जानते हैं कौन हैं पूर्व CM नीतीश की भरोसेमंद भागलपुर की JDU नेत्री कहकशां परवीन? पार्टी ने दी राष्ट्रीय जिम्मेदारी
Who is Kahkashan Parveen जनता दल (यूनाइटेड) ने कहकशां परवीन को राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी सौंपते हुए महिला प्रकोष्ठ में ...और पढ़ें

Who is Kahkashan Parveen : कहकशां परवीन का स्वागत करते सुड्डू साईं।
HighLights
कहकशां परवीन जदयू महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत हुईं।
भागलपुर की प्रथम महापौर और पूर्व राज्यसभा सांसद हैं परवीन।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भरोसेमंद नेत्री को मिली राष्ट्रीय जिम्मेदारी।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Who is Kahkashan Parveen : जनता दल (यूनाइटेड) ने संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर धार देने के लिए बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बेहद भरोसेमंद वरिष्ठ नेत्री, पूर्व राज्यसभा सांसद और भागलपुर नगर निगम की प्रथम महापौर कहकशां परवीन पर बड़ा दांव खेला है। पार्टी ने उन्हें महिला प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय स्तर का प्रभारी मनोनीत किया है।
इस महत्वपूर्ण मनोनयन की घोषणा होते ही भागलपुर जिला और महानगर जदयू के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। पार्टी नेताओं ने इसे पूरे भागलपुर जिले के लिए गौरव का विषय बताया है।
रांची में जन्म, शादी के बाद भागलपुर को बनाया कर्मभूमि
1 जनवरी 1979 को झारखंड के रांची जिले के डोरंडा में जन्मी कहकशां परवीन ने रांची विमेंस कॉलेज से स्नातक (बीए) की पढ़ाई पूरी की। मो. नसीमुद्दीन से विवाह के बाद वे भागलपुर के इशाकचक में आकर बस गईं और यहीं से अपने सामाजिक व राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। उनके परिवार में दो बेटियां हैं। अपनी सौम्य कार्यशैली और मजबूत जनसंपर्क के दम पर उन्होंने बहुत कम समय में भागलपुर की राजनीति में अपनी अलग पहचान बना ली।
भागलपुर की पहली मेयर से राज्यसभा के पीठासीन पैनल तक का सफर
कहकशां परवीन के राजनीतिक करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि साल 2002 में सामने आई, जब वे भागलपुर नगर निगम की प्रथम महापौर बनीं और 2007 तक इस पद का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। जमीनी स्तर पर उनकी पकड़ और संगठन के प्रति निष्ठा को देखते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें आगे बढ़ाया।
वे अप्रैल 2014 से अप्रैल 2020 तक 6 साल के कार्यकाल के लिए बिहार से राज्यसभा सांसद रहीं। उनकी संसदीय कार्यक्षमता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 27 जुलाई 2018 को तत्कालीन राज्यसभा सभापति एम. वेंकैया नायडू ने सदन की कार्यवाही संचालित करने के लिए उन्हें पीठासीन अधिकारियों के पैनल में भी नामित किया था। वे जदयू की राष्ट्रीय महासचिव के रूप में भी अहम जिम्मेदारी निभा चुकी हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर महिला संगठन को मिलेगी नई मजबूती
कहकशां परवीन को राष्ट्रीय स्तर के प्रभारी बनाए जाने पर भागलपुर जदयू में जश्न का माहौल है। जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता ने कहा कि कहकशां परवीन का लंबा राजनीतिक अनुभव, संगठन के प्रति समर्पण और महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए उनकी प्रतिबद्धता पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
महानगर अध्यक्ष संजय साह ने कहा कि उनके नेतृत्व में देशभर में महिला संगठन का विस्तार होगा और राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी। शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव राकेश कुमार ओझा ने इसे उनके लंबे राजनीतिक और सामाजिक योगदान का सम्मान बताया, जबकि पूर्व जिलाध्यक्ष सुड्डू साईं ने इसे उनकी कार्यक्षमता का प्रतिफल कहा।
जिला व महानगर इकाई के दर्जनों नेताओं ने दी शुभकामनाएं
मनोनयन पर बधाई देने वालों में नाथनगर के पूर्व जदयू विधायक लक्ष्मीकांत मंडल, नवगछिया के जदयू जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह कुशवाहा, वरीय नेता अर्जुन साह, इंद्रप्रकाश मंडल, प्रदेश सचिव संजीव चंद्रवंशी, प्रदेश सचिव शबाना दाऊद, जिला कार्यालय प्रभारी प्रदीप कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष विनय सिंह, दीपक चौहान, सुनीता सिंह, मृत्युंजय कुशवाहा, मुमताज रजा, संजय सिन्हा, विभूति गोस्वामी, मु. फैसल, रेणु सिंह, महादेव मंडल, धनंजय मंडल, शाबान खान, सोनी कुमारी, यासमीन परवीन, विजय मंडल, निसार अहमद और राजेश पासवान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हैं।
कहकशां परवीन वर्तमान में पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव हैं और अब जदयू ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी सौंपते हुए महिला प्रकोष्ठ में प्रभारी नियुक्त किया है। उनके इस मनोनयन से पार्टी संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा राजनीति में महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित हो सकेगी।
शैलेंद्र तोमर, भागलपुर जिला प्रवक्ता जदयू।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।