विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झंझारपुर को गैस इंसुलेटेड सबस्टेशन की सौगात, निर्बाध बिजली और बेहतर वोल्टेज से होगा लाभ

Published: Tue, 24 Nov 2026 12:55 PM (GMT+05:30)

Madhubani Power Transmission Hub Bihar: मधुबनी के झंझारपुर में गैस इंसुलेटेड सबस्टेशन स्थापित होने से स्थानीय लोगों को निर्बाध बिजली और बेहतर वोल्टेज मिलेगा। यह परियोजना पीरपैंती ताप विद्युत संयंत्र से बिजली निकासी का अहम हिस्सा है।

झंझारपुर, बेथौली और बेगूसराय में चार गैस इंसुलेटेड सबस्टेशन बनेंगे।

झंझारपुर, बेथौली और बेगूसराय में चार गैस इंसुलेटेड सबस्टेशन बनेंगे।

HighLights

  1. झंझारपुर में गैस इंसुलेटेड सबस्टेशन से निर्बाध बिजली आपूर्ति होगी।

  2. स्थानीय लोगों को बेहतर वोल्टेज और कम ट्रिपिंग का लाभ।

  3. यह पीरपैंती परियोजना का हिस्सा, मधुबनी का बिजली नेटवर्क मजबूत।

संवाद सहयोगी, झंझारपुर (मधुबनी)। Jhanjharpur Gas Insulated Substation Benefits: मधुबनी के झंझारपुर में गैस इंसुलेटेड सबस्टेशन स्थापित होने जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति और बेहतर वोल्टेज का सीधा लाभ मिलेगा।

स्थानीय विधायक व नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा के अनुसार झंझारपुर भविष्य में बिहार के बिजली ट्रांसमिशन नेटवर्क का अहम केंद्र बनेगा।

भागलपुर के पीरपैंती में प्रस्तावित 2400 मेगावाट क्षमता के अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल ताप विद्युत संयंत्र से बिजली निकासी की परियोजना में झंझारपुर को महत्वपूर्ण केंद्र बनाया गया है और इसे 2028 की चौथी तिमाही तक पूरा करने का लक्ष्य है।

स्थानीय लोगों को फायदे

गैस इंसुलेटेड सबस्टेशन के उपकरण पूरी तरह बंद होने के कारण धूल, नमी, प्रदूषण और खराब मौसम का असर कम पड़ता है, जिससे बार-बार होने वाली ट्रिपिंग की समस्या घटती है।

नई ट्रांसमिशन लाइनों व पीरपैंती परियोजना से जुड़ाव के बाद क्षेत्र का बिजली नेटवर्क मजबूत होगा और लो वोल्टेज की दिक्कत से राहत मिलेगी।

गैस इंसुलेशन तकनीक से शॉर्ट सर्किट या आग लगने का जोखिम कम रहता है, शोर कम होता है और पारंपरिक एयर इंसुलेटेड सबस्टेशन के मुकाबले केवल 10 से 15 प्रतिशत जमीन की जरूरत पड़ती है, जिससे भूमि अधिग्रहण का दबाव भी कम रहता है।

ट्रांसमिशन ढांचा और विस्तार

अडाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड को मिली इस ट्रांसमिशन परियोजना के लिए विक्रमशिला पावर ट्रांसमिशन लिमिटेड कंपनी बनाई गई है।

योजना के तहत झंझारपुर, बेथौली और बेगूसराय में चार गैस इंसुलेटेड सबस्टेशन बनेंगे तथा पीरपैंती, झंझारपुर, बेगूसराय, बख्तियारपुर और बेथौली को जोड़ने के लिए 400 केवी की तीन और 220 केवी की दो लाइनें बिछाई जाएंगी।

कुल 881 सर्किट किलोमीटर लाइन और 3160 एमवीए ट्रांसफार्मेशन क्षमता वाली इस परियोजना से सालाना करीब 500 करोड़ रुपये के टैरिफ राजस्व का अनुमान है।

पीरपैंती ताप विद्युत परियोजना

भागलपुर के पीरपैंती प्रखंड में लगभग 479 हेक्टेयर भूमि पर अदानी पावर द्वारा 800 मेगावाट की तीन इकाइयों वाला 2400 मेगावाट का अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल संयंत्र स्थापित किया जा रहा है।

लगभग तीन अरब डॉलर के निवेश से डीबीएफओओ मॉडल पर विकसित हो रही इस परियोजना में 6.075 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिहार की बिजली कंपनियों को 2274 मेगावाट बिजली आपूर्ति का प्रावधान है।

बिहार कैबिनेट से निकासी ट्रांसमिशन परियोजना को स्वीकृति मिल चुकी है और 2400 मेगावाट के दूसरे चरण के विस्तार की पर्यावरणीय प्रक्रिया भी आगे बढ़ी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।