मधुबनी में परिवार नियोजन को रफ्तार: 4500 आशा कार्यकर्ता घर-घर पहुंचाएंगी फ्री गर्भनिरोधक सामग्री
मधुबनी में परिवार नियोजन कार्यक्रम को गति देने के लिए 4500 आशा कार्यकर्ता घर-घर मुफ्त गर्भनिरोधक सामग्री पहुंचाएंगी।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
4500 आशा कार्यकर्ता घर-घर मुफ्त गर्भनिरोधक सामग्री पहुंचाएंगी।
प्रत्येक आशा कार्यकर्ता 1000 लोगों तक गर्भनिरोधक सेवाएं पहुंचाएंगी।
राज्य स्वास्थ्य समिति ने आपूर्ति और खपत की नियमित निगरानी का निर्देश दिया।
जागरण संवाददाता, मधुबनी। जिले भर की करीब 4500 आशा को प्रतिमाह गर्भनिरोधकों की होम डिलीवरी (एचडीसी) योजना के तहत करेगी।
प्रत्येक आशा कार्यकर्ता औसतन 1000 की आबादी कवर करेंगी। प्रत्येक माह निर्धारित मात्रा में गर्भनिरोधक सामग्री उपलब्ध कराने का प्रावधान है।
इसके तहत प्रत्येक माह 150 पीस यानी 30 पैकेट कण्डोम (निरोध), 10 पैक माला-एन, 10 पैक छाया, 10 पैक इजी तथा 10 पीस निश्चय गर्भ जांच किट की आपूर्ति की जानी है।
राज्य स्वास्थ्य समिति ने निर्देश दिया है कि गर्भनिरोधक सामग्रियों की उपलब्धता, मांग, आपूर्ति एवं खपत की नियमित निगरानी की जाएगी ताकि परिवार नियोजन सेवाओं का लाभ इच्छुक दंपतियों तक आसानी से पहुंच सके।
राज्य स्वास्थ्य समिति ने केवल आपूर्ति ही नहीं, बल्कि गर्भनिरोधक सामग्रियों की खपत की भी नियमित ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। इसके लिए संबंधित वेब पोर्टल एप के माध्यम से सामग्री की खपत का रिकॉर्ड दर्ज किया जाएगा।
जिला अस्पताल से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक डीभीडीएमएस (एफपीएलएमआईएस) पोर्टल के माध्यम से तथा स्वास्थ्य उपकेंद्र एवं आशा कार्यकर्ताओं द्वारा जीपी-डीभीडीएमएस ऐप के माध्यम से गर्भनिरोधक सामग्रियों की मांग करने का निर्देश दिया गया है।
संबंधित जिला एवं प्रखंड भंडार को मांग और उपलब्धता के आधार पर समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करनी होगी।
राज्य स्वास्थ्य समिति ने जारी किया निर्देश
सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार ने बताया कि परिवार नियोजन कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार ने राज्य के सभी जिलों में स्वास्थ्य संस्थानों एवं आशा कार्यकर्ताओं तक गर्भनिरोधक सामग्रियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
इस संबंध में राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी, पीएनएचओ डॉ. सरिता ने सिविल सर्जन-सह-सदस्य सचिव, जिला स्वास्थ्य समिति को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
निर्देश में कहा गया है कि परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत स्थायी उपायों के साथ-साथ अस्थायी गर्भनिरोधक उपाय भी महत्वपूर्ण हैं।
जिला अस्पताल से लेकर स्वास्थ्य उपकेंद्र तक सभी स्वास्थ्य संस्थानों में गर्भनिरोधक सामग्रियों का निःशुल्क वितरण सुनिश्चित किया जाना है।
साथ ही आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से इच्छुक लाभार्थियों के घर-घर तक गर्भनिरोधक सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।
यह भी पढ़ें- बिहार में सरकारी रेट से 20 रुपये महंगी बिक रही प्याज, चीनी में 15 रुपये तक अंतर; फेस्टिव सीजन में रुला रहा बाजार
