मधुबनी में मिले सड़े-गले शव का DMCH में हुआ विशेष पोस्टमार्टम, अब DNA टेस्ट से होगी ASI चंद्रमोहन सिंह की पहचान
मधुबनी के बाबूबरही थाना क्षेत्र में राजा बलिराजगढ़ किला के पास मिले सड़े-गले शव का डीएमसीएच में विशेष पोस्टमार्टम कराया गया।

पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम। (जागरण)
HighLights
मधुबनी में सड़े-गले शव का डीएमसीएच में विशेष पोस्टमार्टम।
शव सहायक दारोगा चंद्रमोहन सिंह का होने का संदेह।
स्वजन नहीं पहुंचे, अब डीएनए जांच की तैयारी में पुलिस।
संवाद सहयोगी, दरभंगा। मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र स्थित राजा बलिराजगढ़ किला के पास झाड़ी से बरामदसड़े-गले शव का शुक्रवार देर शाम डीएमसीएच में विशेष पोस्टमार्टम कराया गया।
मधुबनी के न्यायिक दंडाधिकारी के आदेश पर बाबूबरही थानाध्यक्ष राहुल कुमार शव लेकर डीएमसीएच पहुंचे थे। शव की स्थिति काफी खराब होने के कारण उसकी सामान्य तरीके से पहचान करना भी मुश्किल हो रहा था।
आंखों और बालों की स्थिति भी काफी खराब हो चुकी थी। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू करने से पहले सहायक दारोगा चंद्रमोहन सिंह के स्वजन के पहुंचने का इंतजार किया गया।
रात नौ बजे तक स्वजन से संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया जाता रहा, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद नियमानुसार तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड गठित कर विशेष पोस्टमार्टम कराया गया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई, ताकि पोस्टमार्टम से जुड़े सभी आवश्यक तथ्यों और साक्ष्यों का रिकार्ड सुरक्षित रखा जा सके।
घर में घुसने का आरोप
बताया जाता है कि बक्सर जिले के डुमरांव थाना क्षेत्र के चिलहरी गांव निवासी रविंद्र राय के पुत्र चंद्रमोहन सिंह (42) बाबूबरही थाने में सहायक दारोगा के पद पर पदस्थापित थे। उनकी तैनाती बलिराजगढ़ पुलिस पिकेट पर थी।
इस बीच दो नवंबर की रात चंद्रमोहन सिंह पर एक घर में घुसने का आरोप लगा था। ग्रामीणों द्वारा घेर लिए जाने पर की गई फायरिंग में एक ग्रामीण की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य घायल हो गए थे। इस घटना के बाद से ही चंद्रमोहन सिंह की तलाश की जा रही थी।
शव की नहीं हुई पुष्टि
12 नवंबर को उनका शव बलिराजगढ़ किले के समीप झाड़ी से बरामद किया गया था। घटनास्थल से उनकी सरकारी पिस्टल के अलावा बैग में रखा लैपटॉप, पैन कार्ड, आधार कार्ड और कुछ कपड़े भी मिले थे।
हालांकि, बरामद शव चंद्रमोहन सिंह का ही है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस फिलहाल उपलब्ध परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
स्वजन के नहीं पहुंचने के कारण अब पुलिस डीएनए जांच कराने की तैयारी में जुटी है, ताकि शव की पहचान सुनिश्चित की जा सके। थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि स्वजन के देर रात तक नहीं पहुंचने की स्थिति में शव को मधुबनी ले जाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।