विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मधेपुरा में प्रिंस रंजन हत्याकांड: तीन अज्ञात पर केस दर्ज, हत्यारों का सुराग नहीं, पुलिस के हाथ अब भी खाली

Published: Sun, 18 Oct 2026 09:02 AM (IST)

मधेपुरा में दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने पीएचडी शोध छात्र प्रिंस रंजन की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना ...और पढ़ें

प्रिंस रंजन का फाइल फोटो।

प्रिंस रंजन का फाइल फोटो।

HighLights

  1. मधेपुरा में पीएचडी छात्र प्रिंस रंजन की गोली मारकर हत्या।

  2. छिनतई का विरोध करने पर बदमाशों ने मारी गोली।

  3. पुलिस ने दो अपराधियों की पहचान कर छापेमारी तेज की।

जागरण संवाददाता, मधेपुरा। मधेपुरा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत साहुगढ़ नहर के पास शुक्रवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने दुस्साहस का नंगा नाच दिखाया। बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने छिनतई के दौरान विरोध करने पर पीएचडी शोध छात्र प्रिंस रंजन (प्रिंस कुमार) की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी।

मृतक सदर विधायक सह पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. चंद्रशेखर के नजदीकी रिश्तेदार बताए जाते हैं। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे जिले में दहशत और भारी जनआक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया है।

मृतक छात्र के पिता सुनील कुमार के आवेदन के आधार पर सदर थाना में तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस घटना के वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने, टावर डेटा डंप के विश्लेषण और संदिग्धों की गिरफ्तारी में जुटी हुई है।

छात्र से पहले बैंक के दो कलेक्शन एजेंटों को बनाया था शिकार

पुलिस की पड़ताल और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय एक ही गिरोह के तीन बदमाशों ने साहुगढ़ नहर मार्ग पर सिलसिलेवार वारदात को अंजाम दिया।

प्रिंस रंजन को निशाना बनाने से ठीक पहले अपराधियों ने रास्ते में एक निजी बैंक के कलेक्शन एजेंट रंजीत कुमार और कुंदन कुमार को हथियार के बल पर रोका। बदमाशों ने डरा-धमकाकर दोनों का मोबाइल फोन, पहचान पत्र, एटीएम कार्ड, क्रेडिट कार्ड और बाइक की चाबी छीन ली।

बैग देखकर फाइनेंस कर्मी समझा, भागने पर मारी गोली

एजेंटों से लूटपाट के तुरंत बाद बदमाशों की नजर आगे से आ रहे पीएचडी छात्र प्रिंस रंजन पर पड़ी। प्रिंस के पास बैग टंगा देखकर अपराधियों ने उसे भी कोई फाइनेंस या बैंक कर्मी समझा और जबरन रोकने का प्रयास किया।

हालांकि, खतरे को भांपते हुए प्रिंस अपनी बाइक की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगा। इस पर आपा खोकर पीछे से बदमाशों ने गोली चला दी, जो सीधे उसके पंजरे में जा लगी।

गोली लगते ही प्रिंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे धान के खेत में जा गिरा। स्थानीय लोग व राहगीर तुरंत उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन अस्पताल पहुंचने के क्रम में रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

दो अपराधी चिन्हित, STF के साथ छापेमारी तेज

एक ही मार्ग पर दिनदहाड़े पहले बैंककर्मियों से लूटपाट और उसके बाद शोध छात्र की हत्या की घटना ने जिला पुलिस की गश्ती और सुरक्षा दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित कलेक्शन एजेंटों से पूछताछ की है तथा पूरे इलाके का टावर डंप डेटा खंगाला जा रहा है।

एसडीपीओ अजय कुमार ने बताया कि मामले में दो अपराधियों की पहचान कर ली गई है और एसटीएफ की विशेष टीम के सहयोग से संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है।

घटनाक्रम एवं मामले का संक्षिप्त विवरण 

विवरण घटना संबंधी प्रमुख तथ्य
घटनास्थल साहुगढ़ नहर के समीप (सदर थाना क्षेत्र, मधेपुरा)
मृतक छात्र प्रिंस रंजन (पीएचडी शोध छात्र, पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. चंद्रशेखर के रिश्तेदार)
पहली वारदात बैंक कलेक्शन एजेंट रंजीत व कुंदन से मोबाइल, कार्ड्स व बाइक की चाबी की लूट
दुष्कर्म/हत्या का कारण छात्र द्वारा बैग छीनने का विरोध करने और भागने पर पीछे से गोली मारना
पुलिस कार्रवाई 3 अज्ञात पर FIR, 2 अपराधियों की पहचान, STF व जिला पुलिस की छापेमारी जारी

यह भी पढ़ें- दिनदहाड़े लूट और हत्या से दहला मधेपुरा, शोध छात्र प्रिंस की गोली मारकर हत्या

यह भी पढ़ें- मौत के बाद भी जिंदा रहेंगी गरिमा और लीजा, मधेपुरा की दो बहनों ने लिया अंगदान का संकल्प, केबीसी से मिली प्रेरणा

"पीएचडी छात्र प्रिंस रंजन की हत्या में शामिल अपराधियों में से दो की पहचान कर ली गई है। गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ (STF) की टीम और जिला पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। घटना में शामिल सभी अपराधियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।"

-

— अजय कुमार, एसडीपीओ, मधेपुरा