विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फरार ASI चंद्रमोहन सिंह हत्या मामला: अज्ञात पर FIR दर्ज; SSP ने गठित की SIT, अब होगी DNA और बैलिस्टिक जांच

Published: Sat, 14 Nov 2026 12:32 PM (IST)

एएसआई चंद्रमोहन सिंह, जो एक गोलीबारी घटना के बाद फरार थे, का सड़ा-गला शव बलिराजगढ़ में मिला, जिसके बाद परिवार ने पहचान से इनकार कर दिया।

HighLights

  1. फरार एएसआई चंद्रमोहन सिंह का सड़ा-गला शव मिला।

  2. परिवार ने शव की पहचान करने से स्पष्ट इनकार किया।

  3. पोस्टमार्टम में पिटाई से मौत का संकेत, हत्या का केस दर्ज।

जागरण संवाददाता, मधुबनी। दो नवंबर की रात बाबूबरही के बलिराजगढ़ में पिकेट प्रभारी एएसआई चंद्रमोहन सिंह द्वारा हुई गोलीबारी में अशोक यादव की मौत और तीन लोगों के घायल होने के बाद फरार चंद्रमोहन की तलाश 12 टीमें कर रही थीं।

मगर बुधवार 12 नवम्बर को उसी बलिराजगढ़ में एक व्यक्ति का शव सड़ी गली हालत में मिला। जिसके बाद चंद्रमोहन सिंह से जुड़े सारे कागजात आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, सर्विस रिवॉल्वर, लैपटॉप, बैग, कपड़े मिले।

एसएसपी ने साफ कहा कि शव चंद्रमोहन सिंह का है। मामले में नया मोड़ यह आ गया है कि परिवार वाले पहचान के लिए आने को तैयार नहीं हैं।

शव को सीजेएम की कोर्ट से अनुमति लेकर पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा भेजा गया। मगर परिवार वाले नहीं पहुंचे। सूत्रों के अनुसार डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम कर दिया है। इस मामले को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने प्रेस वार्ता की है।

शव बोरे में मिलने की खबर भ्रामक, एसआईटी गठित

बाबूबरही में 12 नवंबर को बरामद शव बोरे में बंद नहीं, बल्कि खुले मैदान में झाड़ी के पास खुली अवस्था में मिला था। उक्त जानकारी शनिवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित बोरे में शव मिलने की खबर को भ्रामक बताया है।

उन्होंने बताया कि उक्त मामले में अज्ञात के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर एसडीपीओ सदर-2 (खजौली) के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई है।

मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तीन चिकित्सकों के मेडिकल बोर्ड ने वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। एफएसएल जांच के साथ शव के नीचे से बरामद सर्विस पिस्टल की बैलिस्टिक जांच और मृतक की पहचान के लिए डीएनए जांच भी कराई जाएगी।

पुलिस ने भ्रामक खबर फैलाने वालों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध बीएनएस और आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की बात कही है।

नहीं पहुंचे परिवार वाले

सूत्रों के अनुसार पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर कह रहे हैं कि जिसका शव मिला है उसकी मौत पिटाई से हुई है। गोली नहीं लगी है। वहीं, पुलिस ने पहले कहा था कि सिर पर गोली लगी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार बाबूबरही थाना में पहले यूडी केस दर्ज किया जा रहा था। मगर पोस्टमार्टम में पिटाई की बात की जानकारी होने पर ही अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी एसआई इंदरजीत कुमार के बयान पर किया गया है।

बाबूबरही थानाध्यक्ष राहुल कुमार के अनुसार सुबह 10 बजे तक परिवार से कोई नहीं आया था। मधुबनी पुलिस और बक्सर पुलिस चंद्रमोहन के घर गई है। परिवार के सदस्य को लाने के लिए या लिखित सहमति देने के लिए।

यह भी पढ़ें- मधुबनी में मिले सड़े-गले शव का DMCH में हुआ विशेष पोस्टमार्टम, अब DNA टेस्ट से होगी ASI चंद्रमोहन सिंह की पहचान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।