विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

PM नरेंद्र मोदी और बालेन शाह दिखेंगे एक साथ, जनकपुर से अयोध्या के बीच वंदे भारत ट्रेन की करेंगे शुरुआत

Published: Sun, 15 Nov 2026 01:36 AM (IST)

भारत और नेपाल के बीच जनकपुर-अयोध्या वंदे भारत ट्रेन सेवा जल्द शुरू हो सकती है, जिससे दोनों देशों के धार्मिक और सांस्कृतिक संबंध मजबूत होंगे।

बालेन शाह और नरेंद्र मोदी। फाइल फोटो

बालेन शाह और नरेंद्र मोदी। फाइल फोटो

HighLights

  1. भारत-नेपाल के बीच जनकपुर-अयोध्या वंदे भारत ट्रेन प्रस्तावित।

  2. धार्मिक, सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करेगी यह नई रेल सेवा।

  3. मिथिलांचल और अवध में पर्यटन विकास को मिलेगा बढ़ावा।

संवाद सहयोगी, जयनगर। भारत और नेपाल के लोगों को जल्द ही जनकपुर-अयोध्या ट्रेन सेवा की सौगात मिल सकती है। लखनऊ रेल मंडल के नाम से इंटरनेट पर प्रसारित निमंत्रण पत्र के अनुसार, 23 नवंबर को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में अयोध्या स्टेशन से ट्रेन को संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाएंगे।

हालांकि, निमंत्रण पत्र की पुष्टि नहीं हुई है। जनकपुर और अयोध्या के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की योजना है। इससे मिथिलांचल का अवध से सीधा संपर्क होगा।

कनेक्टिविटी बढ़ने की उम्मीद

भारत सरकार की रामायण सर्किट योजना के तहत प्रस्तावित इस सेवा को लेकर भारतीय रेलवे के अधिकारी जयनगर-जनकपुर-कुर्था रेलखंड का निरीक्षण कर चुके हैं।

उन्होंने ट्रैक से जुड़े बिंदुओं पर नेपाल के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की है। ट्रेन सेवा शुरू होने से दोनों देशों के धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंध मजबूत होने की उम्मीद है।

भारत-नेपाल पत्रकार संघ के उपाध्यक्ष ललित झा ने कहा कि इससे मिथिला और अवध के बीच निकटता बढ़ेगी तथा दोनों देशों के मैत्री संबंध और प्रगाढ़ होंगे। उनके अनुसार, रेल सेवा से दोनों क्षेत्रों में सांस्कृतिक और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

मिथिलांचल में पर्यटन का विकास

मिथिला-अवध सांस्कृतिक संरक्षण परिषद के संस्थापक सदस्य सुनील चौधरी ने कहा कि प्रसारित निमंत्रण के अनुसार, 23 नवंबर को अयोध्या रेलवे स्टेशन से ट्रेन का शुभारंभ किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस जानकारी की पुष्टि नहीं की जा रही है। चौधरी ने इसे जनकपुर और अयोध्या को जोड़ने की ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि इससे जनकपुर समेत मिथिलांचल में पर्यटन का विकास होगा। उन्होंने भारत और नेपाल सरकार को धन्यवाद दिया।

नेपाल रेलवे के महाप्रबंधक परिवेश पराजुली ने बताया कि प्रस्तावित ट्रेन सेवा को लेकर दोनों देशों के अधिकारियों के बीच लगातार बैठकें हो रही हैं। उन्होंने कहा कि ट्रेन परिचालन का दिन अभी निर्धारित नहीं हुआ है।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में छठ के बाद वापसी की नो टेंशन! स्पेशल ट्रेनों में अभी भी खाली हैं सैकड़ों सीटें

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।