विजिलेंस टीम को देख मैदान में फेंके ₹5 लाख, बिहार पथ निर्माण विभाग का रिश्वतखोर इंजीनियर रंगेहाथ गिरफ्तार
मधुबनी पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता रितेश चंद्र सिन्हा को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने पांच लाख रुपये रिश्वत लेते पटना में रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

बिहार में भ्रष्ट इंजीनियर गिरफ्तार
HighLights
मधुबनी के अभियंता रितेश सिन्हा पांच लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार।
निगरानी टीम ने पटना में की छापेमारी, नकदी बरामद।
सड़क निर्माण के बकाया भुगतान के लिए मांगी थी रिश्वत।
जागरण संवाददाता, मधुबनी। भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मधुबनी पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता रितेश चन्द्र सिन्हा को पांच लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
निगरानी ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने रविवार को पटना के आशियाना स्थित रामनगरी के शिव पार्वती गृह अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर सी-303 में छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के दौरान अभियंता ने निगरानी टीम को देखकर रिश्वत की रकम खिड़की से बाहर मैदान में फेंक दी, लेकिन टीम ने तत्काल राशि बरामद कर ली।
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, रोहतास जिले के डेहरी निवासी अरुण कुमार सिंह ने कार्यपालक अभियंता के विरुद्ध रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी मधुबनी पथ प्रमंडल के तहत दो सड़क निर्माण योजनाओं का कार्य करा रहे थे।
इनमें मधुबनी-राजनगर-बाबूबरही- खुटौना पथ पर 1.2 किलोमीटर सड़क निर्माण की लागत 5.78 करोड़ रुपये तथा स्टेडियम चौक-महाराजगंज चौक-सूड़ी हाई स्कूल मार्ग पर 2.4 किलोमीटर सड़क निर्माण की लागत 13.48 करोड़ रुपये निर्धारित थी।
शिकायत के अनुसार, पहली योजना में करीब 90 प्रतिशत और दूसरी योजना में 25 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका था। दोनों योजनाओं में पूर्व में भुगतान के बाद भी लगभग 6.50 करोड़ रुपये बकाया थे।
आरोप है कि बकाया राशि के भुगतान के एवज में कार्यपालक अभियंता ने तीन प्रतिशत की दर से 19.50 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। तत्काल अग्रिम के रूप में पांच लाख रुपये देने का दबाव बनाया जा रहा था।
शिकायत का सत्यापन कराने पर रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद निगरानी थाना कांड संख्या 133/26, दिनांक छह नवंबर 2026 दर्ज कर पुलिस उपाधीक्षक श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में धावादल गठित किया गया। टीम ने आठ नवंबर को पटना स्थित अभियंता के आवास पर कार्रवाई कर उन्हें रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी में नकदी और संपत्ति के दस्तावेज बरामद
गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम ने फ्लैट की तलाशी ली। इस दौरान 6 लाख 11 हजार 900 रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, शेयर और एलआईसी में निवेश से संबंधित कागजात, सात बैंक खातों की जानकारी, जमीन एवं फ्लैट के दस्तावेज तथा लॉकर की चाबी और उससे संबंधित कागजात बरामद किए गए।
आभूषणों का मूल्यांकन कराया जा रहा है। अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे विशेष निगरानी न्यायालय, पटना में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की जांच और तलाशी जारी है। निगरानी ब्यूरो के अनुसार, वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के विरुद्ध यह 133वां प्राथमिकी दर्ज करने का मामला है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।