Janakpur to Ayodhya : नई ट्रेन से पुरानी परंपरा का सफर, जनकपुर से अयोध्या जाएगा मां जानकी का भार
विवाह पंचमी पर मां जानकी के मायके जनकपुरधाम से ससुराल अयोध्या के लिए 'भार' भेजा जा रहा है। यह परंपरा सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन के माध्यम से पूरी की जाएगी, जिसमें 41 प्रकार के उपहार शामिल हैं।

मां जानकी के मायके जनकपुरधाम से उनके ससुराल अयोध्या के लिए भार भेजा जा रहा। जागरण
HighLights
जनकपुर से अयोध्या भेजा जा रहा है जानकी का भार।
सरयू-कमला एक्सप्रेस से पूरी होगी यह पारंपरिक यात्रा।
भार में शामिल हैं 41 प्रकार के विशेष उपहार।
जागरण संवाददाता, मधुबनी (जनकपुर)। बेटी की विदाई हो तो मायके से ससुराल तक उपहार और स्नेह पहुंचाने की परंपरा भी निभाई जाती है। मिथिला में इसी परंपरा को जीवंत करते हुए मां जानकी के मायके जनकपुरधाम से उनके ससुराल अयोध्या के लिए भार भेजा जा रहा है।
विवाह पंचमी के पावन अवसर पर जनकपुर से अयोध्या तक इस परंपरा को रेल के जरिए पहुंचाने की तैयारी है। भार को सरयू-कमला एक्सप्रेस से अयोध्या भेजा जाएगा। इससे पहले जानकी मंदिर परिसर में भार एकत्रित कर विधि-विधान से पूजन किया गया।
41 प्रकार के सामान से सजाया गया भार
जानकी मंदिर परिसर में एकत्रित भार में 41 तरह के सामान शामिल हैं। इसमें चांदी की सुपाड़ी, चांदी का पान पत्ता, भगवान श्रीराम और उनके परिवार के लिए वस्त्र, विभिन्न प्रकार के पकवान, फल, मिथिला की पारंपरिक मिठाइयां और अन्य उपहार रखे गए हैं।
भार को पारंपरिक तरीके से सजाकर मंदिर परिसर में रखा गया। पूजन के दौरान मंदिर के महंत, पुजारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

सरयू-कमला एक्सप्रेस से अयोध्या पहुंचेगा भार
भारत और नेपाल के दो प्रमुख धार्मिक स्थलों जनकपुरधाम और अयोध्या को जोड़ने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस (15595/15596) का नियमित परिचालन 28 नवंबर से शुरू हो रहा है। इसी ट्रेन से जनकपुरधाम से अयोध्या के लिए जानकी का भार भेजा जाएगा। ट्रेन जनकपुरधाम से प्रत्येक शनिवार और अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार को चलेगी।
जनकपुर से दोपहर 1:10 बजे खुलेगी ट्रेन
ट्रेन संख्या 15595 शनिवार को जनकपुरधाम से नेपाली समयानुसार दोपहर 1:10 बजे खुलेगी। जयनगर कस्टम यार्ड पर नेपाली समयानुसार 2:25 बजे पहुंचेगी और 3:25 बजे रवाना होगी। इसके बाद मधुबनी में 3:48 बजे, शीशो में 5:10 बजे, सीतामढ़ी में 7:00 बजे, रक्सौल में 9:35 बजे और नरकटियागंज में 10:50 बजे रुकेगी।
अगले दिन रविवार को ट्रेन सुबह 3:55 बजे गोरखपुर, 5:19 बजे बस्ती, 6:28 बजे मनकापुर और 7:25 बजे अयोध्या धाम पहुंचेगी। इसके बाद सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।
30 नवंबर से अयोध्या से होगी वापसी
वापसी में ट्रेन संख्या 15596 अयोध्या कैंट से 30 नवंबर को शाम 5:50 बजे खुलेगी। मंगलवार को नेपाली समयानुसार रात 12:40 बजे जनकपुरधाम पहुंचेगी।
17 कोच से चलेगी ट्रेन
सरयू-कमला एक्सप्रेस में कुल 17 कोच होंगे। इसमें एसी द्वितीय श्रेणी के दो, एसी तृतीय श्रेणी के तीन, एसी तृतीय इकोनॉमी के तीन, शयनयान श्रेणी के सात और एसएलआर के दो कोच शामिल हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।