‘गाम के अधिकारी छोटका भैया हो’ गीत से गूंज रहे गांव, मधेपुरा के कुमारखंड में सामा-चकेवा पर्व की धूम
मधेपुरा के कुमारखंड में छठ के बाद सामा-चकेवा पर्व की धूम है, जहाँ किशोरियाँ और महिलाएँ पारंपरिक मैथिली गीत गाते हुए मिट्टी की प्रतिमाओं के साथ भाई-बहन के अटूट स्नेह का जश्न मना रही हैं। यह पर्व कार्तिक पूर्णिमा पर प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ समाप्त होता है, जो लोकसंस्कृति और पारिवारिक मूल्यों को सहेजने का संदेश देता है।

मिट्टी से सामा-चकेवा बनाने में जुटी महिलाएं-युवतियां। जागरण
HighLights
कुमारखंड में सामा-चकेवा पर्व की धूम, छठ के बाद शुरू।
भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक, पारंपरिक गीत गूंज रहे।
कार्तिक पूर्णिमा पर प्रतिमाओं का विसर्जन, लोकसंस्कृति का संरक्षण।
संवाद सूत्र, कुमारखंड (मधेपुरा)। मिथिलांचल की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाज और भाई-बहन के अटूट स्नेह का प्रतीक सामा-चकेवा पर्व मधेपुरा जिले के कुमारखंड प्रखंड के गांवों में उत्सवी माहौल ला रहा है। छठ महापर्व के समापन के बाद शुरू हुए इस लोकपर्व की रौनक अब गांवों के टोले-मोहल्लों और गलियों में साफ दिखने लगी है।
शाम ढलते ही किशोरियों और महिलाओं की टोलियां बांस की टोकरी (चंगेरा) लेकर एकत्र होती हैं। चंगेरा में मिट्टी से बनी सामा, चकेवा, सतभैया, चुगला और वृंदावन की प्रतिमाएं सजाकर पारंपरिक मैथिली गीत गाए जाते हैं। ‘गाम के अधिकारी छोटका भैया हो’ और ‘हाथ दस-दस जोड़ी’ जैसे लोकगीतों से पूरा वातावरण लोकसंस्कृति के रंग में रंग गया है।
-1795491044173.webp)
इसरायण बेला, इसरायण कला, परमानंदपुर, बैसाढ़, मंगवारा, रामनगर महेश, पुरैनी, लक्ष्मीपुर भगवती, लक्ष्मीपुर चंडीस्थान, रहटा, बिशनपुर सुन्दर, बिशनपुर बाजार, बिशनपुर कोड़लाही, बेलारी, रानीपट्टी सुखासन, टेंगराहा परिहारी, टेंगराहा सिकियाहा, कुमारखंड और सिहपुर गढ़िया समेत विभिन्न पंचायतों में गीत गूंज रहे हैं। कई स्थानों पर बच्चियां अपनी मां, दादी और नानी के साथ टोली बनाकर परंपरागत गीतों का गायन कर रही हैं।
मिट्टी की प्रतिमाओं में जीवंत लोककथा और संदेश
सामा-चकेवा पर्व की प्रत्येक प्रतिमा का अपना विशिष्ट सांस्कृतिक महत्व है:
सामा और चकेवा: भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह के प्रतीक हैं।
सतभैया: पारिवारिक एकता और बहन की सुरक्षा का भाव दर्शाता है।
चुगला: चुगलखोरी, झूठ और ईर्ष्या जैसी सामाजिक बुराइयों का प्रतीक है। इसकी मूंछ जलाने की परंपरा बुराई पर अच्छाई और झूठ पर सच्चाई की जीत का संदेश देती है।
वृंदावन और पक्षियों की आकृतियां: प्रकृति, वनस्पति और लोकजीवन से गहरा जुड़ाव प्रकट करती हैं।
लोकमान्यता के अनुसार, सामा-चकेवा की पौराणिक कथा भगवान श्रीकृष्ण की पुत्री सामा और उनके भाई साम्ब से जुड़ी है। सामा पर झूठा आरोप लगने के कारण उन्हें पक्षी रूप में रहने का श्राप मिला था। बहन को इस श्राप से मुक्त कराने के लिए भाई साम्ब ने कठिन तपस्या की थी। उन्हीं के त्याग, समर्पण और प्रेम की स्मृति में यह पर्व श्रद्धा के साथ मनाया जाता है।
कार्तिक पूर्णिमा पर पूजा के बाद होगी विदाई
बहनें प्रतिदिन शाम को प्रतिमाओं के समक्ष सामूहिक गीत गाती हैं। पर्व के अंतिम दिन चूड़ा, दही, गुड़, मिठाई और नई फसल की बालियों से विधिवत पूजा की जाती है। इसके बाद भाई मिट्टी की प्रतिमाओं को तोड़ते हैं और महिलाएं भावुक विदाई गीत गाते हुए उन्हें नदी, तालाब या खेतों में विसर्जित करती हैं।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर पर्व के समापन को लेकर गांवों में विशेष उत्साह है। बुजुर्ग महिलाएं नई पीढ़ी को मैथिली लोकगीत, मिट्टी की प्रतिमाएं गढ़ने और पूजा-विसर्जन की परंपरा सिखा रही हैं। इस तरह सदियों पुरानी लोकपरंपरा को सहेजने के साथ यह पर्व भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम, विश्वास और सम्मान को और मजबूत कर रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।