विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मधुबनी से दिल्ली जाना हुआ आसान, अब सालभर मिलेगी सीधी बस सेवा

Published: Fri, 27 Nov 2026 06:59 PM (GMT+05:30)

मधुबनी से दिल्ली के लिए सालभर सीधी बस सेवा शुरू हो रही है, जिससे बिहार और दिल्ली के बीच यात्रा आसान होगी। यह सेवा 13 जिलों को जोड़ेगी और त्योहारों पर भीड़ कम करने के साथ प्रवासी लोगों को सुविधा प्रदान करेगी।

दिल्ली में रहने वाले मधुबनी और आसपास के जिलों के लोगों के लिए अच्छी खबर। (फाइल फोटो)

दिल्ली में रहने वाले मधुबनी और आसपास के जिलों के लोगों के लिए अच्छी खबर। (फाइल फोटो)

जागरण संवाददाता, मधुबनी। मधुबनी से दिल्ली के लिए सालभर चलेगी सीधी बस। दिल्ली में रहने वाले मधुबनी और आसपास के जिलों के लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब दिल्ली से घर आने-जाने के लिए दीपावली और छठ जैसे पर्व-त्योहारों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

बिहार सरकार ने बिहार और दिल्ली के बीच सालभर नियमित अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू करने की पहल की है। इसके तहत मधुबनी सहित बिहार के 13 जिलों से दिल्ली के लिए बसों का परिचालन किया जाएगा।

मधुबनी से दिल्ली जाने वाली बस दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, गोरखपुर, लखनऊ और आगरा होते हुए नोएडा पहुंचेगी। इस मार्ग की कुल दूरी 1198 किलोमीटर निर्धारित की गई है।

गुरुवार को नई दिल्ली के महाराणा प्रताप अंतरराज्यीय बस अड्डा (आइएसबीटी), कश्मीरी गेट पर बिहार और दिल्ली के बीच 18 मार्गों पर बस परिचालन के लिए पारस्परिक परिवहन समझौता हुआ।

इस समझौते से मधुबनी जिले के उन हजारों लोगों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है, जो रोजगार, पढ़ाई और व्यवसाय के सिलसिले में दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में रहते हैं।

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने इस सेवा के लिए 149 नई डीलक्स बसों की खरीद की है। इनमें 74 एसी और 75 नॉन-एसी बसें शामिल हैं। इन बसों का परिचालन अगले माह से शुरू करने की योजना है। इसके अलावा पीपीपी मोड में 150 और बसें चलाने का प्रस्ताव है। इससे यात्रियों को बसों की उपलब्धता बढ़ने के साथ यात्रा के लिए अधिक विकल्प मिल सकेंगे।

मधुबनी से 1198 किलोमीटर का होगा सफर

निर्धारित मार्ग के अनुसार मधुबनी से दिल्ली जाने वाली बस दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, गोरखपुर, लखनऊ और आगरा होते हुए नोएडा पहुंचेगी। इससे मधुबनी के यात्रियों को दिल्ली जाने के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है।

खासकर दिल्ली में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों, नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और व्यवसायियों को नियमित बस सेवा से सहूलियत मिलेगी। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में टिकट की मारामारी और भीड़ के बीच यह सेवा एक अतिरिक्त परिवहन विकल्प साबित हो सकती है।

यात्रियों की अच्छी प्रतिक्रिया के बाद सरकार का निर्णय

जिला परिवहन पदाधिकारी श्रीराम बाबू ने कहा कि दीपावली और छठ के अवसर पर मधुबनी से बस चलाई गई थीं। यात्रियों की अच्छी प्रतिक्रिया के बाद सरकार ने नियमित सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है।

बसों की समय-सारणी, किराया और ऑनलाइन टिकट बुकिंग की जानकारी बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की वेबसाइट www.bsrtc.bihar.gov.in पर उपलब्ध होगी। यात्री टोल फ्री नंबर 1800-345-7251 पर भी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।