'कब तक रहोगे पुरानी ऊर्जा के सहारे, सोलर अपनाओ': मधेपुरा में बिजली कंपनी के 14वें स्थापना दिवस पर ADM का बड़ा संदेश
NBPDCL 14th Foundation Day Madhepura: मधेपुरा में NBPDCL का 14वां स्थापना दिवस मनाया गया, जहाँ ADM अरुण कुमार सिंह ने ...और पढ़ें

NBPDCL 14th Foundation Day Madhepura: मधेपुरा में मना नॉर्थ बिहार पावर कंपनी का 14वां स्थापना दिवस
HighLights
NBPDCL का 14वां स्थापना दिवस मधेपुरा में गरिमामय माहौल में मनाया गया।
ADM ने सौर ऊर्जा अपनाने और पर्यावरण संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश दिया।
विभाग अब उपभोक्ताओं को लगभग 24 घंटे निर्बाध बिजली देने में सक्षम।
संवाद सहयोगी, मधेपुरा। NBPDCL 14th Foundation Day Madhepura: नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एनबीपीडीसीएल) का 14वां स्थापना दिवस रविवार की शाम विद्युत आपूर्ति प्रमंडल मधेपुरा के कार्यालय परिसर में गरिमामय माहौल में मनाया गया।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन अपर समाहर्ता (एडीएम) अरुण कुमार सिंह, विद्युत कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार तथा विद्युत आपूर्ति अंचल सहरसा के वरीय प्रबंधक (राजस्व) दीपक कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान अधिकारियों और विद्युत कर्मियों ने केक काटकर एक-दूसरे को स्थापना दिवस की बधाई दी।
नुक्कड़ नाटक से दिया सौर ऊर्जा अपनाने का संदेश
स्थापना दिवस समारोह में रंगकर्मी विकास कुमार के निर्देशन में 'सृजन दर्पण' के कलाकारों ने सौर ऊर्जा के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। साथ ही, पारंपरिक लोकगीतों पर आधारित मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति भी दी गई।
कलाकारों ने अपनी सशक्त प्रस्तुति के माध्यम से आम नागरिकों से अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने और प्रदूषण मुक्त स्वच्छ ऊर्जा को दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
"कब तक रहोगे पुराने ऊर्जा के सहारे, सोलर अपनाओ"
समारोह को संबोधित करते हुए एडीएम अरुण कुमार सिंह ने कहा कि छत पर सोलर पैनल लगाकर लोग न केवल स्वयं के लिए बिजली का उत्पादन कर सकते हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की वैश्विक मुहिम में भी अपना अमूल्य योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने मधेपुरा जिले में विद्युत विभाग के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अधिकारी और कर्मी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं, जिसकी बदौलत जिला प्रशासन भी विभाग की उपलब्धियों पर गर्व महसूस करता है।
एडीएम ने कहा, "शुरुआती दौर में हर घर तक बिजली का तार पहुंचाना विभाग के समक्ष एक बड़ी चुनौती थी। इसके बाद हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाने का लक्ष्य तय हुआ और अब समय की मांग है कि सौर ऊर्जा को व्यापक स्तर पर बढ़ावा दिया जाए।"
उन्होंने रेखांकित किया कि बिजली खरीद और व्यवस्था पर होने वाला खर्च राज्य सरकार के खजाने पर बड़ा वित्तीय भार है, जिसे सौर ऊर्जा को अपनाकर काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से सरकारी सब्सिडी का व्यापक प्रचार-प्रसार कर उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर लगाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
20 घंटे से बढ़कर अब 24 घंटे बिजली देने में सक्षम हुआ विभाग
विद्युत कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार ने विभाग की प्रगति रिपोर्ट साझा करते हुए कहा कि टीम भावना से काम करने के कारण मधेपुरा में उल्लेखनीय सुधार दर्ज हुआ है। उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने के साथ ही उनकी शिकायतों का त्वरित निपटारा किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पहले जिले में औसतन 20 घंटे ही आपूर्ति मिल पाती थी, जबकि अब विभाग उपभोक्ताओं को लगभग 24 घंटे निर्बाध बिजली देने में पूरी तरह सक्षम हो चुका है।
वहीं, सहरसा अंचल के वरीय प्रबंधक (राजस्व) दीपक कुमार ने बताया कि जिले में अधिकाधिक उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा से जोड़ने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, जिसके बेहद उत्साहजनक परिणाम मिल रहे हैं। कार्यक्रम के समापन सत्र में बेहतर कार्य करने वाले विभागीय अधिकारियों व तकनीकी कर्मियों को एडीएम अरुण कुमार सिंह व अन्य अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।