विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मधेपुरा में रफ्तार का कहर : SH-58 और मानिकपुर ओवरब्रिज पर दो भीषण रोड एक्सीडेंट, 3 भाइयों समेत 4 की मौत; 13 घायल

Published: Wed, 11 Nov 2026 12:54 AM (IST)

Madhepura Two Road Accidents Four Deaths 13 Injured: मधेपुरा जिले में मंगलवार देर शाम दो भीषण सड़क हादसों में चार ...और पढ़ें

Madhepura Two Road Accidents Four Deaths 13 Injured:

Madhepura Two Road Accidents Four Deaths 13 Injured: 

HighLights

  1. मधेपुरा में दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार की मौत।

  2. बिहारीगंज बायपास पर तीन चचेरे-फुफेरे भाइयों ने गंवाई जान।

  3. मानिकपुर ओवरब्रिज पर ऑटो-बाइक टक्कर में एक मरा, तेरह घायल।

जागरण टीम, मधेपुरा। Madhepura Two Road Accidents Four Deaths 13 Injured: मधेपुरा जिले के लिए मंगलवार की देर शाम और रात काल बनकर टूटी। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए भीषण सड़क हादसों में तीन चचेरे-फुफेरे भाइयों समेत कुल चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 13 अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पहला दिल दहला देने वाला हादसा बिहारीगंज थाना क्षेत्र के बायपास रोड (एसएच-58) पर हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को रौंद दिया।

वहीं, दूसरा बड़ा हादसा सदर प्रखंड अंतर्गत मानिकपुर ओवरब्रिज के समीप पेश आया, जहां एक सीएनजी ऑटो और दो बाइकों की सीधी टक्कर में एक व्यक्ति की जान चली गई और ऑटो सवार महिलाओं समेत 13 लोग बुरी तरह घायल हो गए। इन दोनों हादसों के बाद सदर अस्पताल से लेकर संबंधित इलाकों तक चीख-पुकार और कोहराम मचा हुआ है।

बिहारीगंज बायपास पर अज्ञात वाहन का कहर

बिहारीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बायपास रोड (एसएच-58) पर मंगलवार की रात करीब 8:45 बजे एक अज्ञात भारी वाहन ने एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस हृदयविदारक हादसे में बाइक पर सवार तीनों युवकों की जान चली गई।

Madhepura Road Accidents 4 Dead 13 Injured in Two Crashes (3)

मृतकों की पहचान बिहारीगंज प्रखंड की गमैल पंचायत अंतर्गत गोरपार (वार्ड संख्या-14) निवासी मो. सुल्तान के पुत्र मो. जमशेद, मो. सत्तार के पुत्र मो. खुशो तथा सहरसा जिले के सोनवर्षा राज थाना क्षेत्र स्थित देहद निवासी मो. मंसूर के पुत्र मो. आफताब के रूप में हुई है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, मो. जमशेद और मो. खुशो आपस में चचेरे भाई थे, जबकि सहरसा से आया मो. आफताब उनका फुफेरा भाई था।

मेला देखने जा रहे तीन भाइयों की मौत

जानकारी के मुताबिक, तीनों भाई रात का खाना खाने के बाद एक ही बाइक पर सवार होकर बिहारीगंज के समीप सरौनी कला गांव में आयोजित काली पूजा का मेला देखने जा रहे थे। इसी दौरान बायपास पर विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मो. जमशेद और मो. खुशो ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल तीसरे भाई मो. आफताब को पुलिस ने बिहारीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।

Madhepura Road Accidents 4 Dead 13 Injured in Two Crashes (4)

बिहारीगंज थानाध्यक्ष लव कुश कुमार ने बताया कि तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है और फरार अज्ञात वाहन की तलाश के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। एक ही कुनबे के तीन नौजवानों की मौत से गोरपार गांव में मातम पसरा है।

मानिकपुर ओवरब्रिज के पास ऑटो और दो बाइकों में टक्कर

दूसरी बड़ी दुर्घटना जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत भर्राही थाना क्षेत्र के मानिकपुर चौक ओवरब्रिज के समीप मंगलवार देर शाम घटी। यहां एक सीएनजी ऑटो और दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि ऑटो और बाइक सवार कुल 13 लोग घायल हो गए। घायलों में अधिकांश महिलाएं शामिल हैं।

एक की मौत, 13 घायल

मिली जानकारी के अनुसार, ऑटो पर सवार सभी श्रद्धालु सिंहेश्वर प्रखंड के रहने वाले हैं। वे सभी महादेवपुर घाट से पवित्र स्नान करने के बाद ऑटो रिजर्व कर वापस अपने घर सिंहेश्वर लौट रहे थे। इसी क्रम में मानिकपुर ओवरब्रिज के पास यह दुर्घटना हो गई।

सदर अस्पताल में उपचाराधीन घायल बाइक सवार प्रिंस कुमार (निवासी पुरैनी) ने बताया कि वह बाइक से मधेपुरा से पुरैनी की ओर जा रहा था। तभी सामने से आ रहे ऑटो ने उसकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी, जिससे वह दूर जा गिरा। इसके बाद अनियंत्रित हुआ ऑटो आगे चल रही एक अन्य बाइक से टकराते हुए पलट गया।

हादसे की सूचना मिलते ही भर्राही थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी 13 घायलों को आनन-फानन में मधेपुरा सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, रास्ते में ही एक गंभीर रूप से घायल अज्ञात व्यक्ति ने दम तोड़ दिया, जिसकी शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।

Madhepura Road Accidents 4 Dead 13 Injured in Two Crashes

तीन गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया

सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. सचिन कुमार ने बताया कि हादसे में घायल सभी 13 लोगों का प्राथमिक उपचार शुरू किया गया। इनमें से तीन घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर चिकित्सा के लिए तत्काल जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जेकेटीएमसीएच), मधेपुरा रेफर कर दिया गया है।

जैसे-जैसे घटना की सूचना परिजनों तक पहुंच रही है, अस्पताल परिसर में स्वजनों की भीड़ उमड़ रही है। पुलिस दोनों दुर्घटनाग्रस्त बाइकों और ऑटो को जब्त कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

यह भी पढ़ें- मधेपुरा के चौसा में देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग: खोपरिया चौक पर युवक के सिर में मारी गोली, अस्पताल पहुंचते ही मौत


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।