विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मधुबनी में खाद की कालाबाजारी पर बड़ा एक्शन, 7 दुकानों के लाइसेंस रद; 16 निलंबित

Published: Fri, 27 Nov 2026 04:26 PM (GMT+05:30)

मधुबनी में कृषि विभाग ने खाद की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की है, जिसमें 7 दुकानदारों के लाइसेंस रद किए गए और 16 निलंबित हुए। विभाग ने रबी फसलों की बोआई और बीज वितरण अभियान भी तेज कर दिया है।

गेहूं की बोआई के लिए ट्रैक्टर से खेत तैयार करता किसान। जागरण

गेहूं की बोआई के लिए ट्रैक्टर से खेत तैयार करता किसान। जागरण

HighLights

  1. खाद कालाबाजारी पर 618 छापेमारी, 60 मामलों में अनियमितता मिली।

  2. 7 लाइसेंस रद्द, 16 निलंबित, 3 पर प्राथमिकी दर्ज की गई।

  3. रबी फसलों के लिए 11,593 किसानों को प्रमाणित बीज वितरित किया गया।

जागरण संवाददाता, मधुबनी। खाद की कालाबाजारी पर कृषि विभाग ने सख्ती दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। खरीफ और रबी मौसम में 618 जगहों पर छापेमारी कर 60 मामलों में अनियमितता पकड़ी गई।

इसमें 7 दुकानदारों की अनुज्ञप्ति रद कर दी गई, 16 को निलंबित किया गया, 3 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई और 36 से स्पष्टीकरण मांगा गया है। विभाग ने साफ कहा है कि निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने, बिना बिल खाद बेचने और कालाबाजारी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

वहीं रबी 2026-27 की खेती को गति देने के लिए विभाग ने बीज वितरण और फसल आच्छादन पर भी अभियान तेज कर दिया है। जिले में अब तक 11,593 किसानों के बीच 1,017.39 क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किया जा चुका है। वहीं, विभिन्न रबी फसलों की 8,531.12 हेक्टेयर भूमि में बुआई हुई है।

मसूर बीज की सबसे अधिक मांग

जिला कृषि पदाधिकारी सुदामा ठाकुर ने बताया कि रबी मौसम के लिए विभाग को कुल 1,677.24 क्विंटल बीज प्राप्त हुआ है। इसमें से 1,017.39 क्विंटल वितरित किया जा चुका है, जबकि 659.85 क्विंटल शेष है। मसूर बीज वितरण में सबसे अधिक 6,228 किसानों को लाभ मिला है।

इसके अलावा हरा मटर के 1,535, सरसों के 1,388 और मटर के 1,126 किसानों को बीज उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि शेष बीज का वितरण भी तेजी से किया जा रहा है, ताकि किसानों की बुआई प्रभावित नहीं हो।

गेहूं की बुआई में तेजी

जिले में रबी फसलों का कुल लक्ष्य 1,56,298.147 हेक्टेयर निर्धारित है। इसके विरुद्ध अब तक 8,531.12 हेक्टेयर में आच्छादन हुआ है। गेहूं की खेती का लक्ष्य 1,28,952 हेक्टेयर है, जिसमें 6,316.12 हेक्टेयर में बुआई हो चुकी है।

वहीं मसूर की 1,564, खेसारी की 358, मटर की 91 और राई-सरसों की 173 हेक्टेयर में खेती हुई है। विभाग के अनुसार, बुआई अभी शुरुआती चरण में है। बीज वितरण पूरा होने के साथ आच्छादन में तेजी आने की उम्मीद है।

कालाबाजारी पर 618 छापेमारी, 60 मामले पकड़े गए

उर्वरक की कालाबाजारी रोकने के लिए खरीफ मौसम में 523 और रबी मौसम में अब तक 95 छापेमारी की गई है। जिला कृषि पदाधिकारी के अनुसार, इन छापेमारी में 60 मामलों में अनियमितता मिली।

किसानों से मांगा सहयोग

जिला कृषि पदाधिकारी ने किसानों से समय पर प्रमाणित बीज लेकर बुआई करने तथा उर्वरक खरीदने पर रसीद लेने की अपील की। अधिक कीमत वसूलने या कालाबाजारी की सूचना विभाग को देने का आग्रह करते हुए उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। किसानों को उचित मूल्य पर कृषि सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।

यह भी पढ़ें- अयोध्या से जनकपुर धाम तक रेल सफर का किराया तय, सरयू-कमला एक्सप्रेस में होंगे 17 कोच

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।