मधुबनी के स्कूलों में 24 अक्टूबर को सजेगा कला उत्सव का मंच, छात्र दिखाएंगे हुनर
मधुबनी जिले के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में 24 अक्टूबर को कला उत्सव का आयोजन होगा, जिसमें कक्षा ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
मधुबनी स्कूलों में 24 अक्टूबर को कला उत्सव का आयोजन।
कक्षा 9 से 12वीं तक के छात्र करेंगे प्रतिभा प्रदर्शन।
रचनात्मकता और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देना उद्देश्य।
जागरण संवाददाता, मधुबनी । पढ़ाई के साथ अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाने का मौका अब विद्यार्थियों को जल्द मिलने वाला है। स्कूलों में कला और संस्कृति की छटा बिखरेगी, जहां कक्षा नौ से 12वीं तक के छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
मधुबनी जिले के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में कला उत्सव-2026 का आयोजन अब 24 अक्टूबर को होगा। पहले निर्धारित समय सीमा में किसी विद्यालय से आयोजन की सूचना नहीं मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने नई तिथि तय करते हुए सभी संबंधित विद्यालयों को कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया है।
24 अक्टूबर को अनिवार्य होगा आयोजन
बिहार शिक्षा परियोजना, मधुबनी ने सभी माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश जारी किया है। इसके अनुसार, शनिवार, 24 अक्टूबर को विद्यालय स्तर पर कला उत्सव आयोजित करना अनिवार्य होगा। इसमें कक्षा नौ से 12वीं तक के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।
पहले 15 अक्टूबर तक मिली थी समय सीमा
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान कुमार सत्यम ने 16 अक्टूबर को जारी पत्र में बताया कि पूर्व में 15 अक्टूबर तक विद्यालय स्तर पर कला उत्सव आयोजित कर चयनित प्रतिभागियों की सूची भेजने का निर्देश दिया गया था। निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी किसी विद्यालय से कार्यक्रम के आयोजन की सूचना नहीं मिली। इसे गंभीरता से लेते हुए विभाग ने आयोजन के लिए नई तिथि निर्धारित की है।
चयनित विद्यार्थियों की सूची भेजना जरूरी
कला उत्सव के आयोजन के बाद विद्यालयों को चयनित छात्र-छात्राओं की सूची जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध करानी होगी। इसके लिए विभाग ने ई-मेल dpossamadhubani@gmail.com जारी किया है। इसके अलावा सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी रमण कुमार पासवान के मोबाइल नंबर 7004521067 पर भी सूची भेजी जा सकती है।
सभी प्रखंडों को निर्देश
कार्यक्रम को निर्धारित समय पर संपन्न कराने के लिए सभी संकुल संसाधन केंद्र समन्वयकों और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित संबंधित वरीय अधिकारियों को भी पत्र की प्रतिलिपि भेजी गई है।
प्रतिभाओं को मंच देना है उद्देश्य
कला उत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को सामने लाना और विद्यालयों में कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है। अब विभाग का जोर सभी विद्यालयों में निर्धारित तिथि पर आयोजन कराने और चयनित प्रतिभागियों की सूची समय पर प्राप्त करने पर है।
