विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मधुबनी में शिव महापुराण कथा से पहले हनुमान मंदिर के पास ताबड़तोड़ फायरिंग, आखिर किसे देना चाहते थे चुनौती?

Published: Wed, 18 Nov 2026 12:37 PM (GMT+05:30)

मधुबनी में शिव महापुराण कथा शुरू होने से ठीक पहले हनुमान मंदिर के पास बाइक सवार बदमाशों ने हवाई फायरिंग ...और पढ़ें

मधुबनी में घटना स्थल पर जुटी स्थानीय लोगों की भीड़।

मधुबनी में घटना स्थल पर जुटी स्थानीय लोगों की भीड़।

HighLights

  1. शिव महापुराण कथा से पहले हनुमान मंदिर के पास फायरिंग।

  2. बाइक सवार दो हेलमेट पहने बदमाशों ने की हवाई फायरिंग।

  3. पुलिस ने मौके से गोली का खोखा और मैगजीन बरामद किया।

जागरण संवाददाता, मधुबनी। सात-आठ महीने की तैयारी, भव्य पंडाल और शिव महापुराण कथा के शुभारंभ का इंतजार। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच उत्साह का माहौल था। तभी मंगलवार की रात अचानक गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा।

बाइक सवार दो हेलमेट पहने बदमाश आए और हनुमान मंदिर के समीप तीन राउंड हवाई फायरिंग कर फरार हो गए। कथा शुरू होने से ठीक पहले हुई इस घटना ने धार्मिक आयोजन की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मौके से गोली का खोखा और बंदूक का मैगजीन बरामद हुआ है। गनीमत रही कि गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ।

18 से 24 नवंबर तक शिव महापुराण कथा

बेनीपट्टी थाना क्षेत्र की नगवास पंचायत के बरही गांव स्थित हनुमान मंदिर के समीप 18 से 24 नवंबर तक शिव महापुराण कथा का आयोजन होना है। इसके लिए वृंदावन से कथावाचिका राधिका जी भी पहुंच चुकी हैं।

बुधवार से कथा वाचन शुरू होना है। मंगलवार को कलश शोभायात्रा निकाली गई थी। मंदिर परिसर में भव्य पंडाल निर्माण और सजावट का काम अंतिम चरण में था। टेंट के कारीगर और ग्रामीण तैयारियों में जुटे थे। इसी बीच रात करीब नौ बजे अचानक फायरिंग होने लगी।

हेलमेट पहने बदमाशों ने चलाईं तीन गोलियां

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार दो युवक मंदिर के पास पहुंचे। दोनों ने हेलमेट पहन रखा था। उन्होंने तीन राउंड हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर पंडाल में मौजूद 10-15 लोग सहम गए। बाद में घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीणों को गोली का खोखा और बंदूक का मैगजीन पड़ा मिला। पुलिस ने दोनों सामान को जब्त कर लिया है।

20 मिनट में घटनास्थल पर पहुंची पुलिस

फायरिंग की सूचना मिलते ही बेनीपट्टी थाना पुलिस सक्रिय हो गई। करीब 20 मिनट के भीतर थानाध्यक्ष आनंद शंकर गौरव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

पुजारी बोले, धार्मिक आयोजन में विघ्न डालने की कोशिश

मंदिर के पुजारी सुमित शास्त्री ने घटना पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सात-आठ महीने से शिव महापुराण कथा की तैयारी चल रही थी। बुधवार से कथा शुरू होनी थी। अंतिम चरण की तैयारियों के बीच बदमाशों ने फायरिंग कर दी। उस समय पंडाल में 10-15 लोग मौजूद थे।

उन्होंने कहा कि किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। यह आयोजन जनसमर्थन से हो रहा है। नगवास पंचायत और गौसनगर सहित पूरे इलाके में पहली बार इतना बड़ा धार्मिक आयोजन हो रहा है। कुछ लोग धार्मिक कार्यक्रम में विघ्न डालना चाहते हैं। पहले भी साउंड आदि को लेकर कुछ बातें सामने आई थीं।

पुजारी ने इस घटना को राक्षसी प्रवृत्ति का काम बताते हुए कथा के दौरान पर्याप्त पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि वे धार्मिक आयोजन करते हैं और किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं देंगे। हनुमान जी महाराज ही सब देखेंगे।

प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, धार्मिक आयोजन में दहशत फैलाना घृणित काम

मधुबनी से घर लौट रहे एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि घटनास्थल के पास लोगों ने उन्हें रोककर फायरिंग की जानकारी दी। लोगों ने बताया कि हेलमेट पहने दो युवक बाइक से आए थे और हवा में तीन राउंड गोली चलाकर भाग गए। प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि एक तरफ महादेव की पूजा की तैयारी हो रही है और दूसरी तरफ कुछ लोग आकर गोलियां चला रहे हैं। धार्मिक आयोजन के दौरान इस तरह दहशत फैलाना बेहद घृणित काम है।

सबसे बड़ा सवाल, धार्मिक आयोजन से पहले फायरिंग क्यों?

शिव महापुराण कथा शुरू होने से ठीक पहले मंदिर के समीप गोलीबारी के पीछे बदमाशों का मकसद क्या था? क्या उनका उद्देश्य श्रद्धालुओं में दहशत फैलाना था या धार्मिक आयोजन को प्रभावित करने की कोई साजिश थी? क्या साउंड को लेकर पहले हुई आपत्ति का इस घटना से कोई संबंध है? फिलहाल इन सवालों के जवाब नहीं मिले हैं।

पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इधर आयोजकों ने सात दिनों तक चलने वाली कथा के दौरान लगातार पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- मधुबनी के बेनीपट्टी में स्कूल भवन में लगाई आग, बेंच-डेस्क जलकर राख, लोहे का ढांचा ही बचा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।