विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में छठ पर घर लौटने वालों के लिए रेलवे स्टेशनों पर मिलेगा ठहरने से लेकर खाने-पीने तक का इंतजाम

Published: Mon, 09 Nov 2026 04:52 PM (IST)

छठ महापर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने विशेष तैयारी की है। जयनगर जैसे स्टेशनों पर होल्डिंग ...और पढ़ें

मधुबनी जिले के जयनगर स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में पंडाल निर्माण। जागरण

मधुबनी जिले के जयनगर स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में पंडाल निर्माण। जागरण 

HighLights

  1. महानगरों से लौटने वाले यात्रियों के लिए होल्डिंग एरिया विकसित।

  2. वाटरप्रूफ टेंट में बैठने, पेयजल और शौचालय की सुविधा।

  3. भीड़ नियंत्रण हेतु बैरिकेडिंग और सुरक्षा के विशेष इंतजाम।

संवाद सहयोगी, जयनगर (मधुबनी)। छठ महापर्व पर अपने घर पहुंचने की जल्दी और ट्रेनों में उमड़ती भीड़ के बीच यात्रियों को स्टेशन पर परेशान न होना पड़े, इसके लिए रेलवे ने विशेष तैयारी शुरू कर दी है।

महानगरों से उत्तर बिहार लौटने वाले यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए समस्तीपुर रेल मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया विकसित किए जा रहे हैं।

इसका उद्देश्य यात्रियों को ट्रेन के इंतजार के दौरान सुरक्षित और सुविधाजनक जगह उपलब्ध कराना है। सीमावर्ती जयनगर रेलवे स्टेशन पर भी इसकी तैयारी तेज कर दी गई है। स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में मंडल रेल प्रबंधक की निगरानी में वाटरप्रूफ पंडाल बनाया जा रहा है।

वाटरप्रूफ टेंट में कर सकेंगे इंतजार

रेलवे सूत्रों के अनुसार, खासकर रात में महानगरों से पहुंचने वाले यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है। होल्डिंग एरिया में उच्च गुणवत्ता वाले वाटरप्रूफ टेंट लगाए जा रहे हैं। यहां यात्रियों के बैठने और ठहरने की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही बिजली, पेयजल और अस्थायी शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

बैरिकेडिंग से नियंत्रित होगी भीड़

स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया से प्लेटफार्म तक यात्रियों की आवाजाही व्यवस्थित रखने के लिए पर्याप्त बैरिकेडिंग की जाएगी। होल्डिंग एरिया से स्टेशन भवन और प्लेटफार्म तक पहुंचने के लिए फुट ओवरब्रिज का इस्तेमाल कराया जाएगा। इससे प्लेटफार्म पर अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।

सुरक्षा से लेकर इलाज तक की तैयारी

यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों और जवानों को सौंपी गई है। किसी यात्री की तबीयत बिगड़ने या आपात स्थिति से निपटने के लिए प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है। इसके लिए पर्याप्त स्ट्रेचर और व्हीलचेयर भी रखे जाएंगे।

पंखे और रोशनी का भी इंतजाम

होल्डिंग एरिया में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के साथ इलेक्ट्रिक स्टैंडिंग फैन लगाए जाएंगे। रेलवे का प्रयास है कि छठ के दौरान यात्रियों को स्टेशन पर भीड़ और अव्यवस्था के बीच परेशान न होना पड़े। इन व्यवस्थाओं से घर लौटने वाले यात्रियों को ट्रेन का इंतजार करने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- दरभंगा में जहां गूंजने चाहिए छठ के गीत, वहां जलकुंभी में कैद मिर्जा खान तालाब

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।