बिहार पंचायत चुनाव में देरी के संकेत, दिसंबर-जनवरी में पूरा होगा मुखिया का कार्यकाल
Bihar Panchayat Election : पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने बेनीपट्टी में पंचायत चुनाव में देरी के संकेत दिए, बताया कि परिसीमन के बाद ही चुनाव होंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मुखिया सहित प्रतिनिधियों का कार्यकाल दिसंबर-जनवरी में समाप्त होगा।

बेनीपट्टी में मिथिला विभूति स्मृति पर्व समारोह में पहुंचे मंत्री दीपक प्रकाश महाकवि विद्यापति की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते। जागरण
HighLights
मंत्री दीपक प्रकाश ने पंचायत चुनाव में देरी के संकेत दिए।
परिसीमन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही चुनाव संभव होंगे।
मुखिया सहित प्रतिनिधियों का कार्यकाल दिसंबर-जनवरी में होगा पूरा।
संवाद सहयोगी, बेनीपट्टी (मधुबनी)। बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश सोमवार को बेनीपट्टी पहुंचे। मिथिलांचल सर्वांगीण विकास संस्थान की ओर से आयोजित 42वें मिथिला विभूति स्मृति पर्व समारोह में वह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समारोह के उद्घाटन सत्र से पहले उन्होंने विद्यापति टावर पर माल्यार्पण कर महाकवि विद्यापति को श्रद्धांजलि दी। मीडिया से बातचीत में उन्होंने मैथिली संस्कृति, पंचायत चुनाव, परिसीमन और पार्टी की स्थिति पर बात की।
मंत्री ने कहा कि महाकवि विद्यापति को याद करने के लिए समारोह आयोजित होना सौभाग्य की बात है। विद्यापति के माध्यम से लोग मैथिली संस्कृति को जानते और समझते हैं। देश-दुनिया में, खासकर युवा पीढ़ी के बीच, मैथिली संस्कृति को पहचान दिलाने में उनका बड़ा योगदान है।
परिसीमन के बाद होंगे पंचायत चुनाव
पंचायत चुनाव और परिसीमन के बारे में मंत्री ने कहा कि परिसीमन का काम निर्वाचन आयोग करा रहा है। इसके पूरा होने के बाद ही चुनाव होंगे।
चुनाव की टाइमलाइन तय करना विभाग के लिए संभव नहीं है, क्योंकि प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के स्तर पर चल रही है। आयोग ही समयसीमा स्पष्ट करेगा।
पंचायत प्रतिनिधियों के पांच वर्षीय कार्यकाल के बारे में पूछे जाने पर दीपक प्रकाश ने कहा कि मुखिया सहित प्रतिनिधियों का कार्यकाल दिसंबर-जनवरी में पूरा होगा।
उन्होंने चुनाव में थोड़ी देरी की संभावना जताई, लेकिन कहा कि निर्वाचन आयोग प्रक्रिया में जुटा है। विभाग परिसीमन और चुनाव के लिए आवश्यक सहयोग दे रहा है तथा प्रक्रिया जल्द पूरी करने का प्रयास किया जा रहा है।
पार्टी में नाराजगी की खबरों को नकारा
पार्टी में कुछ विधायकों की नाराजगी की खबरों पर मंत्री ने कहा कि पार्टी में सबकुछ ठीक है और सभी लोग अपने नेता के नेतृत्व में मजबूती से काम कर रहे हैं। उन्होंने नाराजगी की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व के साथ मजबूती से चल रही है।
मधुबनी जिले में पार्टी की स्थिति और रणनीति पर उन्होंने कहा कि सभी सीटों पर पार्टी को मजबूत करना लक्ष्य है। गठबंधन के सभी दल मजबूत होंगे, तभी गठबंधन भी मजबूत होगा। इस दिशा में काम किया जा रहा है।
बेनीपट्टी आगमन पर संसारी पोखर स्थित विद्यापति टावर के पास मंत्री का स्वागत किया गया। संस्थान के पदाधिकारियों और पार्टी नेताओं ने उन्हें सम्मानित किया। इसके बाद वह पूर्व सरपंच पवन झा के आवास पर सामान्य बैठक में पहुंचे और लोगों से मिले।
बेनीपट्टी के प्रखंड विकास पदाधिकारी महेश्वर पंडित, मधवापुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार मुरमू, बिस्फी के प्रखंड विकास पदाधिकारी बसंत कुमार सिंह, बेनीपट्टी नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी गौतम आनंद और बीपीआरओ मधुकर कुमार भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के लिए प्रशासन ने व्यवस्था की थी और विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। समारोह के तीसरे दिन मिथिला के प्रसिद्ध गायक-गायिकाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव बीरबल पंजीयार, जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार कामत सहित जिले और प्रखंडों के नेता कार्यक्रम में सक्रिय रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।