विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल से भारत पहुंचते ही सरयू-कमला एक्सप्रेस की कड़ी जांच, स्वान दस्ते के कुत्ते ने महिला को काटा

Published: Sat, 28 Nov 2026 05:18 PM (IST)

जनकपुर धाम से अयोध्या के बीच सरयू कमला एक्सप्रेस का नियमित परिचालन कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गया है। जयनगर में यात्रियों और सामान की सघन जांच के दौरान एक महिला यात्री को स्वान दस्ते के कुत्ते ने काट लिया।

जयनगर से अयोध्या के लिए प्रस्थान करती सरयू कमला एक्सप्रेस । जागरण

जयनगर से अयोध्या के लिए प्रस्थान करती सरयू कमला एक्सप्रेस । जागरण 

संवाद सहयोगी, जयनगर। (मधुबनी)। जनकपुर धाम से अयोध्या के बीच सरयू कमला एक्सप्रेस का नियमित परिचालन शनिवार से शुरू हुआ। जनकपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन दोपहर 1:10 बजे रवाना हुई।

इससे पहले सशस्त्र बल एपीएफ, नेपाल प्रहरी और रेलवे अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। टीटीई ने यात्रियों के टिकट और पहचान पत्र जांचने के बाद उन्हें ट्रेन में प्रवेश दिया।

नेपाल एपीएफ के सुरक्षा घेरे में ट्रेन दोपहर 2:10 बजे जयनगर के नेपाली रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां कस्टम विभाग, आरपीएफ, आरपीएसएफ, जीआरपी और एसएसबी के स्वान दस्ते ने यात्रियों के सामान की मेटल डिटेक्टर से जांच की। इसके बाद नेपाल एपीएफ ने सुरक्षा की जिम्मेदारी भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को सौंप दी।

कस्टम अधीक्षक जयनगर के सतीश कुमार, कुमार भवेश, सीतामढ़ी, पिपरौन और दरभंगा के अधीक्षकों तथा आरपीएफ के सहायक कमांडेंट राकेश कुमार सिंह, आरपीएसएफ इंस्पेक्टर कविन्द्र कुमार सिंह, पुखराज मीना, आरपीएफ प्रभारी वशिष्ठ कुमार और जीआरपी थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने जवानों के साथ ट्रेन के सभी डिब्बों की जांच की।

इसके बाद ट्रेन दोपहर 3:10 बजे अयोध्या के लिए रवाना हुई। आरपीएसएफ और जीआरपी के जवान ट्रेन के साथ सुरक्षा में तैनात रहे।

कागजी कार्रवाई में कोकण रेलवे के डीजीएम भीबी मिश्रा, सीडीओ सुधांशु कुमार, स्टेशन अधीक्षक राज कुमार राय, सीडब्ल्यूएस आशुतोष कुमार और सीटीटीआई अर्जुन राउत समेत अन्य रेलवे अधिकारियों ने सहयोग किया।

जनकपुर से यात्रियों के टिकट की सघन जांच

पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल के जयनगर बेस के सीटीटीआई अर्जुन राउत के नेतृत्व में करीब आधा दर्जन टीटीई ट्रेन को जनकपुर से जयनगर तक लेकर आए।

उन्होंने अयोध्या तक यात्रा करने वाले यात्रियों के टिकट जांचे। टीटीई सूत्रों के अनुसार, विभिन्न श्रेणियों में जनकपुर से 297 यात्रियों ने टिकट लिया, जबकि जयनगर से 15 यात्रियों ने अयोध्या तक का टिकट लेकर सफर किया।

स्लीपर डिब्बे में जांच के दौरान कुत्ते ने महिला यात्री को काटा

ट्रेन के स्लीपर डिब्बे एस-4 में सीट नंबर 77 पर जनकपुर से अयोध्या जा रहीं जनकपुर वार्ड नंबर 19 निवासी 35 वर्षीय साजों देवी को जयनगर में डिब्बे की जांच के दौरान स्वान दस्ते के कुत्ते ने काट लिया। उन्हें मामूली चोट आई। रेलवे अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल प्राथमिक उपचार कराया।

यह भी पढ़ें- Janakpur to Ayodhya : नई ट्रेन से पुरानी परंपरा का सफर, जनकपुर से अयोध्या जाएगा मां जानकी का भार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।