मधुबनी में मां बनी मिसाल : न्याय के लिए 11 साल का इंतजार, संघर्ष के आगे झुकी बीमा कंपनी
बेटे की मौत के 11 साल बाद मां को न्याय मिला, जब बीमा कंपनी को न्यायालय की सख्ती के आगे झुकना पड़ा। नेशनल इंश्योरेंस कंपनी ने दिवंगत आर्मी जवान मनीष कुमार चौधरी की मां मीरा देवी को 53.03 लाख रुपये का मुआवजा दिया।

मधुबनी जिले के झंझारपुर में प्रेस वार्ता करते अधिवक्ता मदन मोहन यादव। जागरण
HighLights
मां ने बेटे के मुआवजे के लिए 11 साल लंबी लड़ाई लड़ी।
न्यायालय की सख्ती से बीमा कंपनी को भुगतान करना पड़ा।
दिवंगत जवान की मां को 53.03 लाख रुपये का चेक मिला।
संवाद सूत्र, झंझारपुर (मधुबनी)। बेटे को खोने का गम और उसके हक के मुआवजे के लिए 11 साल का लंबा इंतजार। एक मां ने न्याय की उम्मीद नहीं छोड़ी और कानूनी लड़ाई जारी रखी।
आखिरकार न्यायालय की सख्ती के आगे बीमा कंपनी को झुकना पड़ा। ब्रांच मैनेजर के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी होने का आदेश आते ही नेशनल इंश्योरेंस कंपनी ने 53.03 लाख रुपये जमा कर दिए।
गुरुवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश पवन कुमार पांडेय के न्यायालय में 22 वर्षीय दिवंगत आर्मी जवान मनीष कुमार चौधरी की मां मीरा देवी को मुआवजे का चेक सौंपा गया।
2015 में सड़क हादसे ने छीन लिया था बेटा
दरभंगा जिले के सकतपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर निवासी विष्णुकांत चौधरी के 22 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार चौधरी सेना में जवान थे। 22 जनवरी 2015 को सकरी कट के समीप एनएच-27 पर सड़क दुर्घटना में उनकी मौत हो गई थी। जवान की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इसके बाद स्वजन ने मुआवजे के लिए जिला न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।
40 लाख का किया था दावा
मृतक के स्वजन ने न्यायालय में 40 लाख रुपये मुआवजे का दावा किया था। इस पर 15 फरवरी 2021 को न्यायालय ने 37,81,920 रुपये छह प्रतिशत ब्याज के साथ भुगतान करने का आदेश दिया। हालांकि, आदेश के बावजूद बीमा कंपनी ने मुआवजे की राशि का भुगतान नहीं किया।
बैंक खाता फ्रीज हुआ, फिर भी नहीं मिला पैसा
न्यायालय के आदेश के बाद भी भुगतान नहीं होने पर निष्पादन वाद दायर किया गया। बीमा कंपनी के बैंक खाते को फ्रीज करने की कार्रवाई भी हुई, लेकिन इसके बावजूद पीड़ित परिवार को मुआवजे की राशि नहीं मिल सकी। कंपनी लगातार भुगतान में टालमटोल करती रही।
गिरफ्तारी वारंट के आदेश से झुकी कंपनी
लगातार देरी और आदेश की अवहेलना पर न्यायालय ने 18 नवंबर 2026 को नेशनल इंश्योरेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने का आदेश दिया। इसके बाद कार्रवाई के दबाव में कंपनी ने 25 नवंबर को 53,03,740.75 रुपये का चेक न्यायालय में जमा किया। गुरुवार को यह चेक मृतक जवान की मां मीरा देवी को सौंप दिया गया।
पीड़ित परिवारों के लिए बनी मिसाल
वरीय अधिवक्ता मदन मोहन यादव ने कहा कि पीड़ित परिवारों को न्याय पाने के लिए धैर्य के साथ कानूनी लड़ाई लड़नी चाहिए। यह मामला बीमा कंपनी की जवाबदेही सुनिश्चित कराने की एक अहम मिसाल है। 11 साल के लंबे इंतजार के बाद मिली यह राशि परिवार के लिए न्यायालय के संघर्षपूर्ण प्रयासों का परिणाम है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।