दरभंगा में बज रहा देशद्रोही गाना 4 घंटे में हटवाया, साइबर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
Darbhanga Cyber Police : गृह मंत्रालय का 'सहयोग' पोर्टल दरभंगा में साइबर अपराध रोकने में प्रभावी साबित हो रहा है। इसने महिलाओं और बच्चों के खिलाफ आपत्तिजनक ऑनलाइन सामग्री, फर्जी प्रोफाइल और उत्पीड़न की 85 शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की है।

साइबर थानाध्यक्ष सह डीएसपी बिपिन बिहारी व साइबर थाना भवन। जागरण
राहुल कुमार गुप्ता, दरभंगा। Social Media Content Removal : साइबर अपराध पर लगाम लगाने में गृह मंत्रालय की ओर से विकसित ‘सहयोग’ पोर्टल कारगर साबित हो रहा है। इसके माध्यम से महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध आपत्तिजनक आनलाइन सामग्री, अश्लील फोटो-वीडियो, फर्जी प्रोफाइल और साइबर उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
कानून प्रवर्तन एजेंसियां सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत संबंधित इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म को टेकडाउन नोटिस भेजकर आपत्तिजनक सामग्री हटवाती हैं।
दरभंगा जिले में अब तक इस पोर्टल के माध्यम से साइबर थाने में कुल 110 शिकायतें दर्ज की गई हैं। इनमें 85 शिकायतों पर कार्रवाई पूरी कर ली गई है, जबकि 25 मामले अनुसंधान के अधीन हैं। वहीं, महिला थाने में अब तक इस पोर्टल पर एक भी शिकायत दर्ज नहीं हुई है।
72 घंटे में हटाई जाती है आपत्तिजनक सामग्री
सहयोग पोर्टल पर शिकायत मिलने के बाद संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफार्म को टेकडाउन नोटिस भेजने के बाद सामान्य तौर पर 72 घंटे के अंदर आपत्तिजनक सामग्री हटा दी जाती है।
हालांकि, कभी-कभी पहचान और आईडी सत्यापन में देरी होने पर इसमें सात दिन तक का समय लग जाता है। पोर्टल पर पीड़ित की पहचान गोपनीय रखने की व्यवस्था है। शिकायतकर्ता अपनी पहचान उजागर करने या गोपनीय रखने का विकल्प चुन सकते हैं। साथ ही उन्हें शिकायत पर हुई कार्रवाई की प्रगति की जानकारी भी दी जाती है।
पांच पुलिसकर्मियों को मिला प्रशिक्षण
पोर्टल के प्रभावी इस्तेमाल के लिए साइबर थाने में पुलिस उपाधीक्षक बिपिन बिहारी और दो इंस्पेक्टर सहित महिला थाने की थानाध्यक्ष पुष्पलता कुमारी और अपर थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी को प्रशिक्षण दिया गया है। दोनों थानों के पुलिसकर्मी भी इसके माध्यम से कार्रवाई कर रहे हैं।
साइबर थानाध्यक्ष ने बताया कि सहयोग पोर्टल साइबर अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध आपत्तिजनक सामग्री, फर्जी प्रोफाइल और साइबर उत्पीड़न के मामलों में त्वरित कार्रवाई संभव हुई है। लोगों को इसके प्रति जागरूक करने की जरूरत है, ताकि अधिक से अधिक पीड़ित इसका लाभ उठा सकें।
इन मामलों में हुई त्वरित कार्रवाई
- कमतौल : एक युवती की तस्वीर का इस्तेमाल कर फर्जी इंस्टाग्राम प्रोफाइल बनाया गया था। उस पर युवती की अश्लील एडिटेड तस्वीरें लगाकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही थीं। शिकायत पर मेटा को टेकडाउन नोटिस भेजा गया। 48 घंटे में फर्जी प्रोफाइल और तस्वीरें हटा दी गईं।
- दरभंगा टावर : ऊंची आवाज वाली बाजा पर बज रहे देशद्रोही गानों को इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट किए जाने की शिकायत मिली। साइबर थाने की पुलिस ने महज चार घंटे में संबंधित सामग्री हटवा दी।
- केवटी : एक छात्रा की सामान्य तस्वीर को एडिट कर अश्लील बनाया गया और यूट्यूब पर अपलोड कर दिया गया। स्वजन की शिकायत पर यूट्यूब को नोटिस भेजा गया। सत्यापन के बाद तीन दिनों में वीडियो हटा दिया गया।
- बिरौल : एक महिला की फेसबुक प्रोफाइल से तस्वीर चुराकर अश्लील कैप्शन के साथ पोस्ट कर दी गई थी। शिकायत के बाद फेसबुक को नोटिस भेजा गया। 24 घंटे में पोस्ट और पेज दोनों हटा दिए गए।
- बहेड़ी : एक नाबालिग बच्चे से जुड़ा आपत्तिजनक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा था। शिकायत मिलते ही संबंधित प्लेटफार्म को नोटिस भेजा गया। 36 घंटे में वीडियो हटवा दिया गया। इसके साथ ही वीडियो साझा करने वालों की पहचान के लिए जांच शुरू की गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।