विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पाग से डिजाइनर सेहरे तक, मिथिला की परंपरा में फैशन का नया रंग

Published: Wed, 18 Nov 2026 06:00 AM (IST)

मिथिला का पारंपरिक पाग अब फैशन का हिस्सा बन गया है, जिसमें मिथिला पेंटिंग से सजे डिजाइनर पाग, दुपट्टे और सेहरे की मांग बढ़ी है।

मधुबनी में पाग की खरीद-बिक्री। फोटो जागरण

मधुबनी में पाग की खरीद-बिक्री। फोटो जागरण

HighLights

  1. पाग अब परंपरा से निकलकर फैशन का हिस्सा बना।

  2. मिथिला पेंटिंग से सजे डिजाइनर पाग, दुपट्टे लोकप्रिय।

  3. स्थानीय कलाकारों को मिल रहा रोजगार, कला को बढ़ावा।

जागरण संवाददाता, मधुबनी। मिथिला की पहचान और सम्मान का प्रतीक पाग अब परंपरा की सीमा से निकलकर फैशन का हिस्सा बन चुका है।

सामान्य पाग से लेकर मिथिला पेंटिंग से सजे डिजाइनर पाग, दुपट्टे और सेहरे तक की नई श्रृंखला लोगों को आकर्षित कर रही है।

शादी-विवाह, तिलक, विद्यापति समारोह और सरकारी आयोजनों में इनकी मांग बढ़ी है। स्थानीय बाजार से निकलकर मिथिला की यह सांस्कृतिक पहचान देश-विदेश तक पहुंच रही है।

बाजार में सामान्य पाग 25 से 30 रुपये में मिलता है, जबकि सिल्क के कपड़े पर मिथिला पेंटिंग से तैयार आकर्षक पाग की कीमत 100 से 350 रुपये तक है।

विशेष डिजाइन वाले पाग 400 रुपये तक बिक रहे हैं। महंथी लाल चौक के दुकानदार धर्मेंद्र कुमार कारक बताते हैं कि लग्न शुरू होने के साथ ही इसकी मांग बढ़ने लगी है।

क्राफ्ट वाला के राकेश कुमार झा के अनुसार, डिजाइनर पाग के साथ दुपट्टे की जोड़ी भी खूब पसंद की जा रही है। सरकारी कार्यक्रमों के लिए भी आर्डर मिलते हैं।

कलाकार जूही झा बताती हैं कि अभी से मई-जून तक इन उत्पादों की मांग बनी रहती है। सामान्य डिजाइन 30 से 50 रुपये में, जबकि विशेष ऑर्डर पर तैयार पाग 100 से 150 रुपये तक उपलब्ध हैं।

बाजार के अनुमान के अनुसार, तीन से चार महीने में करीब 50 हजार रुपये से अधिक के पाग की बिक्री होती है।

कचनी शैली में उभरती चित्रकारी की खूबसूरती

पद्मश्री दुलारी देवी बताती हैं कि पहले पाग पर चित्रकारी का काम विशेषज्ञ कलाकार करते थे, लेकिन अब प्रशिक्षित कलाकार भी इसे तैयार कर रहे हैं।

इसमें कचनी और भरनी दोनों शैलियों का प्रयोग होता है। खासकर कचनी की बारीक रेखाएं पाग पर चित्रकारी को आकर्षक बनाती हैं। इससे पारंपरिक परिधान को नया स्वरूप मिल रहा है।

कलाकारों को मिल रहा काम : निदेशक

मिथिला चित्रकला संस्थान के निदेशक चंद्रशेखर प्रसाद सिंह बताते हैं कि संस्थान से पढ़ाई पूरी कर चुके छात्र-छात्राओं को पाग और दुपट्टे तैयार करने के आर्डर दिए जा रहे हैं।

संस्थान को मिलने वाले काम भी इन कलाकारों से कराए जाते हैं। प्रशिक्षित कलाकार निर्धारित मानकों के अनुरूप चित्रकारी करते हैं। इससे मिथिला कला को नए बाजार के साथ स्थानीय कलाकारों को रोजगार का अवसर मिल रहा है।

यह भी पढ़ें- जानते हैं कौन हैं पूर्व CM नीतीश की भरोसेमंद भागलपुर की JDU नेत्री कहकशां परवीन? पार्टी ने दी राष्ट्रीय जिम्मेदारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।