विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मधेपुरा के PM श्री स्कूलों में भारी असंतुलन; कहीं 1 शिक्षक पर 149 विद्यार्थी तो कहीं सिर्फ 21, पदस्थापन पर उठे सवाल

Published: Mon, 09 Nov 2026 10:15 AM (IST)

Madhepura PM Shri Schools Teacher Student Ratio: मधेपुरा जिले के पीएम श्री स्कूलों में शिक्षक-छात्र अनुपात में भारी असंतुलन है, ...और पढ़ें

Madhepura PM Shri Schools Teacher Student Ratio: मधेपुरा के पीएम श्री स्कूलों में असंतुलन

Madhepura PM Shri Schools Teacher Student Ratio: मधेपुरा के पीएम श्री स्कूलों में असंतुलन

HighLights

  1. मधेपुरा के पीएम श्री स्कूलों में शिक्षक-छात्र अनुपात असंतुलित।

  2. कहीं एक शिक्षक पर 149 छात्र, कहीं केवल 21 छात्र।

  3. शिक्षा विभाग कर रहा शिक्षकों के पुनर्वितरण पर काम।

संवाद सहयोगी,  मधेपुरा। Madhepura PM Shri Schools Teacher Student Ratio:  जिले के प्रधानमंत्री स्कूल्स फॉर राइजिंग इंडिया (पीएम श्री) योजना के तहत चयनित आदर्श विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता और छात्रों के नामांकन के बीच एक बड़ा असंतुलन देखने को मिल रहा है।

कहीं एक शिक्षक पर 149 विद्यार्थियों को पढ़ाने का अत्यधिक बोझ है, तो कहीं एक शिक्षक के हिस्से में महज 21 विद्यार्थी आ रहे हैं। यह असमानता विद्यालयों में शिक्षकों के विवेकपूर्ण और शैक्षणिक जरूरतों के अनुरूप पदस्थापन पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

बिहार शिक्षा परियोजना परिषद में दर्ज आंकड़ों के मुताबिक, जिले के 21 पीएम श्री विद्यालयों में कुल 389 शिक्षक कार्यरत हैं, जबकि कक्षा छह से 12 तक लगभग 21,700 विद्यार्थी नामांकित हैं। इस आधार पर पूरे जिले में प्रति शिक्षक औसतन 56 विद्यार्थियों का अनुपात बनता है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्कूलवार यह वितरण बेहद असंतुलित है।

पांच स्कूलों में ही पढ़ रहे 38 प्रतिशत विद्यार्थी

आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि शिक्षकों पर सबसे ज्यादा दबाव पुरैनी प्रखंड के श्री बासुदेव उच्च विद्यालय में है। यहां महज 12 शिक्षकों के जिम्मे 1,792 विद्यार्थियों को पढ़ाने का दायित्व है। इस विद्यालय में अकेले कक्षा 11 में 449 और 12 में 528 विद्यार्थी हैं। यहां प्रत्येक शिक्षक पर औसतन 149 विद्यार्थियों का भार है।

इसी तरह मुरलीगंज के बीएल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 19 शिक्षकों पर 1,835 विद्यार्थी हैं। कुमारखंड के जवाहर उच्च विद्यालय, रामनगर बेला में 16 शिक्षकों के मुकाबले 1,520 विद्यार्थी नामांकित हैं, जहां कक्षा 6 से 8 में 742 छात्र हैं जो जिले के पीएम श्री स्कूलों में जूनियर स्तर पर सबसे बड़ी संख्या है।

आलमनगर के खापुर उच्च विद्यालय में 19 शिक्षकों पर 1,566 और शंकरपुर के कारी आनंद उच्च विद्यालय में 19 शिक्षकों पर 1,521 विद्यार्थी नामांकित हैं। इन पांच विद्यालयों में कुल मिलाकर 85 शिक्षक हैं (जो कुल शिक्षकों का 22% है), जबकि यहां 8,234 छात्र पढ़ रहे हैं, जो कुल विद्यार्थियों का लगभग 38 प्रतिशत है।

कहीं शिक्षकों की संख्या अधिक, नामांकन कम

इसके ठीक उलट, कुछ स्कूलों में शिक्षकों की संख्या के मुकाबले बच्चों का नामांकन काफी कम है। अनुग्रह उच्च विद्यालय, सुखासन चकला में 30 शिक्षक पदस्थापित हैं, जबकि विद्यार्थियों की कुल संख्या मात्र 628 है। यहां प्रति शिक्षक महज 21 छात्रों का अनुपात है।

सिंघेश्वर के हरावतराज उच्च विद्यालय में 20 शिक्षकों पर 554 विद्यार्थी (अनुपात 1:28), दुर्गा सर्वोदय उच्च विद्यालय, सुखासन मनहरा में 23 शिक्षकों पर 727 विद्यार्थी (अनुपात 1:32) और गम्हरिया के महंथ हरिहर उच्च विद्यालय, रानीपोखर में 19 शिक्षकों पर 637 विद्यार्थी (अनुपात 1:34) नामांकित हैं। इन चार विद्यालयों में कुल 92 शिक्षक पदस्थापित हैं।

12 विद्यालयों में प्रति शिक्षक 50 से अधिक विद्यार्थी

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, जिले के 21 पीएम श्री विद्यालयों में से 12 में प्रति शिक्षक 50 या उससे अधिक छात्र हैं। वहीं, 6 स्कूलों में यह संख्या 40 से भी कम है। देव नारायण उच्च विद्यालय में यह अनुपात 38, सरकारी दुर्गा उच्च विद्यालय घैलाढ़ में 39 तथा चौसा के जनता उच्च विद्यालय में 26 शिक्षकों पर 1,057 विद्यार्थी नामांकित हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि पीएम श्री योजना के तहत इन स्कूलों को आधुनिक शिक्षण संसाधनों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के आदर्श संस्थान के रूप में विकसित किया जाना है। ऐसे में नामांकन और विषयवार आवश्यकताओं का समुचित आकलन कर शिक्षकों का संतुलित पुनर्वितरण बेहद अनिवार्य है।

जिला शिक्षा पदाधिकारी के अनुसार, इस विसंगति को दूर करने और शिक्षकों के युक्तिसंगत पदस्थापन की दिशा में विभाग काम कर रहा है, ताकि सभी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण मिल सके।

यह भी पढ़ें- बीएनएमयू में 2 असिस्टेंट प्रोफेसरों की चयन अनुशंसा रद; नेट की जगह लगाया एनसीएल, समाजशास्त्र में डिग्री निकली अलग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।