Madhubani News: दीपावली-छठ पर घर लौट रहा था परिवार, रास्ते में उसी बस के नीचे गिरकर 5 साल के मासूम की मौत
मधुबनी के बसैठ हाई स्कूल के पास एक बस से गिरने के बाद उसके पिछले पहिये के नीचे आने से ...और पढ़ें

मधुबनी जिले के बेनीपट्टी में घटना स्थल पर जुटी स्थानीय लोगों की भीड़। जागरण
HighLights
मासूम काशीनाथ की बस से गिरकर मौत।
दीपावली-छठ पर घर लौटते समय हुआ हादसा।
बसैठ हाई स्कूल के पास हुई दर्दनाक घटना।
संवाद सहयोगी, बेनीपट्टी (मधुबनी)। दीपावली और छठ महापर्व पर परिवार के साथ गांव लौट रहे पांच वर्षीय मासूम को क्या पता था कि जिस बस से वह अपनों के बीच पहुंचने वाला है, वही उसकी जिंदगी छीन लेगी।
बसैठ हाई स्कूल के समीप अचानक ब्रेक लगने से वह बस के गेट से नीचे गिर पड़ा। इससे पहले कि परिवार के लोग कुछ समझ पाते, बस का पिछला पहिया उसे कुचलते हुए निकल गया। हादसे में मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया।
जयपुर से गांव लौट रहा था परिवार
मृतक की पहचान मधवापुर थाना क्षेत्र के त्रिमुहान गांव निवासी राहुल ठाकुर के पांच वर्षीय पुत्र काशीनाथ के रूप में हुई है। राहुल ठाकुर जयपुर में मजदूरी करते हैं। दीपावली और छठ महापर्व पर वह परिवार के साथ राजलक्ष्मी बस से अपने गांव लौट रहे थे। परिवार को बसैठ से आगे त्रिमुहान चौक पर उतरना था।
अचानक ब्रेक लगा और गेट से नीचे गिरा मासूम
बताया गया कि त्रिमुहान चौक पर उतरने के लिए परिवार के सदस्य बस के गेट के पास आ गए थे। इसी दौरान बसैठ हाई स्कूल के समीप चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे पांच वर्षीय काशीनाथ संतुलन खो बैठा और बस के गेट से नीचे सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान वह बस के पिछले पहिये की चपेट में आ गया। पहिये से सिर कुचलने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक फरार, लोगों ने रोकी बस
घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने बस को कुछ दूर आगे रोक लिया। हादसे से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया। इससे आवागमन बाधित हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने में जुट गई।
त्योहार की खुशियां मातम में बदलीं
दीपावली और छठ पर परिवार के साथ घर लौट रहे मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में त्योहार की तैयारियां होनी थीं, वहां अब मातम पसरा है। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। अपर थानाध्यक्ष संजय कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।