पटना से दरभंगा तक मधेपुरा के डगरा-कोनिया की धूम, 6 महीने की मेहनत से छठ की रौनक बढ़ा रहा मालपहाड़ी समाज
मधेपुरा के बिशनपुर सुंदर पंचायत में मालपहाड़ी समुदाय छठ महापर्व के लिए बांस के डगरा-कोनिया जैसे पारंपरिक उत्पाद बनाता है, जिनकी बिहार भर में भारी मांग रहती है।

छठ की रौनक बढ़ा रहा मालपहाड़ी समाज
HighLights
मधेपुरा के मालपहाड़ी समुदाय द्वारा बांस के उत्पाद बनाए जाते हैं।
छठ महापर्व में डगरा-कोनिया की विशेष मांग रहती है।
कारीगरों को सरकारी सहायता और बाजार की आवश्यकता है।
संवाद सूत्र, कुमारखंड (मधेपुरा)। छठ महापर्व की आस्था और परंपरा में बांस से बने डगरा-कोनिया का खास स्थान है। पर्व नजदीक आते ही इनकी मांग बढ़ जाती है। इसी के साथ प्रखंड के बिशनपुर सुंदर पंचायत के कई टोले कुटीर उद्योग के केंद्र बन जाते हैं।
पंचायत के पथराहा (वार्ड संख्या 11 एवं 12), इसराइन बेला के पहाड़ी टोला और बिशनपुर बाजार के वार्ड संख्या 13 स्थित पहाड़ी टोला में रहने वाले मालपहाड़ी समाज के परिवारों की आजीविका आज भी बांस की कारीगरी पर निर्भर है। पीढ़ियों से चली आ रही यह कला उनके लिए रोजगार के साथ सामाजिक पहचान भी है।
जिले से बाहर भी इन उत्पादों की मांग
कारीगर बांस की पतली पट्टियां तैयार कर डगरा, कोनिया, सूप और टोकरी समेत कई घरेलू व धार्मिक उपयोग की वस्तुएं बनाते हैं। छठ में अर्घ्य के लिए फल, प्रसाद और पूजा सामग्री रखने तथा सजाने में डगरा-कोनिया का विशेष महत्व है।
पर्व के करीब आते ही इनकी बिक्री तेज हो जाती है। मधेपुरा के स्थानीय बाजारों के अलावा जिले से बाहर भी इन उत्पादों की मांग रहती है।
मजबूती और प्राकृतिक बनावट इन्हें बनाती है खास
दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया और पटना समेत बिहार के कई शहरों और बाजारों तक यहां बने बांस के सामान पहुंचते हैं। छठ के दौरान दूसरे जिलों के व्यापारी भी इनकी खरीदारी करते हैं। इन वस्तुओं की उपयोगिता, मजबूती और प्राकृतिक बनावट इन्हें खास बनाती है।
प्लास्टिक और अन्य आधुनिक विकल्पों के उपलब्ध होने के बावजूद पूजा-पर्व में बांस के सामान के प्रति लोगों का आकर्षण बना हुआ है।
छह महीने पहले शुरू होती है तैयारी
छठ के दौरान बढ़ने वाली मांग पूरी करने के लिए कारीगरों को कई महीने पहले से तैयारी करनी पड़ती है। करीब छह महीने पहले बांस की खरीद, कटाई, छिलाई और सफाई के साथ उसकी पतली पट्टियां बनाने का काम शुरू हो जाता है।
फिर पारंपरिक तकनीक से बुनाई कर अलग-अलग आकार के डगरा, कोनिया और सूप तैयार किए जाते हैं। इस काम में पुरुषों के साथ महिलाएं भी बराबर भागीदारी निभाती हैं। बच्चे और परिवार के अन्य सदस्य भी अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग करते हैं। इससे परिवार के कई सदस्यों को एक साथ रोजगार मिलता है।
अपनी पुश्तैनी कला को बचाए रखने में जुटे
कारीगरों के सामने चुनौतियां भी कम नहीं हैं। बांस की बढ़ती कीमत, कच्चे माल की उपलब्धता में कठिनाई, मेहनत के अनुरूप तैयार सामान का दाम नहीं मिलना और प्लास्टिक उत्पादों से प्रतिस्पर्धा उनकी परेशानी बढ़ा रही है। इसके बावजूद मालपहाड़ी समाज के लोग अपनी पुश्तैनी कला को बचाए रखने में जुटे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार आर्थिक सहायता, कच्चे माल की बेहतर उपलब्धता, आधुनिक प्रशिक्षण और बाजार की व्यवस्था कर इस पारंपरिक कुटीर उद्योग को बढ़ावा दे सकती है। इससे परिवारों की आमदनी बढ़ेगी और बांस की कारीगरी को अगली पीढ़ी तक सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।