मधेपुरा में दुल्हन की विदाई के बाद पड़ोसी ने चलाई गोली, एक बच्चे की मौत; दूसरा गंभीर
मधेपुरा के बिहारीगंज में एक शादी समारोह में सिरफिरे युवक की गोलीबारी से पांच वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, ...और पढ़ें

रोते- बिलखते स्वजन। सौ. ग्रामीण
HighLights
शादी समारोह में सिरफिरे युवक ने की गोलीबारी।
पांच वर्षीय बच्चे की मौत, छोटा भाई गंभीर घायल।
पुलिस नशेड़ी आरोपी की तलाश में जुटी हुई।
जागरण टीम, मधेपुरा। बिहारीगंज थाना क्षेत्र की जौतेली पंचायत अंतर्गत गुलाब टोला में एक शादी समारोह घर में सोमवार की रात गोली गोलीबारी की घटना से पूरा इलाका दहल गया।
पड़ोस के एक सिरफिरे युवक द्वारा की गई गोलीबारी में पांच वर्षीय एक बालक की मौत हो गई।वहीं उसका छोटा भाई बुरी तरह जख्मी हो गया है।
विदाई के वक्त चली गोली
जानकारी के अनुसार, जौतेली के गुलाब टोला में मु. बिजल की पुत्री की शादी थी। साली की शादी समारोह में पूर्णिया जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रौशनगंज निवासी मु. सोनाजीर अपने परिवार के साथ शादी समारोह में ससुराल आया था।
दुल्हन की विदाई के बाद सभी लोग घर में बैठे थे। इसी क्रम में जौतेली के गुलाब टोला निवासी शेख इस्लाम का पुत्र औरंगजेब देसी कट्टा लहराते हुए फायरिंग करने लगा।
इसी दौरान गोली पूर्णिया जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र निवासी मु. सोनाजीर के पांच वर्षीय पुत्र मु. सरफराज और उनके तीन वर्षीय पुत्र अली हसन को गोली लगने से बुरी तरह जख्मी हो गया।
एक की मौत, एक गंभीर
दोनों जख्मी बालक को तत्कालपीएचसी पुरैनी ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने दोनों की हालत गंभीर देखकर मधेपुरा अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में ही बालक मु. सरफराज की मौत हो गई।
वहीं अली हसन जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। जन नायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कालेज मधेपुरा के उपाधीक्षक डॉ. अंजनी कुमार के अनुसार एक बच्चे को गर्दन और दूसरे के पेट में गोली लगी थी।
एक मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था, दूसरे की भी हालत चिंताजनक है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
नशे का आदी है आरोपी
बताया जाता है कि आरोपित नशे का आदी है और उसने नशे की हालत में घटना को अंजाम दिया है। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।
सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष लवकुश कुमार ने बताया कि गोलीबारी के आरोपित युवक की तलाश में छापेमारी की जा रही है। जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज में मौजूद सिंहेश्वर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह के अनुसार शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया की जा रही है।