Madhubani News : झंझारपुर में बच्चों के खेल मैदान का ऐसा कायाकल्प, मिट्टी की जगह कमला नदी की बालू बिछा दी
Madhubani playground project : झंझारपुर के केजरीवाल हाईस्कूल मैदान के कायाकल्प में मिट्टी की जगह कमला नदी की बालू का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे योजना की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।

केजरीवाल हाई स्कूल मैदान में मिट्टी की जगह बालू भराई। जागरण
संवाद सहयोगी, झंझारपुर (मधुबनी)। बच्चों के खेलने और शारीरिक गतिविधियों के लिए मैदान को विकसित करने की योजना ही सवालों के घेरे में आ गई है। नगर परिषद की करीब 15 लाख रुपये की कायाकल्प योजना के तहत केजरीवाल हाईस्कूल के मैदान में मिट्टी की जगह कमला नदी की बालू से भराई कराई जा रही है।
निर्माण कार्य में कथित तौर पर मानकों की अनदेखी से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। विरोध के बावजूद काम जारी रहने से योजना की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
लोगों का कहना है कि जिस मैदान को बच्चों के खेलकूद के लिए उपयोगी बनाया जाना है, वहां बालू भरने का क्या औचित्य है? बालू पर न तो बच्चे सुरक्षित ढंग से खेल सकेंगे और न ही दौड़ जैसी शारीरिक गतिविधियां सहज हो पाएंगी।
गर्मी में हवा के साथ बालू उड़ने से आसपास के स्कूलों, विशेषकर केंद्रीय विद्यालय की कक्षाओं तक धूल पहुंचने की आशंका भी जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से निर्माण कार्य की तत्काल जांच कराने और प्राक्कलन के अनुरूप मिट्टी से भराई सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका सवाल है कि जब योजना में मिट्टी भराई का प्रावधान है तो नदी की बालू किसके निर्देश पर डाली जा रही है?
इस मामले में कार्यपालक पदाधिकारी मनोज कुमार ने साफ कहा कि टेंडर में भराई के लिए सॉइल यानी मिट्टी का प्रावधान रहता है। बालू भरने का कोई निर्देश नहीं है। वहीं, जेई दीपक राज ने बताया कि उन्हें दो दिन पहले ही इस कार्य का प्रभार मिला है। कार्य में यदि कोई अनियमितता पाई जाती है तो उसे दूर कराने का प्रयास किया जाएगा।
हैरानी की बात यह है कि करीब 15 लाख रुपये की योजना के निर्माण स्थल पर सूचना बोर्ड तक नहीं लगाया गया है। ऐसे में आम लोगों को योजना की लागत, कार्य एजेंसी और निर्धारित मानकों की जानकारी भी नहीं मिल पा रही है। स्कूल के प्रधानाध्यापक विनय कुमार झा और प्रबंध समिति के अध्यक्ष राजू मंडल भी इस मामले में कुछ बोलने से बचते दिखे।
अब सवाल यह है कि जब कार्यपालक पदाधिकारी खुद बालू भराई को प्रावधान के विपरीत बता रहे हैं तो विरोध के बावजूद निर्माण कार्य कैसे जारी है? क्या नगर परिषद प्रशासन जांच और कार्रवाई से पहले ही बच्चों के खेल मैदान को बालू के हवाले कर देगा?
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।