मधुबनी गोलीकांड के फरार ASI चंद्रमोहन का शव मिलने की आशंका, काले बैग में मिला चार पांच दिन पुराना शव
Absconding ASI Body Found: मधुबनी गोलीकांड में फरार चल रहे एएसआई चंद्रमोहन सिंह का शव एक काले बैग में मिलने ...और पढ़ें

शव मिलने की सूचना पर पहुंचे स्थानीय लोग।
जागरण संवाददाता, मधुबनी। Madhubani Firing Case Update: जिले के चर्चित गोलीकांड मामले में फरार चल रहे एएसआई चंद्रमोहन सिंह को लेकर बड़ी खबर सामने आई है।
बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ में गुरुवार शाम एक काले बैग में चार-पांच दिन पुराना शव मिला है। शव के पास एक आधार कार्ड भी पड़ा था, जिस पर चंद्रमोहन सिंह का नाम लिखा बताया जा रहा है।
इसके बाद शव के फरार एएसआई चंद्रमोहन सिंह का होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
महिला ने देखा काले बैग में शव
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब पांच से साढ़े पांच बजे के बीच खेत में फसल काटने गई एक महिला की नजर काले बैग पर पड़ी। संदेह होने पर उसने इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी।
बैग में शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। शव करीब चार-पांच दिन पुराना बताया जा रहा है। उसका चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त है। आशंका जताई जा रही है कि चेहरे को तेजाब से जलाया गया है या किसी अन्य तरीके से कुचला गया है।
कपड़ों के आधार पर चंद्रमोहन होने का संदेह
स्थानीय ग्रामीण कपड़ों के आधार पर शव की पहचान एएसआई चंद्रमोहन सिंह के रूप में कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि शव पर मौजूद कपड़े वैसे ही हैं, जिन्हें चंद्रमोहन अक्सर पहनता था।
शव के पास मोबाइल और लैपटाप भी मिलने की बात सामने आई है। हालांकि, इन वस्तुओं और आधार कार्ड के आधार पर भी शव की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कुछ ग्रामीणों ने यह आशंका भी जताई है कि किसी दूसरे व्यक्ति की हत्या कर शव को चंद्रमोहन सिंह का साबित करने की कोशिश की गई हो सकती है। ऐसे में शव की वास्तविक पहचान पुलिस जांच का अहम बिंदु है।
एफएसएल टीम जुटाएगी साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने पर सदर डीएसपी मौके पर पहुंचे। वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस शव की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
पोस्टमार्टम और वैज्ञानिक जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
तीन लाख इनाम की अनुशंसा
इस घटनाक्रम का एक अहम पहलू यह भी है कि गुरुवार को ही एसएसपी योगेंद्र कुमार ने फरार एएसआई चंद्रमोहन सिंह की जानकारी देने वाले व्यक्ति के लिए तीन लाख रुपये के इनाम की अनुशंसा राज्य मुख्यालय से की थी।
इसी दिन शाम को बलिराजगढ़ में संदिग्ध शव मिलने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है। फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती शव की पहचान सुनिश्चित करना और उसकी मौत के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।