विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मधुबनी में समाहरणालय की नीलामी 10 दिसंबर को, डिक्री होल्डर को मिली अनुमति

Published: Sat, 28 Nov 2026 07:53 PM (IST)

बिहार के मधुबनी जिले में समाहरणालय की जमीन की नीलामी अब 10 दिसंबर को होगी, जिसमें डिक्री होल्डर कंपनी को भाग लेने की अनुमति मिल गई है। यह मामला पंडौल कोआपरेटिव सूता मिल से जुड़ा है, जिसमें सरकार कानूनी लड़ाई हार चुकी है।

समाहरणालय नीलामी से संबंधित नोटिस समाहरणालय की दीवार पर चस्पाते सिविल कोर्ट के नाजीर अवधेश कुमार एवं कर्मी । जागरण

समाहरणालय नीलामी से संबंधित नोटिस समाहरणालय की दीवार पर चस्पाते सिविल कोर्ट के नाजीर अवधेश कुमार एवं कर्मी । जागरण

HighLights

  1. मधुबनी समाहरणालय की जमीन की नीलामी 10 दिसंबर को होगी।

  2. डिक्री होल्डर को नीलामी में भाग लेने की अनुमति मिली।

  3. मामला पंडौल सूता मिल से संबंधित, सरकार कानूनी लड़ाई हारी।

विधि संवाददाता, मधुबनी। बिहार के मधुबनी जिले के समाहरणालय में बैठकर जहां जिले का प्रशासनिक कामकाज संचालित होता है, अब उसी समाहरणालय की जमीन नीलाम करने की तैयारी है।

बहुचर्चित समाहरणालय नीलामी मामले में अगली तारीख 10 दिसंबर तय की गई है। प्रधान जिला जज पवन कुमार पांडे की अदालत ने डिक्री होल्डर कंपनी को नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने की अनुमति दी है। कंपनी ने 27 नवंबर को आवेदन देकर भागीदारी की अनुमति और अग्रिम राशि जमा करने से छूट मांगी थी।

पहले 5 व फिर 26 नवंबर को निर्धारित थी

नीलामी पहले 5 नवंबर और फिर 26 नवंबर को निर्धारित थी, लेकिन बोलीदाता उपलब्ध नहीं होने से प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। अदालत ने नीलामी का नोटिस जारी किया है। शनिवार को सिविल कोर्ट के नाजिर अवधेश कुमार और एक कर्मी ने नोटिस की प्रति समाहरणालय की दीवार पर चस्पा की।

यह मामला पंडौल कोआपरेटिव सूता मिल से जुड़ा है। बंद मिल को फिर शुरू करने के लिए बिहार सरकार ने कोलकाता की राधा कृष्ण एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से समझौता किया था। कंपनी ने मिल चलाने के लिए पूंजी और कपास सहित कच्चा माल दिया था। मिल ठीक से नहीं चली और कंपनी की ओर से माल लौटाने की मांग के बावजूद मिल प्रबंधन ने उसे वापस नहीं किया।

सरकार इस मामले में पटना उच्च न्यायालय और दिल्ली स्थित उच्चतम न्यायालय में अपना पक्ष हार चुकी है। उच्चतम न्यायालय ने एसएलपी याचिका भी खारिज कर दी थी। प्रधान जिला जज ने आर्बिटेशन इजराय वाद संख्या 3/2016 में समाहरणालय की नीलामी का आदेश दिया है। समाहरणालय के दक्षिणी हिस्से की दस कत्था जमीन नीलाम की जाएगी।

यह भी पढ़ें- नेपाल से भारत पहुंचते ही सरयू-कमला एक्सप्रेस की कड़ी जांच, स्वान दस्ते के कुत्ते ने महिला को काटा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।