विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के मखाना बीज से UP के खेतों में आएगी बहार, किसानों को मिलेगा खेती का नया विकल्प

Published: Mon, 23 Nov 2026 03:40 PM (IST)

बिहार के उन्नत मखाना बीज 'स्वर्ण वैदेही' अब वाराणसी के खेतों में लहलहाएंगे, जिससे वहां के किसानों को आधुनिक खेती सीखने का अवसर मिलेगा। इस पहल से मखाना उत्पादन और गुणवत्ता में सुधार होगा।

Makhana Development Scheme : इसमें मखाने की खेती का प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

Makhana Development Scheme : इसमें मखाने की खेती का प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. बिहार के उन्नत 'स्वर्ण वैदेही' मखाना बीज वाराणसी भेजे गए।

  2. वैज्ञानिक खेती और उत्पादन बढ़ाने के लिए यह पहल की गई।

  3. किसान आधुनिक तकनीक सीखकर अपनी आय में वृद्धि करेंगे।

जागरण संवाददाता, मधुबनी। बिहार के मखाना की खुशबू और इसकी खेती की तकनीक अब दूसरे राज्यों के खेतों तक पहुंच रही है। बिहार में विकसित उन्नत मखाना प्रजाति 'स्वर्ण वैदेही' के बीज अब वाराणसी की धरती पर भी लहलहाएंगे।

झंझारपुर स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र ने उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देने के लिए 450 किलो उन्नत मखाना बीज भेजे हैं। इससे वहां के किसानों को मखाना की आधुनिक खेती सीखने और उत्पादन व गुणवत्ता बढ़ाने का अवसर मिलेगा।

वाराणसी भेजे गए 450 किलो स्वर्ण वैदेही बीज

डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा, समस्तीपुर के क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र (आरआरएस), झंझारपुर की ओर से मखाना विकास योजना 2026-27 के तहत यह पहल की गई है।

केंद्र के तकनीकी पदाधिकारी एवं सूचना पदाधिकारी आशीष राय ने बताया कि वाराणसी भेजे गए सभी 450 किलोग्राम बीज उन्नत प्रजाति स्वर्ण वैदेही के हैं। इन्हें जिला उद्यान पदाधिकारी, वाराणसी को उपलब्ध कराया गया है।

खेतों में होगा अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन

इन बीजों के जरिए वाराणसी जिले में अग्रिम पंक्ति प्रदर्शन कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। इसके तहत किसानों को खेतों में ही उन्नत प्रजाति की खेती, वैज्ञानिक उत्पादन तकनीक, फसल प्रबंधन और गुणवत्तायुक्त बीज के उपयोग की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। किसान नई तकनीकों को अपनाकर मखाना की खेती को अधिक प्रभावी और लाभकारी बना सकेंगे।

उत्पादन और किसानों की आय बढ़ाने पर जोर

इस पहल का उद्देश्य मखाना की परंपरागत खेती को आधुनिक एवं व्यावसायिक स्वरूप देना है। उन्नत बीज और वैज्ञानिक तकनीक के इस्तेमाल से उत्पादन व गुणवत्ता में सुधार होने के साथ किसानों की आय बढ़ने की संभावनाएं भी मजबूत होंगी। साथ ही कृषि विविधीकरण को प्रोत्साहन मिलेगा और दूसरे क्षेत्रों में मखाना की खेती का विस्तार हो सकेगा।

मखाना अनुसंधान में जुटा झंझारपुर केंद्र

झंझारपुर अनुसंधान केंद्र मखाना की उन्नत प्रजातियों के बीज उत्पादन, वैज्ञानिक खेती, प्रसंस्करण और तकनीकी प्रसार के क्षेत्र में लगातार काम कर रहा है। इस अवसर पर प्रभारी पदाधिकारी डा. संजय कुमार, डा. एसके मंडल, धीरेंद्र कुमार, आशीष राय, सतीश कुमार, सुबोध कुमार एवं जितेंद्र झा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें- बिहार में मत्स्य पालकों को कोऑपरेटिव से जोड़ने की तैयारी, महिलाओं और युवाओं को मिलेगा रोजगार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।