विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मधुबनी में 546 करोड़ की योजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास, नहरों और स्वास्थ्य केंद्रों को मिलेगी रफ्तार

Published: Sat, 21 Nov 2026 08:31 PM (IST)

PM Modi Bihar Projects Madhubani:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के मधुबनी जिले में 546 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य, सिंचाई और विद्युत परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। 

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित डीएम आनंद शर्मा, एसएसपी योगेन्द्र कुमार, एमएलसी घनश्याम ठाकुर, मेयर अरूण राय सहित अन्य। फोटो सौ. डीपीआरओ

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित डीएम आनंद शर्मा, एसएसपी योगेन्द्र कुमार, एमएलसी घनश्याम ठाकुर, मेयर अरूण राय सहित अन्य। फोटो सौ. डीपीआरओ 

HighLights

  1. मधुबनी में 546 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास।

  2. 11 नए ग्रामीण स्वास्थ्य उपकेंद्रों का हुआ शुभारंभ।

  3. नहरों के आधुनिकीकरण और विद्युत ढांचे का विकास।

जागरण संवाददाता, मधुबनी। PM Modi Bihar Projects Madhubani: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे के दौरान मधुबनी जिले में स्वास्थ्य, सिंचाई और विद्युत आधारभूत संरचना से जुड़ी करीब 546 करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास हुआ।

वैशाली में आयोजित मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण शनिवार को मधुबनी के नगर भवन में किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से 4.70 करोड़ रुपये की लागत से बने 11 स्वास्थ्य उपकेंद्रों का उद्घाटन किया गया।

ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को बल

ये केंद्र लक्ष्मीपुर, पंडौल पश्चिमी, कमलपुर, बटलोहिया, शाहपुर, भखरौली, लउफा, बांकी, फेटकी कुट्टी, रामपट्टी और बरसाम में हैं। प्रत्येक केंद्र के निर्माण पर 42.84 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इनमें चिकित्सक कक्ष, नर्स कक्ष, टीकाकरण कक्ष, प्रयोगशाला और हेल्थ एंड वेलनेस हॉल की सुविधा है।

नहरों का आधुनिकीकरण कार्य

नहरों के आधुनिकीकरण पर 511 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया गया। पश्चिमी कोसी मुख्य नहर के 18.29 से 26.21 किलोमीटर तक 100.55 करोड़ रुपये और 26.21 से 36.18 किलोमीटर तक 119.31 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्स्थापन एवं आधुनिकीकरण होगा।

झंझारपुर शाखा नहर के शून्य से 42.06 किलोमीटर तक 162.73 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिकीकरण एवं पुनर्स्थापन कार्य का शिलान्यास किया गया।

सिंचाई व बिजली सुधार

इसी शाखा नहर के सेवा पथ के कालीकरण पर 128.61 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं और इसका उद्घाटन हुआ। विद्युत आधारभूत संरचना के विकास के लिए करीब 30.25 करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन किया गया।

इनमें विद्युत शक्ति उपकेंद्र बिरसैल, 33 केवी के दो विद्युत बे, 33 केवी के 33 कृषि फीडर और कवर एलटी लाइन शामिल हैं।

अधिकारियों के निर्देश व मौजूदगी

जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य, सिंचाई और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार जिले के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और उन्होंने संबंधित विभागों को प्रभावी क्रियान्वयन व गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य घनश्याम ठाकुर, महापौर अरुण राय, उपमहापौर अमानुल्लाह खान और वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार सहित अन्य पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

अपर समाहर्ता राजस्व मुकेश रंजन, अपर समाहर्ता आपदा संतोष कुमार, अपर समाहर्ता लोक शिकायत राजेश कुमार, नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती, सदर एसडीओ चंदन कुमार झा, जिला परिवहन पदाधिकारी राम बाबू, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रशांत शेखर और विशेष कार्य पदाधिकारी नितेश पाठक भी मौजूद रहे। 

यह भी पढ़ें- पीएम मोदी का बिहारी अंदाज, नीतीश सेतु पर लहराया गमछा; निशांत कुमार को लगाया गले

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।