10×5 मीटर खेत से निकला 31.7 किलो धान, मधुबनी में बंपर उपज से खिले किसानों के चेहरे
मधुबनी के नरपतिनगर पंचायत में अगहनी धान की फसल कटनी प्रयोग सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें 10x5 मीटर के प्लॉट से 31.7 किलोग्राम धान की उपज प्राप्त हुई।

मधुबनी में बंपर उपज से खिले किसानों के चेहरे (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
नरपतिनगर पंचायत में अगहनी धान कटनी प्रयोग संपन्न हुआ।
10x5 मीटर प्लॉट से 31.7 किलोग्राम धान की उपज मिली।
किसानों को पराली न जलाने की सलाह दी गई।
संवाद सहयोगी, पंडौल। नरपतिनगर पंचायत में अगहनी धान की फसल कटनी का प्रयोग संपन्न हुआ। पंचायत के किसान शिवशंकर के खेत स्थित प्लॉट संख्या 590 में निर्धारित 10×5 मीटर के क्षेत्र में धान की कटनी, मड़ाई एवं तौल की गई। इसमें कुल 31.700 किलोग्राम उपज प्राप्त हुई।
अधिकारियों ने इसे बेहतर उपज दर बताया। अच्छी पैदावार से किसान सहित मौके पर मौजूद अन्य किसानों में उत्साह देखा गया। फसल कटनी प्रयोग दरभंगा प्रमंडल के उप निदेशक प्रवीण साहेब एवं जिला सांख्यिकी पदाधिकारी रतन सहाय की देखरेख में किया गया।
प्रयोगकर्ता के रूप में किसान सलाहकार विधोत्तमा अर्पण ने प्रक्रिया पूरी कराई। इस दौरान पूर्व एएसओ जफर अंसारी, एएसओ घुरन दास, राज मंगल, एटीएम, एसएसओ इंदल कुमार सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।
खेतों में पराली नहीं जलाने की सलाह
अधिकारियों ने बताया कि फसल कटनी प्रयोग के आधार पर जिले की औसत धान उपज दर का आकलन किया जाता है। इसके आंकड़ों का उपयोग फसल उत्पादन के आकलन, फसल बीमा के दावों तथा जिले की खाद्यान्न स्थिति के निर्धारण में किया जाता है।
इस दौरान किसानों को धान की कटनी के बाद खेतों में पराली नहीं जलाने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने कहा कि पराली को खेत में ही सड़ाकर जैविक खाद के रूप में उपयोग करने से मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनी रहती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।