमी पर बरात और विदाई भार ट्रेन से भेजना आसान।

  3. धार्मिक पर्यटन बढ़ेगा, अयोध्या-जनकपुर आवाजाही सुगम होगी।

ब्रज मोहन मिश्र, मधुबनी। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की भूमि जनकपुर के बीच शुरू हुई सरयू-कमला एक्सप्रेस सांस्कृतिक रिश्तों को नई मजबूती देगी। इससे श्रद्धालुओं के आवागमन के साथ दोनों धार्मिक स्थलों के बीच उपहारों के आदान-प्रदान का रास्ता भी आसान होगा।

विवाह पंचमी पर अयोध्या से बराती जनकपुर पहुंच सकेंगे, वहीं माता सीता की विदाई का भार (उपहार) भी अब ट्रेन से अयोध्या भेजने की पहल की जा रही है।

विदाई का भार अब ट्रेन से भेजने की तैयारी

विवाह पंचमी के बाद जानकी मंदिर से माता सीता की विदाई का भार अयोध्या भेजने की परंपरा है। अब तक सुगम परिवहन सुविधा नहीं होने के कारण यह भार जनकपुर में ही जानकी मंदिर से कुछ दूरी पर स्थित राम मंदिर भेजा जाता था। सरयू-कमला एक्सप्रेस शुरू होने से इसे अयोध्या तक भेजने का रास्ता आसान होगा।

महंत ने रखी ट्रेन से भार भेजने की बात

जानकी मंदिर के उत्तराधिकारी महंत राम रौशन दास ने विदाई का भार ट्रेन से अयोध्या भेजने का विचार रखा है। उनका कहना है कि इस संबंध में नेपाल रेलवे के जीएम से बात की जाएगी। ट्रेन से उपहार भेजने पर समय और धन दोनों की बचत होगी। पहले सुगम साधन नहीं होने के कारण इसे अयोध्या नहीं भेजा जाता था।

2029 में अयोध्या से आएगी बरात

हर पांच साल पर विवाह पंचमी के अवसर पर अयोध्या से बरात जनकपुर आती है। वर्ष 2029 में भी अयोध्या से बरात आने वाली है। पिछली बार बरात के साथ आए लोगों की विदाई का सामान आधा दर्जन गाड़ियों से भेजा गया था। अब ट्रेन की सुविधा मिलने से बरात के आवागमन और उपहारों के परिवहन में आसानी होगी।

तिलकोत्सव में जनकपुर से अयोध्या जाना होगा आसान

अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन के अवसर पर जनकपुर से गृह प्रवेश का भार एक दर्जन गाड़ियों से भेजा गया था। इसमें 50 से 60 लोग शामिल हुए थे। अब सरयू-कमला एक्सप्रेस से जनकपुर के लोग अयोध्या में होने वाले तिलकोत्सव में आसानी से शामिल हो सकेंगे। इससे दोनों धार्मिक स्थलों के बीच पारंपरिक आयोजनों में भागीदारी बढ़ेगी।

जानकी नवमी पर भी बढ़ेगी आवाजाही

माता सीता के जन्मोत्सव जानकी नवमी पर भी अयोध्या से श्रद्धालुओं के लिए जनकपुर पहुंचना आसान होगा। वहीं विवाह पंचमी सहित अन्य प्रमुख आयोजनों में अयोध्या के लोग सीधे जनकपुर आ सकेंगे।

करीब 600 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली साप्ताहिक ट्रेन उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल को जोड़ते हुए धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा देगी।

यह भी पढ़ें- राम की नगरी अयोध्या से सीता जी के मायके पहुंची पहली ट्रेन, जनकपुर में बारात जैसा हुआ स्वागत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।