विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जलजमाव से जूझते मधुबनी को बड़ी सौगात, 5.63 करोड़ की लागत से NH 527A पर बनेगा पक्का नाला

Published: Sun, 29 Nov 2026 01:55 PM (IST)

Madhubani Waterlogging Solution: मधुबनी शहर में जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए NH 527A पर 1.6 किलोमीटर लंबा नाला बनाया जाएगा। सड़क परिवहन मंत्रालय ने इस परियोजना के लिए 5.63 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है।

एनएच 527ए के दोनों ओर करीब 1.6 किलोमीटर लंबा नाला बनाया जाएगा। (AI Generated Image)

एनएच 527ए के दोनों ओर करीब 1.6 किलोमीटर लंबा नाला बनाया जाएगा। (AI Generated Image)

HighLights

  1. NH 527A पर 1.6 किमी लंबा नाला बनेगा।

  2. परियोजना के लिए 5.63 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली।

  3. जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान होगा।

जागरण संवाददाता, मधुबनी। NH 527A Drain Project: शहर में लंबे समय से चली आ रही जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।

चौहट्टा चौक स्थित किंग्स कैनाल से कोशी नहर तक एनएच 527ए के दोनों ओर करीब 1.6 किलोमीटर लंबा नाला बनाया जाएगा। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार ने इस परियोजना के लिए पांच करोड़ 63 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है, जिसे जिलाधिकारी आनंद शर्मा की पहल पर मंजूरी मिली है।

बारिश में जलभराव से मिलेगी निजात

क्षेत्र में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के दौरान आसपास के मोहल्लों में पानी भर जाता है, जिससे स्थानीय निवासियों, राहगीरों और व्यवसायियों को आवागमन व दैनिक कार्यों में काफी कठिनाई होती है।

स्थायी समाधान के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों, राष्ट्रीय उच्च पथ जयनगर के कार्यपालक अभियंता, नगर आयुक्त और स्थानीय वार्ड पार्षद को स्थल निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे, जिसके बाद विस्तृत प्राक्कलन मंत्रालय को भेजा गया और उसे मंजूरी मिली।

दो माह में निर्माण शुरू करने का निर्देश

योजना को शीघ्र धरातल पर उतारने के लिए जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय उच्च पथ, जयनगर के कार्यपालक अभियंता को एक सप्ताह में निविदा प्रक्रिया पूरी करने और अगले दो माह के भीतर निर्माण शुरू कराने का निर्देश दिया है।

प्रस्तावित नाले से आसपास के छोटे नाले भी जोड़े जाएंगे ताकि जलनिकासी सुचारु हो सके, वहीं जिलाधिकारी ने गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध कार्य सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।

यह भी पढ़ें- मधुबनी से दिल्ली जाना हुआ आसान, अब सालभर मिलेगी सीधी बस सेवा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।